बांग्लादेश का चौथा 'शिकार', जिम्बाब्वे, पाक और भारत के बाद अब SA
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचकर इतिहास बनाने के बाद बांग्लादेश की टीम का ऐतिहासिक प्रदर्शन जारी है। क्रिकेट के महाकुंभ के बाद बांग्लादेश के दौरे पर आई पाकिस्तान की टीम को तीन मैचों की वनडे सीरीज और दो मैचों की टी-20 सीरीज में एक भी मैच जीतने नहीं दिया।
मेजबान बांग्लादेश ने चमत्कारिक खेल दिखाते हुए पाक को लगातार 5 मैचों में जीत हासिल करने का मौका ही नहीं दिया। बांग्ला टीम के विस्फोटक शुरुआत को देखते हुए बीसीसीआई ने बांग्लादेश दौरे के लिए अपनी सबसे मजबूत टीम इंडिया भेजी लेकिन बोर्ड की यह योजना उस समय फ्लॉप हो गई जब वनडे सीरीज के पहले दो मैच हारकर टीम इंडिया ने सीरीज गंवा दी। भारत पहली बार बांग्लादेश के हाथों कोई सीरीज हारा था।
बांग्लादेश ने अपनी धरती पर दो पूर्व वर्ल्ड चैंपियन टीम को हराया तो कहा गया कि अब इस टीम को अपने खेल के स्तर को और ऊंचा उठाए और दक्षिण अफ्रीका या ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत कही जाने वाली टीमों से भी सीरीज जीतने का कारनामा करे।
अब टीम इंडिया की इस पड़ोसी क्रिकेट टीम ने सफलता के अपने कारवां को आगे बढ़ाते हुए दक्षिण अफ्रीका को लगातार दो मैचों में हराकर पहली बार इस अफ्रीकी टीम से सीरीज जीत ली है। यही नहीं उसने पाक, भारत के बाद दक्षिण अफ्रीका को भी लगातार दो वनडे में हराने का कारनामा पहली बार किया है।
गेंदबाजों के कमाल ने दिलाई बांग्लादेश को मजबूती
तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मैच में जीत हासिल करने के बाद बांग्लादेश के पास अंतिम मैच में जीत हासिल कर लगातार चौथी सीरीज कब्जाने का बेहतर मौका था। हालांकि जब तीसरा मैच शुरू हुआ तो बारिश ने मैच में खलल डाल दिया, लेकिन बारिश बांग्लादेश की जीत के लक्ष्य को रोक नहीं सकी।
चिटगांव में बारिश से बाधित तीसरे मुकाबले में टॉस जीतकर दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। लेकिन उसकी शुरुआत बेहद खराब रही और 50 रन तक पहुंचते-पहुंचते अपने 4 विकेट गंवा दिए। आउट होने वाले बल्लेबाज रहे क्विंटन डी कॉक (7), फैफ डु प्लेसिस (6), कप्तान हाशिम अमला (15) और रोली रोसोउ (17)।
संकट में दिख रही अफ्रीकी टीम को उस समय राहत मिली जब 23वें ओवर में बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण खेल लंबे समय रुका रहा और बाद में जब खेल शुरू हुआ तो ओवरों की संख्या घटाकर 40-40 ओवर की कर दी गई। खेल फिर शुरू होने पर अफ्रीकी टीम को झटके लगते रहे जिस कारण वे 40 ओवर में 9 विकेट पर 168 रन ही बना सके। बांग्लादेश को अब सीरीज पर कब्जा जमाने के लिए लक्ष्य मिला 170 रनों का। अफ्रीकी टीम की ओर से जेपी डुमिनी ने सर्वाधिक 51 रन बनाए। उनके अलावा डेविड मिलर ने 44 रनों की पारी खेली।
बांग्लादेशी आलराउंडर शाकिब अल हसन ने 33 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि मुस्ताफिजुर रहमान और रुबेल हुसैन को दो-दो सफलता हासिल हुई।
दक्षिण अफ्रीका से पहले बांग्लादेश ने जिम्बाब्वे को 5-0 से, पाकिस्तान को 3-0 से और फिर भारत को 2-1 से हराया था।
SA को लगातार दूसरी बार 30 ओवर से पहले ही हराया बांग्ला टीम ने
दक्षिण अफ्रीका पर पहली बार वनडे सीरीज पर कब्जा जमाने के लिए बांग्लादेश के बल्लेबाजों को कमाल दिखाना था और उन्होंने यह कमाल कर दिखाया। तमिम इकबाल और सौम्य सरकार की ओपनिंग जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 25 ओवर में 154 रनों की साझेदारी कर टीम को जीत के बेहद करीब ला दिया।
लाजवाब बल्लेबाजी करने वाले सौम्य सरकार अपने शतक से चूक गए। वह 90 रन के निजी स्कोर पर इमरान ताहिर की गेंद पर कैच आउट हो गए। अपनी पारी में उन्होंने 13 चौके और एक छक्का भी लगाया। दूसरी ओर तमीम अपने क्रीज पर जमे रहे और 61 रन बनाकर नाबाद लौटे।
शानदार ओपनिंग साझेदारी के दम पर बांग्लादेश ने 40 ओवर का लक्ष्य 27वें ओवर में ही हासिल कर लिया। 27वें ओवर की पहली गेंद पर विजयी शॉट लगाने के साथ ही बांग्लादेश ने लगातार चौथी बार वनडे सीरीज पर कब्जा जमा लिया।
बांग्लादेश ने 12 जुलाई को खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में गेंदबाजों के लाजवाब प्रदर्शन के दम पर अफ्रीकी टीम को 46 ओवर में ही 162 रन पर ऑलआउट कर दिया और इसके बाद इस आसान लक्ष्य को उसने 27.4 ओवर में ही 3 विकेट खोकर 167 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। सौम्य सरकार ने इस मैच में भी 88 रन बनाए थे। जबकि महमुदुल्लाह ने 50 रनों का योगदान दिया था। बांग्ला टीम ने लगातार दूसरी बार इस अफ्रीकी टीम को 30 ओवर से पहले ही हरा दिया।