फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   Asia Cup 2025 Final IND vs PAK: Suryakumar Yadav Batting Performance vs Pakistan Record Stats

Suryakumar Yadav: पाकिस्तान के खिलाफ हमेशा खामोश रहा है सूर्यकुमार का बल्ला, क्या फाइनल में खत्म होगा इंतजार?

Fri, 26 Sep 2025 02:50 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दुबई
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दुबई Published by: स्वप्निल शशांक Updated Fri, 26 Sep 2025 02:50 PM IST
सार

इस एशिया कप में सूर्यकुमार अब तक 7*, 47*, 0 और 5 रन की पारी खेल पाए हैं। ऐसे में भारत चाहेगा कि यह दाएं हाथ का बल्लेबाज श्रीलंका के खिलाफ सुपर-4 के आखिरी मुकाबले और पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें।

विज्ञापन
Asia Cup 2025 Final IND vs PAK: Suryakumar Yadav Batting Performance vs Pakistan Record Stats
सूर्यकुमार यादव - फोटो : ANI

विस्तार

टीम इंडिया के विस्फोटक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव टी20 क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में से एक माने जाते हैं। उनकी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी ने भारत को कई मौकों पर जीत दिलाई है, लेकिन एक टीम है जिसके खिलाफ उनका बल्ला हमेशा खामोश रहा है, और वो है पाकिस्तान। एशिया कप 2025 के फाइनल में भारत का सामना पाकिस्तान से होना है और इस बड़े मुकाबले में सबकी निगाहें कप्तान सूर्यकुमार यादव पर होंगी।

विज्ञापन


पाकिस्तान के खिलाफ आंकड़े रहे फीके
पाकिस्तान के खिलाफ टी20 में सूर्यकुमार यादव ने अब तक सात पारियां खेली हैं। इन पारियों में उनका प्रदर्शन अपेक्षाकृत साधारण रहा है। उन्होंने कुल 111 रन बनाए हैं, औसत सिर्फ 18.50 की रही है और उनका स्ट्राइक रेट भी 118.09 के आसपास रहा है, जो उनकी सामान्य आक्रामक शैली से काफी अलग है। पाकिस्तान के खिलाफ टी20 में सूर्यकुमार कोई अर्धशतक नहीं लगा पाए हैं और इस टीम के खिलाफ उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी भी एशिया कप 2025 में ही आई थी। पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप मैच में सूर्यकुमार ने नाबाद 47 रन बनाए थे। सुपर-4 मुकाबले में तो SKY खाता तक नहीं खोल पाए थे। वहीं, 47 रन से पहले वह 20 का आंकड़ा भी नहीं पार कर पाए थे।
विज्ञापन


पाकिस्तान के खिलाफ सूर्यकुमार (टी20 में)

तारीख रन बनाए गेंद स्ट्राइक रेट
24 अक्तूबर, 2021 11 8 137.50
28 अगस्त, 2022 18 18 100.00
04 सितंबर, 2022 13 10 130.00
23 अक्तूबर, 2022 15 10 150.00
09 जून, 2024 7 8 87.50
14 सितंबर, 2025 47* 37 127.03
21 सितंबर, 2025 0 3 0.00

फाइनल में दिखेगा असली रंग?
फैंस को फाइनल में उनसे कट्टर प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ बड़ी पारी की उम्मीद होगी। हालांकि, सूर्यकुमार यादव का मौजूदा फॉर्म कुछ खास नहीं रहा है। टी20 विश्व कप 2024 के बाद से उनका बल्ला खामोश रहा है। 29 जून 2024 को टी20 विश्व कप का फाइनल खेला गया था। इसके बाद से सूर्यकुमार 20 मैचों की 18 अंतरराष्ट्रीय पारियों में 19.81 की औसत और 148.82 के स्ट्राइक रेट से केवल 317 रन बना पाए हैं। इस दौरान वह केवल तीन बार 30+ का स्कोर पार कर पाए। इनमें श्रीलंका के खिलाफ 58 रन की पारी, बांग्लादेश के खिलाफ 75 रन की पारी और पाकिस्तान के खिलाफ 47* रन की पारी शामिल हैं। 

इस एशिया कप में सूर्यकुमार अब तक 7*, 47*, 0 और 5 रन की पारी खेल पाए हैं। ऐसे में भारत चाहेगा कि यह दाएं हाथ का बल्लेबाज श्रीलंका के खिलाफ सुपर-4 के आखिरी मुकाबले और पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें। श्रीलंका के खिलाफ उनके पास अपनी खोई लय पाने का सुनहरा मौका है।

एक साल बाद लौटे गिल के SKY से ज्यादा रन
टी20 विश्व कप 2024 फाइनल के बाद भारत के लिए टी20 में सबसे ज्यादा रन अभिषेक शर्मा ने बनाए हैं। उन्होंने इस दौरान 21 पारियों में 37.28 की औसत और 197.72 के स्ट्राइक रेट से 783 रन बनाए हैं। इनमें दो शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा संजू सैमसन 556 रन के साथ दूसरे और तिलक वर्मा 508 रन के साथ तीसरे स्थान पर हैं। हार्दिक पांड्या 366 रन के साथ चौथे और शुभमन गिल 354 रन के साथ पांचवें स्थान पर हैं। इसके बाद सूर्यकुमार का नंबर आता है। आश्चर्य की बात तो यह है कि गिल करीब एक साल के अंतराल के बाद टी20 प्रारूप में एशिया कप के जरिये लौटे, लेकिन उनके नियमित खेलने वाले सूर्यकुमार से ज्यादा रन हैं।



विज्ञापन

भारत को जरूरत ताबड़तोड़ पारी की
फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में भारत को मध्यक्रम में स्थिरता की जरूरत होगी। अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी अगर अच्छी शुरुआत देती है, तो सूर्यकुमार यादव को आकर रनगति को और तेज करना होगा। अगर वे अपने अंदाज में बल्लेबाजी करते हैं तो पाकिस्तान के गेंदबाजों पर दबाव बढ़ सकता है।

सूर्यकुमार यादव को यह भी ध्यान रखना होगा कि पाकिस्तान के तेज गेंदबाज उन्हें कई बार परेशानी में डाल चुके हैं। हारिस रऊफ और शाहीन अफरीदी के खिलाफ उनकी विकेट जल्दी गिरने की प्रवृत्ति रही है। हारिस अब तक टी20 में उन्हें तीन बार आउट कर चुके हैं। फाइनल में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या सूर्यकुमार अपने करियर का सबसे यादगार पारी खेल पाएंगे?
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed