Shapoor Zadran: शापूर जादरान के निधन पर शोक में डूबा अफगानिस्तान क्रिकेट; घरेलू टी20 लीग मैचों को किया स्थगित
अफगानिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शापूर जादरान के निधन से पूरे क्रिकेट जगत में शोक की लहर है। उनके सम्मान में अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने शपगीजा क्रिकेट लीग के दो दिन के मुकाबले स्थगित कर दिए हैं और काबुल में अंतिम विदाई की तैयारी की गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने पूर्व तेज गेंदबाज शापूर जादरान के 38 वर्ष की उम्र में निधन के बाद चल रही शपगीजा क्रिकेट लीग के 11वें संस्करण के दो दिन के मुकाबले स्थगित कर दिए हैं। बोर्ड ने बताया कि 8 और 9 जुलाई को होने वाले मैच उनके सम्मान में नहीं खेले जाएंगे। बोर्ड ने कहा कि शेष टूर्नामेंट का संशोधित कार्यक्रम बाद में जारी किया जाएगा।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने क्या कहा?
एसीबी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा "दिवंगत शापूर जादरान को श्रद्धांजलि और सम्मान देने के लिए 11वें शपगीजा क्रिकेट लीग 2026 के 8 और 9 जुलाई के निर्धारित मुकाबले स्थगित किए जाते हैं।"
बता दें कि शापूर जादरान दुर्लभ और गंभीर प्रतिरक्षा तंत्र संबंधी बीमारी हेमोफागोसाइटिक लिम्फोहिस्टियोसाइटोसिस (HLH) का इलाज कराने के लिए नई दिल्ली में भर्ती थे। 39वें जन्मदिन से एक दिन पहले उनका निधन हो गया। उनके निधन के बाद साथी खिलाड़ियों, पूर्व क्रिकेटरों और प्रशंसकों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। कई लोगों ने उन्हें अफगानिस्तान क्रिकेट को एसोसिएट देश से आईसीसी के पूर्ण सदस्य बनने की यात्रा का प्रमुख शिल्पकार बताया।
SCLXI Matches Postponed for Two Days 🚨
— Afghanistan Cricket Board (@ACBofficials) July 7, 2026
As a mark of respect and in tribute to the late Shapoor Zadran, the scheduled matches for Wednesday, July 8, and and Thursday, July 9, in the 11th edition of the Shpageeza Cricket League 2026, have been postponed.
A revised schedule for… pic.twitter.com/ocle6Z6E9l
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बताया कि शापूर जादरान का पार्थिव शरीर बुधवार शाम काबुल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचेगा। इसके बाद उसे बगरामी जिले के सद्र-ए-आजम टाउनशिप स्थित उनके आवास ले जाया जाएगा। गुरुवार सुबह काबुल की ऐतिहासिक ईदगाह मस्जिद में नमाज-ए-जनाजा अदा की जाएगी। इसके बाद उन्हें काबुल की मरंजन पहाड़ी पर विशेष समारोह के बीच सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। बोर्ड ने यह भी बताया कि अंतिम संस्कार में एसीबी के अधिकारी और अफगानिस्तान राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ी शामिल होकर उन्हें अंतिम विदाई देंगे।
शापूर जादरान का अंतरराष्ट्रीय करियर कैसा रहा?
शापूर जादरान उन शुरुआती खिलाड़ियों में शामिल थे जिन्होंने अफगानिस्तान क्रिकेट को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 2009 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया और अपने करियर में 80 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले, जिनमें 44 वनडे और 36 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच शामिल रहे। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने वनडे में 43 और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 37 विकेट अपने नाम किए। उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 2020 में रहा।
2015 विश्व कप में शापूर जादरान ने क्या कमाल किया था?
शापूर जादरान को 2015 आईसीसी क्रिकेट विश्व कप में स्कॉटलैंड के खिलाफ विजयी चौका लगाने के लिए हमेशा याद किया जाएगा। उसी जीत के साथ अफगानिस्तान ने विश्व कप इतिहास की अपनी पहली जीत दर्ज की थी। उन्होंने उस टूर्नामेंट में 10 विकेट लेकर अफगानिस्तान की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज का गौरव भी हासिल किया।
जय शाह ने शापूर जादरान के निधन पर जताया शोक
आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने अफगानिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शापूर जादरान के 38 वर्ष की उम्र में निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि शापूर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अफगानिस्तान की ऐतिहासिक पहचान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
जय शाह ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि शापूर जादरान को 2015 आईसीसी क्रिकेट विश्व कप में स्कॉटलैंड के खिलाफ उनके मैच जिताऊ ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए हमेशा याद किया जाएगा। उसी मुकाबले में अफगानिस्तान ने विश्व कप इतिहास की अपनी पहली जीत दर्ज की थी।
Deeply saddened by the passing of former Afghan cricketer Shapoor Zadran at the age of 38. Shapoor played a significant role in Afghanistan's remarkable rise in international cricket and will always be remembered for his match-winning all-round performance against Scotland in the…
— Jay Shah (@JayShah) July 8, 2026
उन्होंने शापूर जादरान के परिवार, दोस्तों और पूरे अफगानिस्तान क्रिकेट समुदाय के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में उनकी प्रार्थनाएं सभी के साथ हैं। जय शाह ने दिवंगत क्रिकेटर की आत्मा की शांति के लिए भी प्रार्थना की।