फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Opinion ›   treatment perspective patients to receive full benefit of advancements human body one why different lines

इलाज की सोच: जरूरत इस बात की है कि इस प्रगति का लाभ मरीज को एकसाथ मिले; इंसानी शरीर एक, तो इलाज अलग क्यों?

Tue, 03 Nov 2026 09:51 AM IST
ज्योति भास्कर परीक्षित निर्भय।
परीक्षित निर्भय। Published by: ज्योति भास्कर Updated Tue, 03 Nov 2026 09:51 AM IST
विज्ञापन
सार
बीमारी भले एक अंग में हो, पर इलाज की सोच पूरे शरीर को ध्यान में रखकर होनी चाहिए। लैंसेट  में प्रकाशित वाराणसी घोषणा इसी विचार को आगे बढ़ाती है।
loader
treatment perspective patients to receive full benefit of advancements human body one why different lines
बीमारियों का खतरा - फोटो : Amarujala.com/AI

विस्तार

घर में किसी को शुगर है, किसी को दिल की बीमारी है, तो किसी की किडनी ठीक से काम नहीं कर रही है। ऐसे में, परिवार के लोग अलग-अलग डॉक्टरों के पास जाते हैं। हर डॉक्टर अपने क्षेत्र की बीमारी का बेहतर इलाज करने की कोशिश करता है। पर, मरीज और परिवार के सामने एक सवाल रह जाता है कि इन सभी बीमारियों और दवाओं को एकसाथ देखकर उसकी पूरी सेहत का ख्याल कौन रखेगा? शरीर तो एक है, फिर इलाज अलग-अलग क्यों बंटा रहे? इसी सवाल पर अब चिकित्सा विज्ञान में भी नई सोच ने जन्म ले लिया है, जिसकी झलक हाल ही में सामने आई वाराणसी घोषणा 2026 में दिख रही है।



द लैंसेट रीजनल हेल्थ साउथईस्ट एशिया  जर्नल में बीते 18 सितंबर को ऑनलाइन प्रकाशित यह दस्तावेज इलाज का कोई नया अनिवार्य नियम नहीं, बल्कि विशेषज्ञों की सहमति पर आधारित नीतिगत रूपरेखा है। इसमें कहा गया है कि दिल, किडनी और शुगर व वसा से जुड़ी समस्याओं के बीच अक्सर गहरा संबंध होता है और इलाज करते समय इस बात को समझना जरूरी है। अगर किसी व्यक्ति को शुगर है और वह लंबे समय तक नियंत्रित नहीं रहती, तो उसकी किडनी पर असर पड़ सकता है। किडनी ठीक से काम न करे, तो दिल की बीमारी का खतरा बढ़ सकता है। इसी तरह, दिल की गंभीर बीमारी का असर किडनी पर पड़ सकता है। मोटापा और बढ़ा हुआ रक्तचाप इन परेशानियों को और बढ़ा सकते हैं।


आईसीएमआर-इंडियाब अध्ययन के अनुसार, देश में करीब 10.1 करोड़ लोग डायबिटीज और 13.6 करोड़ लोग प्री-डायबिटीज से प्रभावित हैं। इसी अध्ययन में उच्च रक्तचाप का प्रसार 35.5 फीसदी आंका गया था। वहीं, जनवरी 2025 में प्रकाशित एक मेटा-विश्लेषण में भारत में लंबे समय तक रहने वाली किडनी की बीमारी का अनुमानित प्रसार 13.24 फीसदी पाया गया। ये आंकड़े अलग-अलग अध्ययनों से लिए गए हैं और इन्हें एक ही सर्वेक्षण का परिणाम नहीं समझना चाहिए। फिर भी, ये बता रहे हैं कि ऐसी बीमारियों और उनसे जुड़े जोखिमों पर एकसाथ ध्यान देना क्यों और कितना जरूरी है।

चिकित्सा विज्ञान में विशेषज्ञता ने गंभीर और जटिल बीमारियों के इलाज को बेहतर बनाया है। इसलिए, सवाल विशेषज्ञों की संख्या का नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर उनके बीच तालमेल का है। यदि किसी मरीज को एक से अधिक बीमारियां हैं, तो इलाज करते समय उनके आपसी संबंधों को भी समझना जरूरी है, क्योंकि कई बार मरीज को अलग-अलग डॉक्टर के पास जाना पड़ता है। उसे हर बार पुरानी रिपोर्टें दिखानी पड़ती हैं और अपनी बीमारी का पूरा ब्योरा दोबारा बताना पड़ सकता है। अलग-अलग दवाओं के बारे में भी उसे समझना होता है। यदि जरूरी जानकारी एक जगह उपलब्ध न हो या डॉक्टरों के बीच संवाद न बन पाए, तो इलाज मुश्किल हो सकता है। हालांकि, यह मानना सही नहीं होगा कि हर अस्पताल में ऐसी समस्या है या हर डॉक्टर दूसरे की सलाह से अनजान रहता है। कई अस्पतालों में विशेषज्ञ मिलकर इलाज करते हैं। जरूरत व्यवस्था को और मजबूत बनाने की है, ताकि मरीज की देखभाल किसी एक बीमारी तक सीमित न रह जाए।

वाराणसी घोषणा का महत्व इसी सोच को आगे बढ़ाने में है। जरूरत के मुताबिक सही विशेषज्ञ तक पहुंच, जांच रिपोर्ट की उपलब्धता और इलाज की साझा समझ जरूरी है। साझा मेडिकल रिकॉर्ड, स्पष्ट रेफरल व्यवस्था और दवाओं की नियमित समीक्षा इसमें मददगार हो सकती है। भारत जैसे देश में यह चुनौती इसलिए भी अहम है, क्योंकि विशेषज्ञों तक पहुंच, जांचों का खर्च और बार-बार अस्पताल आने-जाने का बोझ मरीज के इलाज को प्रभावित कर सकता है। समन्वित देखभाल का लाभ तभी व्यापक होगा, जब ऐसी व्यवस्था बड़े अस्पतालों तक सीमित न रहे और जिला अस्पतालों व प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं में भी इसे अपनाया जा सके।

चिकित्सा विज्ञान ने बीमारियों को समझने व उनका इलाज करने में प्रगति की है। अब जरूरत इस बात की है कि इस प्रगति का लाभ मरीज को एकसाथ मिले। विशेषज्ञों का होना जरूरी है, पर उनके बीच तालमेल भी उतना ही जरूरी है। बीमारी भले किसी एक अंग में हो, इलाज की सोच पूरे शरीर को ध्यान में रखकर होनी चाहिए।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed