{"_id":"1075d02563299014e29656749d99885f","slug":"last-wish-poem-hindi-rk","type":"story","status":"publish","title_hn":"अंतिम इच्छा","category":{"title":"Opinion","title_hn":"नज़रिया ","slug":"opinion"}}
अंतिम इच्छा
नवारुण भट्टाचार्य
Updated Sat, 09 Aug 2014 10:55 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरे द्वारा निर्मित शब्दों का घर
विज्ञापन
टूट जाएगा रूदन से
मेरे मरने के बाद
वैसे अचंभित होने जैसा
कुछ भी नहीं है इसमें
पुछ जाऊंगा घर के आईने से
दीवारों पर नहीं होंगे मेरे चित्र
वैसे दीवार अच्छी नहीं लगी
कभी मुझे
अब आकाश ही मेरी दीवार होगा
जिस पर चिमनियों के धुएं से
पंछी मेरा नाम लिखेंगे
आकाश ही मेरे लिखने का
टेबुल होगा अब
ठंडा पेपरवेट होगा चांद
काले मखमली कुशन में
तारे टिमटिमाएंगे
मुझे याद कर के
दुखी होने की
जरूरत नहीं है तुम्हें
इन बातों को लिखते हुए
मेरे हाथ नहीं कांप रहे
पर जब पहली बार
थामा था तुम्हारे हाथों को
कुछ आवेग और कुछ झिझक में
मेरे हाथ जरूर कांपे थे
मेरी सुन्दर पत्नी मेरी प्रेयसी
मेरी यादें तुम्हें घेरे रहेंगी
जरूरी नहीं है जकड़ी रहो
तुम भी उनमें
गढ़ना अपना जीवन खुद
मेरी यादें होंगी तुम्हारा साथी
तुम करो यदि प्रेम किसी से
दे देना इन सारी यादों को उसे
कॉमरेड बना लेना उसे अपना
हां, मैं जरूर सब कुछ
तुम पर छोड़े जा रहा हूं
मेरा विश्वास है कि गलतियां नहीं करोगी तुम
तुम मेरे बेटे को
अक्षरज्ञान के समय
मनुष्य धूप और तारों से
प्रेम करना सिखाना
वह मुश्किल से मुश्किल गणित सुलझा पाएगा तब
क्रांति का एलजेब्रा भी
वह मुझसे बेहतर समझेगा
चलना सिखाएगा मुझे जुलूसों में
पथरीली जमीन पर और घास पर
हां! मेरी कमियों के बारे में भी
बताना उसे
पर ध्यान रहे
वह मुझसे नफरत न करे
कोई बड़ी बात नहीं है मेरा मरना
जानता था
बहुत दिनों तक
जिंदा रहने वाला नहीं हूं मैं
पर समस्त तरह के मृत्यु का अतिक्रमण कर
हर तरह के अन्धकार को
अस्वीकार कर
मेरा विश्वास कभी नहीं डिगा
क्रांति हमेशा दीर्घायु हुई है
क्रांति हमेशा चिरजीवी हुई है
बांग्ला से अनुवाद- राजीव कुमार
(अभिनेता बिजन भट्टाचार्य एवं मशहूर लेखिका महाश्वेता देवी के इकलौते बेटे नवारुण भट्टाचार्य ने वैसे तो साहित्य की हर विधा में काम किया, लेकिन उनका नॉवेल `हर्बर्ट’ काफी चर्चित हुआ। कुछ दिन पहले 66 वर्ष की उम्र में कोलकाता में उनका निधन हो गया।)