Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Opinion ›   Climate's false algorithm: AI's flattery threatens misinformation, accuracy of answers in Hindi is declining.

जलवायु का झूठा एल्गोरिदम: एआई की चापलूसी से गलत जानकारी का खतरा, हिंदी में भी घट रही जवाबों की सटीकता

Sat, 21 Nov 2026 05:37 AM IST
Seema Javed सीमा जावेद
Updated Sat, 21 Nov 2026 05:37 AM IST
विज्ञापन
सार
यूनेस्को और यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन की एक रिपोर्ट एआई के उस चापलूस व्यवहार को उजागर करती है, जो जलवायु से जुड़ी गलत सूचनाओं को बढ़ावा दे सकता है।
loader
Climate's false algorithm: AI's flattery threatens misinformation, accuracy of answers in Hindi is declining.
जलवायु का झूठा एल्गोरिदम - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

जलवायु  परिवर्तन के मामले में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) में उपयोगकर्ताओं को खुश करने के लिए गलत बात से सहमत होने की प्रवृत्ति, यानी ‘एआई सिकोफैनी' सामने आई है। यूनेस्को और यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन की हाल ही में जारी एक नई रिपोर्ट एआई के चापलूसी के उस व्यवहार को उजागर करती है, जो जलवायु से जुड़ी गलत सूचनाओं को बढ़ावा दे सकता है। दिलचस्प तो यह है कि चापलूसी की यह प्रबल प्रवृत्ति, एआई मॉडलों के प्रशिक्षण के दौरान ही उनमें शामिल कर दी जाती है। इन्हें इस तरह डिजाइन किया जाता है कि ये उपयोगकर्ताओं की जी-हुजूरी करें या उन्हें खुश करें, भले ही वे गलत हों।


शोध के मुताबिक, एआई मॉडल सामान्य सवालों के जवाब तो 90 फीसदी तक सही देते हैं, लेकिन उपयोगकर्ता के हल्के से विरोध पर 80 फीसदी मामलों में स्थापित वैज्ञानिक तथ्यों से पीछे हट जाते हैं। आज दुनिया में एआई का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है और इसी के साथ जलवायु परिवर्तन को लेकर गलत जानकारी फैलाने के तरीके भी बदल रहे हैं। इसे ही ‘क्लाइमेट डिनायल’ कहा जाता है। यदि आप किसी एआई चैटबॉट से पूछते हैं कि क्या जलवायु परिवर्तन के लिए इंसानी गतिविधियां जिम्मेदार हैं? तो वह आपको वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर समझाता है। अगर आप एआई से कहते हैं कि कार्बन डाइऑक्साइड जलवायु परिवर्तन की मुख्य वजह नहीं है और इस पर वैज्ञानिक भी एकमत नहीं हैं, तो उसे वैज्ञानिक प्रमाणों के आधार पर आपकी धारणा की जांच करनी चाहिए। लेकिन, कई बार तो वह आपकी बात से सहमत हो जाता है और आपके दावे को सही साबित करने के लिए तर्क भी देने लगता है। इसकी वजह यह है कि एआई पुराने वैज्ञानिक तथ्यों को दोहराने में तो सक्षम है, लेकिन नए प्रमाणों के आधार पर उनकी जांच और सही निष्कर्ष निकालने में कमजोर साबित होता है।


13 भाषाओं में किए गए परीक्षणों में अंग्रेजी में एआई मॉडल की औसत सटीकता 88.6 फीसदी रही। हिंदी और बांग्ला में यह घटकर 83.6 फीसदी और उर्दू में 81.4 फीसदी रह गई। स्वाहिली में तो यह केवल 78.3 फीसदी थी। वहीं, जलवायु नीतियों का आकलन करने में इसकी सटीकता घटकर महज 33.8 फीसदी रह गई। यह अंतर इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि हिंदी, बांग्ला, उर्दू और स्वाहिली बोलने वाले ज्यादातर समुदाय उन क्षेत्रों में रहते हैं, जो जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के प्रति ज्यादा संवेदनशील हैं। जलवायु परिवर्तन दुनियाभर के लोगों को प्रभावित कर रहा है। 2026 में सुपर अल-नीनो और समुद्री तूफान, अकाल तथा बाढ़ जैसे संकटों ने स्थिति को और भी चुनौतीपूर्ण बना दिया है। ऐसे में, दुनिया को जलवायु परिवर्तन के कारण होने वाली गंभीर प्राकृतिक आपदाओं का सामना करने के लिए तैयार रहना होगा।

एआई जलवायु विज्ञान को आसान भाषा में समझाने, जानकारी का विश्लेषण करने और शिक्षकों, पत्रकारों व नीति निर्माताओं की मदद करने में मददगार हो सकता है। पर, परीक्षण बताते हैं कि इसे जलवायु नीतियों के निर्माण या वैज्ञानिक तथ्यों की अंतिम जांच का भरोसेमंद विकल्प मानना अभी ठीक नहीं होगा।  - edit@amarujala.com
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed