Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Opinion ›   india-nepal-relations-balendra-shah-visit-seven-key-agreements-connectivity-energy-china

बालेंद्र शाह का भारत दौरा महत्वपूर्ण संकेत: घोषणाओं से आगे, भरोसे की बुनियाद

Tue, 24 Nov 2026 05:29 AM IST
K S Tomar केएस तोमर
Updated Tue, 24 Nov 2026 05:29 AM IST
विज्ञापन
सार
बालेंद्र शाह का अपनी पहली आधिकारिक द्विपक्षीय विदेश यात्रा के लिए भारत को चुनना एक महत्वपूर्ण संकेत है। इसका अर्थ यह नहीं कि नेपाल चीन के साथ अपने संबंधों को छोड़ रहा है, बल्कि वह उन भौगोलिक और आर्थिक वास्तविकताओं को समझता है, जो भारत को अपरिहार्य बनाती हैं। 
loader
india-nepal-relations-balendra-shah-visit-seven-key-agreements-connectivity-energy-china
भारत-नेपाल रिश्तों को नई मजबूती - फोटो : PTI

विस्तार

भारत-नेपाल संबंध ऐसे पुल की तरह हैं, जो भूगोल, इतिहास, संस्कृति और साझा आजीविका से जुड़े तो हैं, लेकिन राजनीतिक अविश्वास, अलग-अलग रणनीतिक दृष्टिकोणों और अधूरे वादों के कारण डगमगाते रहते हैं। नेपाली प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की दो दिवसीय यात्रा ने इसे एक नया आधार दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुए समझौते पुनर्निर्माण, कनेक्टिविटी, ऊर्जा और संस्थागत सहयोग के लिए एक रूपरेखा पेश करते हैं। इनकी मजबूती इस बात पर निर्भर करेगी कि इन्हें कितनी अच्छी तरह लागू किया जाता है। बालेंद्र शाह का अपनी पहली आधिकारिक द्विपक्षीय विदेश यात्रा के लिए भारत को चुनना, अपने आप में एक महत्वपूर्ण संकेत है। इसका अर्थ यह नहीं है कि नेपाल चीन के साथ अपने संबंधों को छोड़ रहा है, बल्कि वह उन भौगोलिक और आर्थिक वास्तविकताओं को समझता है, जो भारत को अपरिहार्य बनाती हैं।


भारत से संबंध बेहतर बनाने से नेपाल के लोगों को कई फायदे हैं। नेपाल के बाढ़ से प्रभावित परिवारों को फिर से अपने घर बसाने और आजीविका की जरूरत है; व्यापारियों को सीमा पर सुव्यवस्थित प्रक्रियाओं की आवश्यकता है; छात्रों व अधिकारियों को कौशल की जरूरत है; मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था चाहिए; और किसानों व मछुआरों को बेहतर तकनीक और बाजारों तक पहुंच की आवश्यकता है। बेहतर कनेक्टिविटी दूर-दराज के समुदायों को स्कूलों, अस्पतालों और बाजारों के करीब ला सकते हैं। जलविद्युत और निर्माण कार्यों से रोजगार के अवसर पैदा हो सकती है।


भारत को भी कई फायदे हैं। स्थिर और समृद्ध नेपाल, भारत की सुरक्षा और विकास के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। सीमा पर बेहतर बुनियादी ढांचा वैध व्यापार को बढ़ावा दे सकता है, और अपराध व तस्करी के खिलाफ आपसी तालमेल को मजबूत कर सकता है। ऊर्जा के क्षेत्र में जुड़ाव भारत के लिए स्वच्छ ऊर्जा के विकल्पों को बढ़ाता है। नई दिल्ली के साथ बालेंद्र शाह की शुरुआती बातचीत भारत को यह दिखाने का मौका भी देती है कि वह, नेपाली नेतृत्व की नई पीढ़ी की आकांक्षाओं के प्रति सकारात्मक रुख अपना सकता है।

हालांकि इस रिश्ते के समक्ष अब भी कठिन चुनौतियां हैं। कालापानी, लिपुलेख और लिम्पियाधुरा को लेकर चल रहे क्षेत्रीय विवाद काफी संवेदनशील हैं। संप्रभुता और समानता को लेकर नेपाल की चिंताओं को धैर्यपूर्ण बातचीत के जरिये सुलझाया जाना चाहिए। साथ ही, भारत को भी यह भरोसा मिलना चाहिए कि उसकी सुरक्षा और कनेक्टिविटी से जुड़ी चिंताओं को गंभीरता से लिया जाएगा। निवेश के जरिये चीन की बढ़ती आर्थिक मौजूदगी, नेपाली विदेश नीति की एक सच्चाई है। ऐसे में भारत की प्रतिक्रिया किसी एक पक्ष के साथ पूरी तरह जुड़ने की मांग करने के बजाय, ठोस और भरोसेमंद काम करके दिखाने पर आधारित होनी चाहिए। उत्तर प्रदेश के अयोध्या को नेपाल के जनकपुर से जोड़ने वाली 'सरयू-कमला एक्सप्रेस' की शुरुआत भारत-नेपाल संबंधों में एक अहम पड़ाव है, जो सदियों पुराने आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रिश्तों को एक नया आयाम देती है। यह रेल संपर्क केवल परिवहन की सुविधा नहीं है; बल्कि यह धार्मिक पर्यटन, स्थानीय व्यापार और लोगों के बीच आपसी मेल-जोल को बढ़ावा दे सकता है।

दोनों देशों की सरकारें जिन बातों पर सहमत हुई हैं, उनसे सात सकारात्मक बातें उभरकर आती हैं। सबसे पहले, राजनीतिक बदलाव ने एक अधिक व्यावहारिक साझेदारी का रास्ता खोल दिया है। दोनों नेताओं ने दोस्ती, आपसी भरोसे और मुश्किल समय में एक-दूसरे का साथ देने पर जोर दिया। इससे समय-समय पर पैदा होने वाले राजनयिक अविश्वास से आगे बढ़ने का एक मौका मिला है।

दूसरा, भारत ने 24,000 करोड़ नेपाली रुपयों के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा की, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 15,000 करोड़ रुपये के बराबर है। विनाशकारी बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण में मदद के लिए दिए गए इस पैकेज का उद्देश्य दीर्घकालिक विकास की नींव रखना भी है। यह नेपाल के पुनर्निर्माण के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।

तीसरा, आठ समझौता ज्ञापनों (एमओयू) ने पारंपरिक बुनियादी ढांचे से परे सहयोग का दायरा बढ़ाया है। इनमें सिविल सेवा प्रशिक्षण, सैटेलाइट संचार, स्वास्थ्य सेवा, आयुर्वेद, टिकाऊ शहरी विकास, पशुपालन और मत्स्य पालन के साथ-साथ फोरेंसिक अनुसंधान और पुलिस प्रशिक्षण भी शामिल हैं। इनका वास्तविक महत्व व्यावहारिक कार्यान्वयन और ज्ञान के आदान-प्रदान से ही सामने आएगा।

चौथा, कनेक्टिविटी को काफी बढ़ावा मिला है। सरयू-कमला एक्सप्रेस के अलावा, धारचुला-दारचुला मोटर योग्य पुल महाकाली नदी से अलग हुए समुदायों को फिर से जोड़ता है। बनबसा में नया इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट और भैरहवा, सुनौली तथा दोधारा चांदनी में हो रही प्रगति से आवागमन की बाधाएं कम हो सकती हैं, व्यापार को बढ़ावा मिल सकता है और सीमावर्ती समुदायों को आर्थिक अवसरों के करीब लाया जा सकता है। पांचवां, 669 मेगावाट की लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना की आधारशिला रखे जाने के साथ ऊर्जा सहयोग को बढ़ावा मिला है। नेपाल अपने प्रचुर जल संसाधनों के जरिये निवेश, रोजगार, रॉयल्टी और बिजली निर्यात से होने वाली कमाई हासिल कर सकता है, जबकि भारत को स्वच्छ ऊर्जा मिल सकती है। छठा, मोतिहारी-अमलेखगंज पाइपलाइन के दूसरे चरण की शुरुआत और प्रस्तावित सिलीगुड़ी-झापा पाइपलाइन (जिसमें झापा में एक पेट्रोलियम टर्मिनल भी होगा) से परिवहन लागत कम हो सकती है, आपूर्ति अधिक भरोसेमंद हो सकती है, और ईंधन की ढुलाई के लिए पारंपरिक सड़क मार्ग पर निर्भरता घट सकती है। यह एक ऐसे देश के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, जहां आपूर्ति में रुकावट आने का खतरा बना रहता है। सातवां, शासन, स्वास्थ्य सेवा, शहरी नियोजन, पारंपरिक चिकित्सा, मत्स्य पालन और पशुपालन के क्षेत्रों में सहयोग सार्वजनिक सेवाओं में सुधार कर सकते हैं, ग्रामीण आजीविका को मजबूत बना सकते हैं, कृषि उत्पादकता बढ़ा सकते हैं और संस्थागत विशेषज्ञता विकसित कर सकते हैं।

यदि दोनों सरकारें घोषणाओं को पूरी हो चुकी परियोजनाओं, भरोसेमंद सेवाओं और साझा समृद्धि में बदल देती हैं, तो यह यात्रा रिश्तों को एक स्थायी नई दिशा दे सकती है। लेकिन अगर वादों को पूरा करने में चूक होती है, तो आपसी सद्भावना फिर कठिन दौर से गुजर सकती है।
edit@amarujala.com
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed