Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Opinion ›   global-inflation-2026-reasons-oil-crisis-climate-change-ai-investment-india

महंगाई की आंच में तपती दुनिया: भारत की रसोई से लेकर उद्योगों तक कैसे पड़ेगा असर? बढ़ेगी आम आदमी की मुश्किल

Tue, 24 Nov 2026 05:35 AM IST
देवेश त्रिपाठी ऋषभ मिश्रा
ऋषभ मिश्रा Published by: देवेश त्रिपाठी Updated Tue, 24 Nov 2026 05:35 AM IST
विज्ञापन
सार
महंगाई केवल आर्थिक समस्या नहीं, बल्कि भू-राजनीति, ऊर्जा सुरक्षा और जलवायु परिवर्तन से जुड़ी बड़ी चुनौती बन चुकी है। 
loader
global-inflation-2026-reasons-oil-crisis-climate-change-ai-investment-india
युद्ध, तेल संकट और जलवायु परिवर्तन ने बढ़ाई महंगाई - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

भू-राजनीतिक तनाव, ऊर्जा संकट और मौसम की मार की वजह से वैश्विक महंगाई लगातार बढ़ रही है। भारत सहित दुनिया के कई देशों में महंगाई का दबाव आम आदमी की रसोई और रोजमर्रा के खर्चों पर लगातार गहराता जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की अक्तूबर 2026 की 'वर्ल्ड इकनॉमिक आउटलुक' रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया में महंगाई की औसत दर 2025 की 4.1 फीसदी से बढ़कर 2026 में 4.7 फीसदी  रहने का अनुमान है। इसमें विकासशील देशों में यह 5.7 फीसदी, तो विकसित देशों में 3.2 फीसदी रह सकती है।


पश्चिम एशिया में संघर्ष, होर्मुज स्ट्रेट से तेल की आपूर्ति में बाधा, रूस-यूक्रेन युद्ध और खाद्य पदार्थों के उत्पादन पर मौसम का असर दुनियाभर के बाजारों को प्रभावित कर रहा है। यदि होर्मुज स्ट्रेट लंबे समय तक बंद रहता है, तो आयात पर निर्भर देशों की मुश्किलें और बढ़ जाएंगी।


दुनिया ने समय-समय पर महंगाई की कई बड़ी लहरों का सामना किया है। वर्ष 2007-08 में खाद्य और तेल संकट के चलते दुनिया को भीषण महंगाई का सामना करना पड़ा था और विश्व बैंक के अनुसार, 2008 में महंगाई दर करीब 8.95 फीसदी रही। फिर वैश्विक वित्तीय संकट के कारण मांग में गिरावट से महंगाई तेजी से कम होने लगी। लेकिन 2021-23 के दौरान कोविड महामारी ने महंगाई को फिर से बढ़ा दिया। लॉकडाउन के बाद बाजार में मांग तेजी से लौटी, लेकिन आपूर्ति शृंखला पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाई।  

वस्तुतः महंगाई बढ़ने की मुख्यतः पांच बड़ी वजहें हैं, जिसमें सबसे बड़ी वजह भू-राजनीतिक संघर्ष है। रूस-यूक्रेन युद्ध और पश्चिम एशिया के संकट ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार और आपूर्ति व्यवस्था को प्रभावित किया है। दूसरी बड़ी वजह तेल की बढ़ती कीमतें हैं। पश्चिम एशिया में जारी संकट के चलते तेल व गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे कीमतें बढ़ी हैं। तीसरी वजह, विकसित देशों में अधिक खर्च का होना है। अमेरिका व यूरोप समेत अनेक विकसित देशों में सरकारें विभिन्न योजनाओं पर अधिक खर्च कर रही हैं, जिससे बाजार में मांग बढ़ती है। ऐसे में, यदि वस्तुओं और सेवाओं का उत्पादन उसी अनुपात में नहीं बढ़ता है, तो अतिरिक्त मांग कीमतों को ऊपर धकेलने लगती है। इस तरह बढ़ता हुआ सरकारी खर्च भी महंगाई बढ़ाता है। अभी यही हो रहा है।
चौथी वजह, जलवायु परिवर्तन है। सूखा, बाढ़, अत्यधिक गर्मी और अनियमित बारिश से चावल, गेहूं और अन्य खाद्य पदार्थों की पैदावार घट जाती है। जब बाजार में खाद्य पदार्थों की उपलब्धता मांग से कम होती है, तो कीमतें बढ़ती हैं। इस तरह जलवायु परिवर्तन खाद्य महंगाई का अहम कारक है। और पांचवीं वजह एआई में बढ़ता निवेश है। टेक कंपनियों द्वारा एआई में बढ़ता निवेश डाटा सेंटर, चिप्स और बुनियादी ढांचे की मांग बढ़ाकर तथा आपूर्ति शृंखला पर दबाव डालकर महंगाई को बढ़ावा दे रहा है।
आयात पर अधिक निर्भरता की वजह से वैश्विक महंगाई हमारे लिए और भी नुकसानदेह साबित हो सकती है। ऊर्जा जरूरतों का बड़ा हिस्सा विदेशों से आयात करने के अलावा उद्योगों के लिए कच्चा माल और जरूरी कलपूर्जे भी आयात होते हैं। कच्चा तेल महंगा होने से पेट्रोल-डीजल के साथ माल ढुलाई और उत्पादन लागत बढ़ती है। इसका असर खाद्य पदार्थों और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर पड़ता है। तेल की ऊंची कीमतों और रुपये पर दबाव से आयात बिल बढ़ेगा। ऐसे में भारत के सामने आने वाले एक-दो वर्षों में महंगाई को काबू में रखकर विकास की रफ्तार को बनाए रखना बड़ी चुनौती होगी। वस्तुतः वैश्विक महंगाई आज केवल आर्थिक समस्या नहीं, बल्कि भू-राजनीति, ऊर्जा सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन और बदलती तकनीकी प्राथमिकताओं से जुड़ी एक व्यापक चुनौती बन चुकी है। इसका सबसे अधिक असर विकासशील देशों और निम्न व मध्यम आय वर्ग के परिवारों पर पड़ता है, क्योंकि उनकी आय का बड़ा हिस्सा भोजन, ईंधन, आवास और परिवहन पर खर्च होता है। भारत जैसे आयात निर्भर देश के लिए यह चुनौती और गंभीर है। ऐसे में सरकार को केवल मौद्रिक नीतियों पर निर्भर रहने के बजाय ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों को बढ़ावा देने, कृषि आपूर्ति शृंखला मजबूत करने, खाद्यान्न भंडारण की क्षमता विकसित करने और आयात निर्भरता घटाने पर विशेष ध्यान देना होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed