फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Blog ›   Life Stream: Stories also teach how to live; Sutra- Read and Learn

जीवन धारा: कहानियां भी जीना सिखाती हैं; सूत्र- पढ़ें और सीखें

Mon, 06 Apr 2026 07:58 AM IST
Pavan मार्सेल प्रुस्त
मार्सेल प्रुस्त Published by: Pavan Updated Mon, 06 Apr 2026 07:58 AM IST
सार

साहित्य के साथ हम स्वयं को हंसते, रोते, संघर्ष व प्रेम करते हुए पाते हैं और कहानी के बंधन में बंध जाते हैं। यह अनुभव केवल पढ़ने का नहीं, बल्कि जीने का, महसूस करने का और भीतर तक डूब जाने का हो जाता है।

विज्ञापन
Life Stream: Stories also teach how to live; Sutra- Read and Learn
जीवन धारा: कहानियां भी जीना सिखाती हैं - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

उपन्यासकार की सबसे बड़ी कला यही है कि वह जीवन की उन गहरी तथा जटिल भावनाओं को, जिन्हें आम इन्सान सीधे समझ नहीं पाता, इतनी सरल व प्रभावशाली भाषा में प्रस्तुत करे कि हर व्यक्ति उन्हें सहजता से महसूस और अपने भीतर उतार सके। जब लेखक जीवन के सूक्ष्म और जटिल पहलुओं को शब्दों में अभिव्यक्त करता है, तब वे मात्र घटनाएं नहीं रह जातीं, बल्कि हमारे अपने अनुभवों का हिस्सा बन जाती हैं। वे हमें भीतर तक स्पर्श करती हैं और हमारे मन को अधिक परिष्कृत, कोमल और संवेदनशील बना देती हैं, मानो किसी अदृश्य स्पर्श ने हमारी आत्मा को और भी निखार दिया हो। तब यह महत्वहीन हो जाता है कि किताबी पात्र और उनके भाव वास्तविक हैं या कल्पित, क्योंकि वे हमारे भीतर घटित होने लगते हैं। हम स्वयं को उनके साथ हंसते, रोते, संघर्ष करते और प्रेम करते हुए पाते हैं। किताब के पृष्ठों को तेजी से पलटते हुए, हमारी सांसें तेज हो जाती हैं, हमारी आंखें एकाग्र हो उठती हैं, और हम उस कहानी के बंधन में बंध जाते हैं। यह अनुभव केवल पढ़ने का नहीं, बल्कि जीने का, महसूस करने का और भीतर तक डूब जाने का हो जाता है।
विज्ञापन


जब एक उपन्यासकार हमें इस मानसिक अवस्था तक पहुंचा देता है, तब हमारी संवेदनाएं असाधारण रूप से तीव्र हो जाती हैं। हर भावना कई गुना बढ़कर हमारे भीतर गूंजने लगती है। यह स्थिति किसी स्वप्न के समान होती है। लेकिन वह सपना सामान्य स्वप्नों की भांति क्षणिक नहीं होता, बल्कि हमारे भीतर एक गहरी छाप छोड़ जाता है, जो लंबे समय तक हमारे विचारों और भावनाओं को प्रभावित करता है, और हमारे दृष्टिकोण को भी बदल देता है। ऐसे क्षणों में लेखक हमें एक अद्भुत स्वतंत्रता प्रदान करता है। वह हमारे भीतर उन सभी सुखों और दुखों को जागृत कर देता है, जिन्हें हम अपने वास्तविक जीवन में शायद कभी पूर्ण रूप से अनुभव नहीं कर पाते।
विज्ञापन


कुछ भावनाएं ऐसी होती हैं, जिन्हें समझने में वर्षों लग जाते हैं, और कुछ इतनी सूक्ष्म होती हैं कि वे कभी हमारे ध्यान में ही नहीं आतीं। किंतु साहित्य के माध्यम से वे सब एक साथ, एक ही क्षण में हमारे सामने उपस्थित हो जाती हैं, और हमें भीतर तक झकझोर देती हैं। साहित्य हमें अधिक संवेदनशील, जागरूक और मानवीय बनाता है। यह हमारे भीतर उन छिपे हुए कोनों को भी उजागर कर देता है, जहां भावनाएं सुप्त पड़ी रहती हैं। यह हमें अपने ही भीतर झांकने का अवसर देता है, और यह समझने में मदद करता है कि हम कौन हैं। एक महान कृति का प्रभाव यही होता है कि वह हमें हमारे सीमित जीवन से परे ले जाकर एक व्यापक मानवीय अनुभव से जोड़ देती है। वह हमें यह एहसास कराती है कि जीवन केवल वही नहीं है, जो हम जीते हैं, बल्कि वह भी है, जिसे हम कल्पना, संवेदना और कला के जरिये अनुभव कर सकते हैं। -इन सर्च ऑफ लॉस्ट टाइम के अनूदित अंश
विज्ञापन
विज्ञापन


सूत्र- पढ़ें और सीखें
साहित्य की शक्ति यह है कि वह हमें हमारे सीमित जीवन से उठाकर एक ऐसे गहन और व्यापक अनुभव से जोड़ देता है, जहां हम दूसरों के सुख-दुख को अपना बनाकर महसूस करते हैं, और इस प्रक्रिया में हम न केवल अधिक संवेदनशील, बल्कि अधिक मानवीय भी बन जाते हैं, क्योंकि वही अनुभव हमें भीतर से बदलने की क्षमता रखते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed