कर्नाटक विधानसभा चुनाव: मुद्दों और बयानों की सियासत के बीच किसकी होगी जीत?
कांग्रेस की कोशिश इस चुनाव में देवेगौड़ा परिवार की राजनीतिक ताकत कमजोर करने की रही, तो भाजपा इस इलाके में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमितशाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक की सभाओं और 'रोड शो' के जरिए इस इलाके में अपनी स्थिति बेहतर करने के लिए प्रयासरत दिखाई दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कर्नाटक विधानसभा चुनावों में महंगाई-बेरोजगारी भ्रष्टाचार और साम्प्रदायिक धुर्वीकरण की कोशिशें भले चुनाव प्रचार के अंतिम दौर तक चलती रही, पर मोटे तौर पर छः अलग-अलग क्षेत्रों में विभाजित कर्नाटक का चुनावी रुझान और राजनीतिक प्रभाव हर दल के लिए अलग-अलग हैं। मसलन तटीय कर्नाटक, कल्याण कर्नाटक और ग्रेटर बेंगलुरु में भाजपा का प्रभाव दिखाई दिया। वहीं हैदराबाद - कर्नाटक, मध्य कर्नाटक के इलाके ओल्ड मैसूर, ग्रेटर बेंगलुरु और कल्याण-कर्नाटक में भी कांग्रेस के राजनीतिक प्रभाव देखा गया।
विधानसभा चुनाव प्रचार के बहुत पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी की पदयात्रा से लेकर चुनावी मुद्दे तैयार करने और सोशल मीडिया पर मौजूदगी के लिहाज से भी कम से कम इन चुनावों में कांग्रेस आगे दिख रही है।
तमाम आपसी मतभेदों के बावजूद पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और डी के शिवकुमार के बीच कम से कम टिकट बंटवारे के बाद अच्छा तालमेल दिखाई दिया। भाजपा का चुनाव प्रचार राज्य सरकार की उपलब्धियों, मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई की नेतृत्व क्षमता और स्थानीय नेताओं के बजाय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैलियों-रोड सो और गृहमंत्री अमितशाह की मेहनत चुनावी रणनीति और तय किए चुनावी मुद्दों के इर्दगिर्द ही घूमता रहा।
भाजपा के कदावर नेता पूर्व मुख्यमंत्री यदुरप्पा चुनावों में सक्रिय भागीदारी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमितशाह का उनके प्रति सार्वजनिक सम्मान से कम से कम लिंगायत समुदाय में भाजपा के प्रति रुझान साफ देखा गया। पर भाजपा के पास वोक्कालिगा समुदाय के जद.एस नेता कुमार स्वामी और कांग्रेस नेता डी के शिवकुमार के कद के नेता का अभाव ओल्ड मैसूर इलाके में भाजपा की कमजोरी की मुख्य वजह है।
ये दोनों शक्तिशाली जातियां ही किसी दल की सत्ता में वापसी और विदाई का भविष्य तय करती रही हैं। इस इलाके में कुल साठ से ज्यादा सीटें हैं।
त्रिशंकु विधानसभा परिणाम की चर्चा
पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी देवेगौड़ा के प्रभाव वाले इलाके के ज्यादातर वोक्कालिगा, कुमार स्वामी को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं अथवा त्रिशंकु विधानसभा परिणाम आने की बात करते हैं। ओल्ड मैसूर रीजन के हासन, तुमकुर, माड्या, रामनगरा और आसपास के विधानसभा क्षेत्र में देवेगौड़ा परिवार का दबदबा रहा है और यहीं इस परिवार की कुल राजनीतिक पूंजी है जिसके बदौलत यह परिवार हमेशा "किंगमेकर" की भूमिका में रहने की चाहत रखता है।
कांग्रेस की कोशिश इस चुनाव में देवेगौड़ा परिवार की राजनीतिक ताकत कमजोर करने की रही, तो भाजपा इस इलाके में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमितशाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक की सभाओं और 'रोड शो' के जरिए इस इलाके में अपनी स्थिति बेहतर करने के लिए प्रयासरत दिखाई दी।
परिणाम के लिहाज से भाजपा और कांग्रेस के बेहतर चुनावी नतीजे ही किसी भी एक दल के पूर्ण बहुमत की सरकार के दावेदारी को मजबूती प्रदान करेगा तो जद एस और देवेगौड़ा परिवार के 'किंगमेकर' बनने की ख्वाहिश भी पूरा करेगा।
कर्नाटक चुनाव के अंतिम दौर में कांग्रेस ने जिन मुद्दों को उछाला, उससे किसी भी तरह चुनावी नतीजे पार्टी के अनुकूल होने की बेचैनी साफ दिखाई दी। शायद इसलिए भी कि कर्नाटक चुनाव के अनुकूल नतीजे हर लिहाज से पार्टी के लिए संजीवनी का काम करेगा। विपक्षी दलों के साथ उसकी मोलभाव करने की संभावना को भी मजबूत करेगा। चुनाव प्रचार में यह बात साफतौर पर दिखाई दिया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जैसे ही इन चुनावी मुद्दों पर वार करना शुरू किया कांग्रेस की घबराहट देखने लायक थी।
कांग्रेस अपने घोषणा पत्र में उठाए मुद्दों से खुद किनारा करने लगी। कर्नाटक में चुनावी रैली में अथवा रोड शो में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति हर इलाके में जो स्नेह और प्यार देखने को मिला उससे एक बात साफतौर दिखाई दिया कि जब प्रधानमंत्री अपने लिए वोट मांगने निकलते हैं तो वह बिल्कुल अलग मामला होता और कर्नाटक के लोग भी प्रधानमंत्री का चेहरा देखकर ही वोट करते हैं।
इसी वजह से भाजपा का वोट प्रतिशत भी बढ़ता है और सीट भी। स्थानीय लोगों से बातचीत और प्रधानमंत्री मोदी की सभाओं में आई भीड़ को देखकर यह सहज ही अनुमान लगया जा सकता है कि- जाति-समुदाय से अलग प्रधानमंत्री ने एक ऐसा लाभार्थी तबका तैयार किया हैं, जिनमें कर्नाटक की दोनों वर्चस्वशाली जातियों-लिंगायत- वोक्कालिगा के अलावा दलित- आदिवासी भी बिना किसी लागलपेट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का चेहरा देखकर वोट करते हैं।
कांग्रेस का स्थानीय नेतृत्व इस बात को बखूबी समझता है। इस लिए चुनावों के शुरुआती दौर में ही इस मुद्दे को साफ कर दिया कि यह चुनाव मुख्यमंत्री चुनने के लिए है, प्रधानमंत्री चुनने का नहीं। पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जिस तरह से मेहनत कर इस चुनाव में आखिरी दम तक भाजपा के पक्ष करने की कोशिश की, वह किसी भी दल के शीर्ष नेतृत्व के लिए गौरव की बात होनी चाहिए।
कर्नाटक के इस चुनाव में इस बात की भी परीक्षा होनी है कि बजरंगबली का मुद्दा भाजपा के लिए कितना फलदाई रहा? भाजपा ने इस मुद्दे को जिस तरह से उठाया, उसका एक फायदा यह हुआ कि पार्टी के घर बैठे कार्यकर्ता सड़क पर आ गए। पर इसकी उलटी प्रतिक्रिया यह हुई कि 'ओल्ड मैसूर रीजन' में अल्पसंख्यक वोटों की लामबंदी अब ज्यादातर जद.एस के बजाय कांग्रेस के पक्ष होने की संभावना बढ़ गई है।अल्पसंख्यक वोटों का धुर्वीकरण कांग्रेस के पक्ष में कितना कारगर हुआ और इससे ओल्डमैसूर इलाके में जद एस का कितना नुकसान हुआ। यह कर्नाटक में कांग्रेस की सत्ता हासिल करने के दावे को मजबूत करेगा।
सवाल यह भी है कि क्या प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिल्कुल फ्रंट पर आकर जिस तरह भाजपा के लिए चुनाव प्रचार किया उससे बासवराज बोम्मई सरकार की सत्ता विरोधी रुझान एकदम धुल गई? अगर ऐसा हुआ तो यह किसी चमत्कार से कम नहीं होगा। यह कर्नाटक के इतिहास में अड़तीस साल बाद सम्भव होगा कि कोई दल दोबारा सत्ता में वापसी करने में कामयाब होगी। पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र चुनाव प्रचार के अंतिम दिन तक जिस तरह से चुनावी मैदान में डटे रहे, वह सचमुच काबिलेतारीफ है।
----------------------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदाई नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।