फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Blog ›   Hindi Diwas 2025 Despite adopting many languages our Hindi is still original

हिंदी दिवस विशेष : अनेक भाषाओं को अपनाकर भी मौलिक है हमारी हिंदी

Sat, 13 Sep 2025 02:24 PM IST
Vinod Patahk विनोद पाठक
Updated Sat, 13 Sep 2025 02:24 PM IST
सार

  • 14 सितंबर को हिंदी दिवस के रूप में मनाया जाता है। हिंदी विश्व की लोकप्रिय भाषाओं में से एक है, लेकिन इसकी बिंदी और मात्राओं में लोग अक्सर गलती करते हैं।
     
  • यह बोलना आसान है, लेकिन इसमें संस्कृत, अरबी, फारसी आदि भाषाओं से आए शब्दों के कारण कुछ लोगों को यह कठिन लगती है।
     
  • चुनौतियों के बावजूद हिंदी सिनेमा और डिजिटल प्लेटफॉर्म ने इसका वैश्विक प्रसार किया है।

विज्ञापन
Hindi Diwas 2025 Despite adopting many languages our Hindi is still original
हिंदी केवल भाषा नहीं, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, परंपराओं और भावनाओं से गहराई से जुड़ी हुई है। - फोटो : amar ujala

विस्तार

Importance of Hindi Language: प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी हम 14 सितंबर को राष्ट्रीय हिंदी दिवस मनाएंगे। आज हिंदी विश्व की सर्वाधिक लोकप्रिय भाषाओं में एक है। अनुमान है कि भारत में 55 से 60 करोड़ लोग हिंदी बोलते या देवनागरी लिपि में लिखते हैं, लेकिन हिंदी की बिंदी में अधिकांश लोग उलझ जाते हैं। आपने अक्सर ट्रक के पीछे 'मां का आशीर्वाद' लिखा देखा होगा, लेकिन आशीर्वाद 99 प्रतिशत गलत लिखा पाया होगा, कोई आशिर्वाद तो कोई आर्शीवाद लिख रहा है। कुछ यही स्थिति पत्नी, श्रीमती, निवेदन, कृपा जैसे अनेक शब्दों की भी है, जिन्हें लिखने में अधिकांश लोग त्रुटि करते हैं। वैसे, हिंदी को दुनिया की सबसे सरल भाषा कहा जा सकता है, क्योंकि हिंदी बोलने में आसान है और देवनागरी लिपि ध्वन्यात्मक यानी फोनेटिक है, जैसा बोलो-वैसा लिखो। इसमें अ, आ, इ, ई... स्वर और क, ख, ग...व्यंजन,मिलकर अक्षर बनाते हैं।

विज्ञापन


हिंदी में ध्वनियों का उच्चारण अपेक्षाकृत सीधा एवं नियमित है। संस्कृत से आई विशेष ध्वनियां जैसे ट, ठ, ड, ढ, ण इसे अनोखा बनाती हैं, जो अंग्रेजी या अन्य यूरोपीय भाषाओं में नहीं मिलतीं। हिंदी में शब्द बनाने की क्षमता बहुत लचीली है। हिंदी में तत्सम (संस्कृत से यथावत), तद्भव (संस्कृत से बदले हुए), देशज (लोकभाषाओं से) और विदेशी (फारसी, अरबी, अंग्रेजी आदि से) शब्द पाए जाते हैं। हिंदी के व्याकरण की बात करें तो हिंदी में लिंग (पुल्लिंग–स्त्रीलिंग), वचन (एकवचन–बहुवचन) एवं काल की स्पष्ट व्यवस्था है। क्रियाओं का रूप कर्ता के लिंग और वचन के अनुसार बदलता है, जैसे वह गया (पुल्लिंग) और वह गई (स्त्रीलिंग) है।
विज्ञापन

 

हिंदी केवल भाषा नहीं, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, परंपराओं और भावनाओं से गहराई से जुड़ी हुई है। हिंदी में लोकगीत, मुहावरे, दोहे, चौपाई एवं कहावतें सांस्कृतिक पहचान बनाती हैं। विशेष बात यह है कि हिंदी ने समय के साथ अलग-अलग भाषाओं से शब्द अपनाए हैं। फिर भी हिंदी ने अपनी मौलिक पहचान बनाए रखी है। यही कारण है कि हिंदी को लोकप्रिय और जीवंत भाषा माना जाता है।

विज्ञापन
विज्ञापन


गैर हिंदी भाषी लोगों की बात करें तो जब एक बांग्ला भाषी हिंदी बोलता है तो वह लिंग की गलती कर देता है। दक्षिण भारतीय हिंदी बोलता है तो वह उच्चारण में गड़बड़ी कर देता है। दरअसल, हिंदी में हर संज्ञा पुल्लिंग या स्त्रीलिंग होती है। यह हमेशा अनुमान से नहीं पता चलता, जैसे किताब स्त्रीलिंग और कमरा पुल्लिंग होता है। क्रिया कर्ता के लिंग और वचन के अनुसार बदलती है, जैसे वह गया/वह गई/वे गए। प्रश्न यह है कि आखिर हिंदी कुछ लोगों को कठिन क्यों लगती है? तो उत्तर है, हिंदी में संस्कृत, अरबी, फारसी एवं अंग्रेजी से आए शब्द मिलते हैं, जिससे नए सीखने वालों को कठिनाई होती है। हिंदी बोलना आसान है, लेकिन व्याकरणिक शुद्धता एवं साहित्यिक हिंदी में निपुण होना थोड़ा कठिन है।

 

देवनागरी लिपि में अधिकांश लोग, जिनमें हिंदी भाषी भी शामिल हैं, गलती करते हैं। दरअसल, हिंदी में स्वर-चिह्न (मात्राएं) बहुत हैं, जैसे ि, ई, ु, ऊ, े, ै, ो, औ। यही कारण है कि शीघ्र लिखते समय या ध्यान न देने पर लोग मात्रा बदल देते हैं, जैसे निवेदन को निबेदन या कृपा को किरपा लिख दिया जाता है। फिर लोग अपनी स्थानीय बोली के हिसाब से भी हिंदी लिखते हैं, जैसे पूर्वी उत्तर प्रदेश में सड़क को सड़कवा बोला जाता है और ऐसे ही लिख दिया जाता है।


हालांकि, चुनौतियों के बावजूद हिंदी का वैश्विक प्रसार सराहनीय है। हिंदी सिनेमा और साहित्य ने विश्व स्तर पर हिंदी की लोकप्रिय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। आज डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया के जरिए विदेशी युवाओं में हिंदी की रुचि बढ़ रही है। हिंदी दिवस सम्मेलन, हिंदी दिवस, विदेश मंत्रालय के हिंदी प्रचार कार्यक्रम या कूटनीति एवं सांस्कृतिक प्रचार माध्यमों से भी हिंदी को लोकप्रिय बढ़ रही है। आज के दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) व डिजिटल शिक्षा ने हिंदी को और अधिक सुलभ बनाया है। हम यही संकल्प लें कि केवस एक दिन हिंदी दिवस के रूप में नहीं मनाकर प्रतिदिन हिंदी को समर्पित करें।



-------------------

डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed