बाबा बनाम बाबा: दो सनातनी बाबाओं में खींचतान के मायने?
Baba Ramdev aur Bageshwar Baba vivad: बाबा रामदेव और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बीच हालिया जुबानी जंग ने सनातन और सियासत के रिश्ते पर नई बहस छेड़ दी है। राम-कृष्ण को लेकर विवादित टिप्पणी से शुरू हुआ यह मामला अब दोनों बाबाओं के राजनीतिक प्रभाव, लोकप्रियता और धार्मिक एजेंडे की चर्चा तक पहुंच गया है। आखिर इस तकरार के पीछे की वजह क्या है?
विस्तार
Baba Ramdev vs Bageshwar Baba Controversy: हाल में देश में दो शीर्ष सनातनी बाबाओं के बीच जिस तरह से ‘दे दनादन’ वाली तकरार देखने को मिली, उससे आम सनातनी के मन में यह सवाल घुमड़ रहा है कि ये बाबा लोग सच में सनातन की सेवा कर रहे हैं या फिर इसकी आड़ में केवल अपना या किसी और का एजेंडा आगे बढ़ा रहे हैं। ऐसा एजेंडा, जिसका मूल उद्देश्य धार्मिक कम, राजनीतिक ज्यादा है।
सवाल यह भी है कि जब दोनो बाबाओं के काम और तरीके अलग-अलग हैं तो दोनो एक दूसरे पर खार क्यों खा रहे हैं? क्या इसके पीछे राजनीतिक आशीर्वाद पाने प्रतिस्पर्द्धा में आगे निकलने का गुरूर अथवा पिछड़ने की बौखलाहट है, जो इस तरह परस्पर गाली गलौज के रूप में निकल रही है। हालांकि विवादित बयानबाजी और एक दूसरे को बेनकाब करने के अंदाज में प्रयुक्त शब्दावली पर दोनो ने माफी भी मांग ली, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने इस सवाल को भी रेखांकित कर दिया कि आज किस सनातनी बाबा की राजनीतिक उपयोगिता ज्यादा है? इस लिहाज से योग गुरु बाबा रामदेव, उनसे आधी उम्र के कथावाचक बागेश्वर धाम बाबा से बीट होते दिखाई पड़ रहे हैं, जो कभी भाजपा नेताओं की आंखों के तारे हुआ करते थे।
गौरतलब यह भी है कि कभी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ सौ फीसदी खड़े रहने वाले बाबा रामदेव की मोदीजी ने अधिकतम तारीफ इतनी ही की कि बाबा ने योग के क्षेत्र में जन जागरूकता का अच्छा काम किया है, जबकि बाबा बागेश्वर उर्फ धीरेन्द्र शास्त्री को मोदीजी ने अपना ‘छोटा भाई’ कह डाला। बाबा रामदेव योग गुरु और बहुत बड़े व्यवसायी हैं, जबकि बाबा बागेश्वर कथा गुरू और भूत-प्रेत से मुक्ति दिलाने वाले तांत्रिक भी कहे जाते हैं।
विज्ञापन विज्ञापन
आखिर क्या अंतर है दोनों में?
यूं आपस में दोनो की कोई तुलना नहीं है। बाबा रामदेव करीब 25 साल से लोगों को योग साधना सिखा रहे हैं। लेकिन उनका राजनीतिक उदय अन्ना आंदोलन के समय हुआ। इसके बाद उन्होंने 2013 में भाजपा और आरएसएस द्वारा नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री पद का प्रत्याशी बनाने का खुला समर्थन किया। वो स्वदेशी आंदोलन के पैरोकार तो थे ही। इस स्वदेशी’ का बाबा को यह लाभ हुआ कि बीते 10 व्रषों में उनके ब्रांड ‘पतंजलि’ का सालाना कारोबार 5 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर 40 हजार करोड़ रुपये. से ज्यादा तक जा पहुंचा है। बाबा रामदेव ने पीएम मोदी के 75 वे जन्मदिन पर अपनी बधाई में उन्हें ‘भारत के लिए भगवान का वरदान’ बताया। वे मोदी सरकार की आर्थिक और विदेश नीति के भी समर्थक रहे हैं।
इधर बाबा बागेश्वर उर्फ पं.धीरेन्द्र शास्त्री का सितारा देश के आध्यात्मिक राजनीतिक आकाश पर करीब पांच साल पहले उगा। वो पर्ची पर भविष्य बताने और भूत प्रेतों को भगाने की शक्ति के कारण ख्यात हुए और आज सतानती फलक पर बाबा नंबर वन हैं। वो भाजपा के सदस्य नहीं हैं,लेकिन भाजपा उनके चरणों में है। क्योंकि बाबा बागेश्वर हिंदुत्व के मुखर पैरोकार हैं और भाजपा के एजेंडे को सनातनी आवरण में प्रस्तुत करने में उन्हें कोई संकोच नहीं है। चूंकि वो कुशल कथावाचक भी हैं, इसलिए हर बात को सूक्ष्म सियासी ग्रेनेड के रूप में फेंकने से नहीं चूकते।
ताजा मामला ‘राम बनाम कृष्ण’ चरित्र का है। इसी महीने शिवपुरी जिले के करैरा में कथा करते समय बाबा बागेश्वर ने एक ऐसी टिप्पणी की, जिससे सियासी क्लेश खूब मचा। बाबा ने तंजिया लहजे में कहा कि हमारे भगवान राम की चाल सीधी है, जबकि कृष्ण त्रिभंगी और टेढ़े हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ( कृष्ण का) बंसी बजाना खेल है, लेकिन (राम का) धनुष चलाना खेल नहीं है।
बाबा बागेश्वर को भगवान विष्णु के दोनो अंशावतारों राम और कृष्ण की इन शब्दों में तुलना की जरूरत क्यों आन पड़ी, इसका ठीक-ठीक औचित्य अभी समझ नहीं आया है, लेकिन बाबा के इस वक्तव्य को, उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के संदर्भ में पढ़ा गया। माना गया कि यह टिप्पणी बाबा बागेश्वर की मति की उपज कम, एक महीन एजेंडे की सुरसुरी है, जिसमें बहुदेववादी सनातनियों को राम और कृष्ण समर्थकों में वोटों के हिसाब से बांटने की चाल है। चूंकि भगवान कृष्ण ने यादव कुल में जन्म लिया था, इसलिए परोक्ष रूप से निशाना सीधा यादवों पर था। समाजवादी पार्टी ने बाबा बागेश्वर के बयान की तीखी आलोचना की। लेकिन बीजेपी के अधिकांश नेता इस पर मौन ही रहे। ऐसे में जवाबी हमले का दायित्व बाबा रामदेव ने संभाला, जो स्वयं यादव समाज से हैं। बाबा रामदेव ने बाबा बागेश्वर की तीखे शब्दों में भर्त्सना की। उन्होंने कहा कि बाबा बागेश्वर का सीधे नाम न लेते हुए कहा कि वह पाखंडी, धूर्त है। उसकी मति मारी गई है।
रामदेव के बयान का मकसद?
जमशेदपुर में आयोजित एक कथा कार्यक्रम में बाबा रामदेव ने गुस्से में कहा कि कुछ कथाकार धर्म और भूत-प्रेत बाधा के नाम पर लोगों को डराकर उनका शोषण करते हैं। लोग वेद, पुराण नहीं पढ़ते, न ही संविधान और लोकतंत्र की समझ रखते हैं। इसके बावजूद खुद को सनातनी बताकर हिंदू धर्म बचाने की बात करते हैं। उन्होंने बाबा बागेश्वर को चुनौती देने के अंदाज में कहा कि अरे, तू खुद को ही बचाले बावले।‘ हालांकि इस बयान के छह दिन पूर्व ही बाबा रामदेव ने कुंडा में आयोजित कथा में बाबा बागेश्वर को ‘भगवान का अंशावतार’ बताया था। बाबा रामदेव के हमले पर बाबा बागेश्वर ने ठंडी प्रतिक्रिया दी और कहा कि बाबा रामदेव हमसे बड़े हैं। उनका प्यार और मार दोनों हमें स्वीकार है। उधर बाबा रामदेव ने भी बाद में अपनी इस उग्र प्रतिक्रिया पर आत्मबोध अथवा किसी ‘दबाव’ के चलते खेद व्यक्त किया।
जाहिर है कि दो सनातनियों के बीच जिस तरह का यह विवाद हुआ, वह भारतीय ज्ञान परंपरा की ‘वादे-वादे जायते तत्वबोध:’ की भावना के अनुरूप तो कतई नहीं था। असल सवाल यह है कि आखिर बाबा रामदेव ने बाबा बागेश्वर पर जवाबी हमला क्यों किया, और क्यों बाबा बागेश्वर ने राम और कृष्ण के बीच लक्ष्मण रेखा खींचने की हिमाकत की, जबकि हर सनातनी भगवान के सारे अवतारों को समान आदर के भाव से पूजते हैं। तो क्या ये दोनो बाबा सनातनियों के बीच सियासी पार्टियों के राजनीतिक एजेंडा पूरा करने की होड़ है?
गहराई से देखें तो संघ और भाजपा का जोर रामावतार को हिंदुओं का मुख्य आराध्य मानने पर ज्यादा है, हालांकि अब समाजवादी पार्टी को उलझन में डालने के लिए उसने मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर कृष्ण मंदिर बनाने को भी अपने एजेंडे पर ले लिया है, लेकिन उसे लगता है कि इस मुद्दे को राम मंदिर की तरह पकाना बहुत मुश्किल है। वैसे भी यूपी में यादव वोट अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी को छोड़कर भाजपा की झोली में आएगा, इसकी संभावना बहुत कम है, लिहाजा गैर यादव राम भक्त और यादव कृष्ण भक्त वोटों की राजनीतिक हदबंदी अभी से तय कर दी जाए। इस दृष्टि से बाबा बागेश्वर के विवादित बयान की टाइमिंग भी महत्वपूर्ण है। क्योंकि अगर राम और कृष्ण के चरित्र को लेकर यह उनकी अपनी टिप्पणी भर होती तो वह यह पहले भी कभी कह सकते थे।
इधर बाबा रामदेव अगर बाबा बागेश्वर पर अचानक बिफर उठे हैं तो इसके और कारण भी हैं। एक तो उनके ब्रांड पतंजलि के उत्पादों की गुणवत्ता सवालों के घेरे में आ गई है। दूसरे बाबा रामदेव ने पिछले कुछ समय से भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा सरकारों को कटघरे में खड़ा करने की कोशिश की है। इससे भी भाजपा में उनके नंबर कम हुए हैं और बाबा का राजनीतिक रसूख घटा है। इसके विपरीत बाबा बागेश्वर का ग्राफ भाजपा की नजरों में तेजी से बढ़ा है। वो हिंदू एकता की जमकर पैरोकारी कर रहे हैं और मुसलमानों के खिलाफ बोलने में उन्हें कोई गुरेज नहीं है। भाजपा शासित राज्यों में वो राजकीय संत की तरह लगातार कथाएं कर रहे हैं। बाबा बागेश्वर के धार्मिक और आध्यात्मिक ज्ञान पर सवाल उठ हो सकते हैं, लेकिन वो अपनी बात को सरल अंदाज और एक सुविचारित उद्देश्य के साथ कहने में माहिर हैं।
जहां तक सनातनियों में दोनो बाबाओं की लोकप्रियता की बात है तो दोनो के अनुयायियों की संख्या लाखों में है। हालांकि इसका कोई निश्चित आंकड़ा उपलब्ध नहीं है, लेकिन सोशल मीडिया के आंकड़ों पर यकीन करें तो बाबा रामदेव के फेसबुक पर 1.28 करोड़ और बाबा बागेश्वर के 1.75 करो़ड़ फाॅलोअर हैं। इसी तरह यू-ट्यूब पर बाबा रामदेव के 1.17 करोड़ तो बाबा बागेश्वर के 1.2 करोड़ फाॅलोअर हैं। इंस्टाग्राम पर बाबा रामदेव के 27 लाख तो बाबा बागेश्वर के 48 लाख फाॅलोअर बताए जाते हैं। इसके अलावा बाबा बागेश्वर की हर कथा में लाखों लोग जुटते हैं।
संक्षेप में कहें तो लोकप्रियता और राजनीतिक स्वीकार्यता की दौड़ में बाबा रामदेव अब बाबा बागेश्वर से पिछड़ गए हैं। बाबा बागेश्वर का कोई घोषित कारोबार नहीं है, सिवाय कथावाचन के। जबकि बाबा घोषित रूप से कॉरपोरेट किंग बन चुके हैं। न्यूसेंस वेल्यू में भी बाबा बागेश्वर ने बाबा रामदेव को पीछे छोड़ दिया है। इसीलिए उनके राम-कृष्ण वाले विवादित बयान पर भी हिंदू समाज आहत भले हुआ हो पर आंदोलित नहीं हुआ। बाबाओं की तनातनी अपनी जगह है, लेकिन राजनीतिक देवत्व में कौन सीधा है और कौन टेढ़ा है, यह यूपी विधानसभा चु्नाव नतीजों से तय होगा। आश्चर्य नहीं कि उसके बाद बाबा बागेश्वर कोई नया योगासन करने लगें या बाबा रामदेव नई कथा सुनाने लगें।
__________________________________________________________
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।
