फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Blog ›   Atonement British metafictional novel written by Ian McEwan

फिल्मों-उपन्यास की जादुई दुनिया: अटोनमेंट- प्रेम, प्रतिद्वंद्विता और झूठ

Thu, 23 Feb 2023 04:32 PM IST
Dr. Vijay Sharma डॉ. विजय शर्मा
Updated Thu, 23 Feb 2023 04:32 PM IST
सार

इआन मैकइवान ‘अटोनमेंट’ में द्वितीय विश्वयुद्ध के काल में एक इंग्लिश परिवार की कहानी कहते हैं। निर्देशक जो राइट ने 2007 में इस पर फिल्म भी बनाई। फिल्म में अभिनय, कहानी और कैमरावर्क सब उत्तमकोटि का है।

विज्ञापन
Atonement British metafictional novel written by Ian McEwan
अटोनमेंट नॉवेल - फोटो : Twitter

विस्तार

भाई-भाई, भाई-बहन अथवा बहन-बहन में प्रतिद्वंद्विता होना कोई नई बात नहीं है। ‘सिबलिंग राइवलरी’ पर मनोविज्ञान में काफी शोध-सामग्री उपलब्ध है। इसी आधार पर 2001 में इआन मैकइवान का उपन्यास ‘अटोनमेंट’ आया। इस प्रतिद्वंद्विता का दोनों ओर होना जरूरी नहीं है। कई बार यह एकतरफा होता है। बहनों में ईर्ष्या होना स्वाभाविक है। ईर्ष्या केवल एक के मन में हो सकती है।

विज्ञापन


इआन मैकइवान ‘अटोनमेंट’ में द्वितीय विश्वयुद्ध के काल में एक इंग्लिश परिवार की कहानी कहते हैं। निर्देशक जो राइट ने 2007 में इस पर फिल्म भी बनाई। फिल्म में अभिनय, कहानी और कैमरावर्क सब उत्तमकोटि का है। फिल्म वर्तमान-अतीत में आती-जाती ब्रिओनी सिसिलिया -रोबी के जीवन के विभिन्न मोड़ों को दिखाती है। सीमस मैगार्वे के सिनेमेटोग्राफी का कमाल, सटीक सेट डिजाइनिंग का श्रेय सराह ग्रीनवुड को जाता है।

विज्ञापन


अटोनमेंट की कहानी

झूठ बोलने और उस झूठ से नष्ट हुए कई जीवन, झूठ का परिमार्जन करने के प्रयास में लगे व्यक्ति की कहानी है, ‘अटोनमेंट’। छोटी बहन ब्रिओनी सदा कल्पना जगत में जीती है। उसके भीतर नाटक सृजन की बेचैनी है। उसे हर नाटक अपने ढंग से चाहिए होता है। बड़ी बहन सिसिलिया (कैरा नाइटली) और रोबी टर्नर बचपन के दोस्त हैं। रोबी उनकी नौकरानी का प्रतिभाशाली युवा बेटा है जिसकी पढ़ाई इन बहनों के पिता द्वारा करवाई जा रही है। 

विज्ञापन
विज्ञापन


एक बार अपमानित और चिढ़ी हुई छोटी ब्रिओनी अपनी खिड़की से अपनी बहन सिसिलिया और उसके दोस्त रोबी के बीच कुछ तनाव देखती है। छोटी बच्ची को लगता है कि वह सब समझती है और वह इसे लड़के का गलत व्यवहार समझती है। फिल्म कई नजरों से दिखाई गई है। दर्शक कुछ देर बाद देखता है, और जानता है कि ब्रिओनी ने जाने-अनजाने में ऐसा क्यों किया। क्यों उसने माता-पिता और पुलिस के सामने कहा कि रोबी ‘सेक्स मैनियाक’ है। वह दावा करती है कि उसने अपनी आंखों से रोबी को लोला का रेप करते देखा है। बाद में इसी सीन को दर्शक दोबारा दूसरे रंग में देखता है। 

दर्शक देखता है कि बचपन से वह रोबी के प्रति आकर्षित थी। रोबी उसे केवल एक बच्ची समझता है, उसके व्यवहार को अनदेखा करता है। तैरना सिखाने के नाम पर वह रोबी के करीब आना चाहती है, रोबी उसे झटक देता है। ब्रिओनी को यह अपना अपमान लगा। आज जब उसने सिसिलिया और रोबी को दूर फव्वारे के निकट देखा और सिसिलिया पानी में कूदी तो ब्रिओनी को लगा कि रोबी उसकी बहन के साथ कुछ गलत कर रहा है। जबकि उस दिन रोबी और सिसिलिया ने पहली बार अपने प्रेम का इजहार किया था। 

डिनर के लिए जाने से पहले रोबी ब्रिओनी को एक पत्र सिसिलिया को देने के लिए देता है। दिनभर की घटनाओं से उलझी और आहत ब्रिओनी पत्र पढ़ती है। रोबी ने अनजाने में गलत पत्र दे दिया था। पत्र पढ़कर वह घृणा और जलन से भर कर लोला से कहती है कि रोबी बहुत खतरनाक है। दोनों सोचती हैं कि रोबी को पुलिस को सौंप देना चाहिए। वह सिसिलिया को पत्र दे देती है, सिसिलिया को पता चल जाता है कि ब्रिओनी ने पत्र पढ़ा है।

इसी बीच सिसिलिया और रोबी लाइब्रेरी में मिलते हैं। ब्रिओनी के घाव पर नमक लग जाता है जब वह परदे के पीछे से इनका मिलन देख लेती है। ईर्ष्या, क्रोध से वह और भ्रमित हो जाती है। रोबी की चरित्रहीनता के प्रति उसका विश्वास और पक्का हो जाता है। भविष्य की इस लेखिका की कल्पनाशक्ति का कमाल है वह जीवन भर कहानियां गढ़ती है। इस घटना के बाद वह सदा लिखती है। लिखती है, अपने अपराधबोध से छुटकारा पाने के लिए, प्रायश्चित के लिए।  

बचपन में वह बड़े विश्वास के साथ कहती है, ‘मैंने अपनी आंखों से देखा है।’ वह रोबी का पत्र अपनी मां और पुलिस को दिखाती है। इसके बाद किसी को कोई शक नहीं रहता है। विश्वास नहीं होता है तो केवल सिसिलिया और रोबी की मां को। इससे क्या होता है? जो नुकसान होना था वह हो चुका है। रोबी को पुलिस पकड़ ले जाती है। रोबी-सिसिलिया के साथ खुद ब्रिओनी का जीवन सदा के लिए नष्ट हो जाता है।
 

Atonement British metafictional novel written by Ian McEwan
अटोनमेंट नॉवेल पर आधारित फिल्म का दृश्य - फोटो : Twitter

ब्रिओनी एक ओर कथावाचिका है तो दूसरी ओर एक चरित्र भी है। ब्रिओनी कथा लेखिका बनती है। उसमें बचपन से यह गुण था, लेकिन आगे का उसका लेखन उसके दमित भावनाओं से उत्पन्न अपराधबोध का परिणाम है। 


ब्रिओनी के किरदार में तीन अभिनेत्रियां

पूरी फिल्म में ब्रिओनी के किरदार में तीन अलग-अलग अभिनेत्रियों ने काम किया है। तेरह वर्ष की ब्रिओनी बनी वास्तव में बारह वर्ष की सीर-शा रोनन है। उसकी यह पहली फिल्म है और पहली फिल्म में उसने कमाल किया है। इतनी नियंत्रित एक्टिंग गिने-चुने अनुभवी कलाकार कर पाते हैं। बच्ची के रूप में वह संवादों से अधिक अपनी आंखों और चेहरे की मुद्रा से अभिव्यक्ति करती है।

रोनन को बेस्ट सपोर्टिव एक्टर के लिए नामांकन मिला था। रोमोला गराई ने 18 साल युवती ब्रिओनी के किरदार को निभाया है और 77 साल की उम्र के इस चरित्र को मंजी हुई कलाकार वैनेसा रेडग्रैव ने साकार किया है। मेहनत और लगन का फल है बच्ची से बूढ़ी ब्रिओनी के किरदार के मैनेरिज्म में एकरूपता।

अस्पताल में नर्स के रूप में ब्रिओनी सैनिकों के संपर्क में आती है। चूंकि ब्रिओनी फ्रेंच जानती थी अत: उसे एक घायल-मरते हुए फ्रेंच सैनिक (ल्यूक कोर्नेट) के पास भेजा जाता है। वह स्मृतिभ्रम में उसे अपनी इंग्लिश गर्लफ्रैंड समझता है। इस लड़की से उसका विवाह होने वाला था। मरते समय वह पूछता है, “क्या वह उसे प्यार करती है?” ब्रिओनी का उत्तर “हां” है, इसलिए नहीं क्योंकि कोई अन्य उत्तर संभव न था बल्कि उस पल वह सच में उसके प्यार में थी। बाद में वह दिवास्वप्न देखती है, अपनी और इस सैनिक के विवाह और फिर उसके परिवार के साथ रहने का।

फिल्म में टाइपराइटर की खट खट खट खट का अपना महत्व है। इस फिल्म में दो लोग टाइपराइटर का प्रयोग करते हैं। जाहिर है एक ब्रिओनी है, बचपन से वह लेखक बनने का ख्वाब पाले हुए है। दूसरा रोबी। टाइपराइटर की ध्वनि को संगीतकार डारिओ मारिआनेली ने अपने संगीत में पियानो संगीत के साथ आत्मसात कर लिया है।

सच्चाई केवल फिल्म के अंत में सामने आती है। दशकों बाद ब्रिओनी एक उम्रदराज स्त्री (वेनेसा रेडग्रेव) व नामी लेखिका है। वह वास्तविकता दर्शक के सामने खोलती है। उसकी आत्मकथात्मक ‘अटोनमेंट’ हाल में आई है। साक्षात्कार के दौरान वह बताती है कि वह मरने वाली है, उसे वस्कुलर डेम्नेशिया हो गया है। किताब का अंतिम हिस्सा काल्पनिक है।

किताब के अंतिम हिस्से में उसने दिखाया है कि सिसिलिया और रोबी की शादी हो गई है। जबकि रोबी के युद्ध में जाने के बाद वे कभी नहीं मिले। रोबी डंकिर्क में मर गया था और कुछ महीनों बाद ब्लिट्ज पर बम वर्षा के दौरान बाल्हाम ट्यूब स्टेशन में आई बाढ़ में सिसिलिया की भी मौत हो गई थी। 



डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदाई नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed