Ramnagar News: बारिश के चलते उफान पर आया रिंगोड़ा नाला, बाइक सवार बचे
मूसलाधार बारिश के बाद एनएच-309 पर रिंगोड़ा नाला उफान पर आ गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। नाले को पार करने के प्रयास में एक बाइक तेज बहाव की चपेट में आ गई और चालक संतुलन खो बैठा। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने बाइक सवारों को बचा लिया।
विस्तार
मूसलाधार बारिश के बाद बुधवार शाम नेशनल हाईवे-309 पर रिंगोड़ा का बरसाती नाला उफान पर आ गया। तेज बहाव के कारण सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसी बीच कुछ बाइक सवारों ने उफनते नाले को पार करने का प्रयास किया। इस बीच एक बाइक तेज बहाव की चपेट में आ गई। संतुलन बिगड़ने से चालक ने बाइक को छोड़ दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बिना देर किए पानी में उतरकर बाइक सवारों दो युवकों को संभाला। काफी मशक्कत के बाद बाइक को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
स्थानीय लोगों की तत्परता और सूझबूझ से बड़ा हादसा बच गया। एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि बृहस्पतिवार को रिंगोड़ा नाले में किसी तरह का जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। उन्होंने जलस्तर कम होने के बाद ही लोगों से बरसाती नाले और नदियों को पार करने की अपील की।