शर्मनाकः पुष्कर में विदेशी पर्यटकों से मारपीट, महिलाओं के कपड़े फाड़े
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश में बेशक मेहमानों को अतिथि देवो भवः का दर्जा दिया जाता हो लेकिन कुछ लोगों के लिए इन शब्दों के कुछ मायने नहीं हैं, उनकी हरकतें देश के साथ ही देशवासियों के लिए भी शर्मिदंगी की वजह बन जाती हैं।
ऐसा ही वाक्या सामने आया है राजस्थान के पुष्कर में जहां विदेशी पर्यटकों के साथ शराब के नशे में धुत कुछ युवकों ने मारपीट की और उनकी महिला मित्रों के कपड़े फाड़ दिए। लहूलुहान हालत में विदेशी पर्यटकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, हादसे के बाद से चारों युवक युवती काफी सहमे हुए हैं।
जानकारी के अनुसार विदेशी पर्यटक माइकल और साईमन अपनी महिला मित्रों के साथ घूमने के लिए राजस्थान के पुष्कर में आए हुए थे। दोनों युगल किराए की मोटरसाइकिलें लेकर अजमेर के निकट स्थित पर्यटक स्थल अजयपाल में घूमने आए थे।
पुष्कर घूमने आए थे चार युवक युवती
इसी दौरान वहां बैठे शराब पी रहे पांच युवकों की निगाह उन पर पड़ गई। युवकों ने पहले विदेशी युवकों के साथ चल रही महिला मित्रों पर अश्लील फब्तियां कसनी शुरू कर दी।
माइकल और उसके दोस्तों को उनके इरादों का एहसास हुआ तो वो तेजी से वहां से निकलने लगे, लेकिन शराबी युवकों ने भागकर एक महिला पर्यटक का हाथ पकड़ लिया। उन्होंने महिला के साथ जबरदस्ती करते हुए उसके कपड़े फाड़ने शुरू कर दिए, इसका माइकल ने विरोध किया तो युवकों ने उस पर पत्थर से हमला कर दिया।
हमले में माइकल का सिर फट गया, उसके सारे कपड़े खून में सन गए। महिलाओं ने शोर मचाया लेकिन कोई उनकी मदद के लिए आगे नहीं आया। इसी बीच साइमन ने इसकी सूचना पुष्कर में सामाजिक संस्था चलाने वाले अमित भट्ट को सूचना दी, वह तुरंत मौके पर पहुंचे तो आरोपी युवक भाग निकले।
आरोपियों ने मोबाइल और कैमरा भी लूटा
भट्ट ने अपने साथियों के साथ मिलकर घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर एसपी नितिनदीप ब्लग्गन भी अस्पताल पहुंचे और पीड़ितों से बातचीत की। युवकों की बर्बरता से महिला पर्यटक इस कदर सहमी हुईं थी कि काफी देर तक भी सामान्य स्थिति में नहीं आ सकीं।
बताया जा रहा है आरोपी युवक पर्यटकों से दो कैमरे और मोबाइल लूट कर भी ले गए। पुलिस ने उनसे पूछताछ के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। कई संदिग्ध लोगों को भी हिरासत में लिया गया।
घायल युवक अमेरिका और दोनों महिलाएं स्पेन और टर्की की रहने वाली हैं, जबकि एक युवक की राष्ट्रीयता का पता नहीं चल सका है। हालांकि देर शाम तक पीड़ित पर्यटकों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई थी।