Chhattisgarh Election: कांग्रेस ने 30 उम्मीदवारों की सूची की जारी, सीएम भूपेश बघेल पाटन से लड़ेंगे चुनाव
Chhattisgarh Congress Candidates List: कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में आगामी चुनाव के लिए 30 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। सीएम भूपेश बघेल पाटन से, डिप्टी सीएम टीएस सिंह देव अंबिकापुर से चुनाव लड़ेंगे।
विस्तार
कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में आगामी चुनाव के लिए 30 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। सीएम भूपेश बघेल पाटन से, डिप्टी सीएम टीएस सिंह देव अंबिकापुर से चुनाव लड़ेंगे। सीएम बघेल ने पहले ही कहा था कि नवरात्रि के पहले दिन रविवार को पार्टी उम्मीदवारों की लिस्ट जारी करेगी।
पार्टी ने कोरबा से जय सिंह अग्रवाल, कवर्धा से मोहम्मद अकबर, खैरागढ़ से यशोदा वर्मा, कांकेर से शंकर ध्रुव, नारायणपुर सीट से चंदन कश्यप, दंतेवाड़ा से के छविंद्र महेंद्र कर्मा और बस्तर से लखेश्वर बघेल को उम्मीदवार बनाया है।
कांग्रेस की पहली सूची में बघेल कैबिनेट के सभी मंत्रियों को टिकट मिला है। एक की सीट बदली गई है। विधासभा अध्यक्ष चरण दास महंत फिर से सक्ती से मैदान में हैं। भूपेश बघेल सरकार में मंत्रीगुरु रुद्र कुमार की सीट बदल दी गई है। उन्हें इस बार अहिवारा की जगह नवागढ़ सीट से मैदान में उतारा गया है।
यहां देखें कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली लिस्ट-
- अंबिकापुर से त्रिभुनेश्वर शरण सिंहदेव, वर्तमान कैबिनेट मंत्री
- सीतापुर से अमरजीत भगत, वर्तमान कैबिनेट मंत्री
- खरसिया से उमेश पटेल, वर्तमान कैबिनेट मंत्री
- कोरबा से जयसिंह अग्रवाल, वर्तमान विधायक
- सक्ति से डॉ. चरण दास महंत, वर्तमान स्पीकर
- आरंग से डॉ. शिवकुमार डहरिया, वर्तमान कैबिनेट मंत्री
- डोंडीलोहारा से अनिला भेंड़िया, वर्तमान कैबिनेट मंत्री
- पाटन से भूपेश बघेल, सीएम
- दुर्ग ग्रामीण ताम्रध्वज साहू, गृहमंत्री
- साजा से रविंद्र चौबे, वर्तमान कैबिनेट मंत्री
- नवागढ़ से गुरु रुद्र कुमार, वर्तमान कैबिनेट मंत्री
- पंडरिया से नीलकंठ चंद्रवंशी
- कवर्धा से मोहम्मद अकबर, वर्तमान कैबिनेट मंत्री
- खैरागढ़ से यशोदा वर्मा
- डोंगरगढ़ से हर्षिता स्वामी बघेल
- राजनांदगांव से गिरीश देवांगन
- डोंगरगांव से दिलेश्वर साहू
- खुज्जी से भोलाराम साहू
- मोहला-मानपुर से इंद्रशाह मंडावी
- अंतागढ़ से रूप सिंह पोटाई
- भानुप्रतापपुर से सावित्री मांडवी
- कांकेर से शंकर ध्रुव
- केशकाल से संतराम नेताम
- कोंडागांव से मोहनलाल मरकाम
- नारायणपुर से चंदन कश्यप
- बस्तर से लखेश्वर बघेल
- चित्रकोट से दीपक बैज, वर्तमान पीसीसी चीफ
- दंतेवाड़ा से छविंद्र कर्मा
- बीजापुर से विक्रम मंडावी
- कोंटा से कवासी लखमा, वर्तमान कैबिनेट मंत्री
3 एससी, 14 एसटी, 1 अल्पसंख्यक वर्ग से टिकट
कांग्रेस की पहली सूची में 3 अनुसूचित जाति से, 14 अनुसूचित जनजाति वर्ग से उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की गई है। वहीं एक अल्पसंख्यक वर्ग के नेता मोहम्मद अकबर को टिकट दिया गया है।
बस्तर सांसद को भी उतारा चुनावी मैदान में
कांग्रेस ने बस्तर सांसद को भी चुनावी मैदान में उतारा है। बस्तर सांसद दीपक बैज को चित्रकोट सीट से मौका दिया गया है। यहां से राजमन बेंजाम का टिकट काटा गया है, वह चित्रकोट उपचुनाव 2019 जीते थे।
साहू समाज से तीन नेताओं को मौका
कांग्रेस ने अपनी पहली लिस्ट में 3 साहू समाज के नेताओं को टिकट दिया है। इसमें दुर्ग ग्रामीण से गृहमंत्री ताम्रध्यक्ष साहू, डोंगरगढ़ से बालेश्वर साहू और खुज्जी से भोलाराम साहू को मौका दिया गया है। पिछली बार भोलाराम साहू का टिकट कटा था। और संदीप साहू को टिकट मिला था। इस बार संदीप साहू का टिकट काटकर भोलाराम साहू को दोबारा मौका दिया गया है
कर्मा परिवार
कर्मा परिवार से देवती कर्मा के बेटे छविंद्र कर्मा को मौका दिया गया है। देवती कर्मा का टिकट काटकर उनके बेटे छविंद्र कर्मा को टिकट दिया गया है। हालांकि उनके परिवार में ही टिकट मिला है।
रुद्र कुमार ने 3 बार बदली सीट
मंत्री गुरु रुद्र कुमार ने तीन बार सीट बदली है। गुरु रुद्र कुमार को पहले पहली बार रायपुर जिले के आरंग से, दूसरी बार दुर्ग जिले के अहिवारा और अब बेमेतरा जिले के नवागढ़ से चुनाव रण में उतरेंगे।
इन सीटों पर फैसला बाकी
बीजेपी ने अब तक 85 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार दिए हैं। वहीं कांग्रेस ने 30 सीटों पर उम्मीदवारों को टिकट दिया है। 90 सीटों वाले विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी ने 5 सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित नहीं किए हैं। इनमें बेमेतरा, पंडरिया, अंबिकापुर, बेलतरा, कसडोल सीटें शामिल हैं। वहीं कांग्रेस ने भी पहले चरण में जगदलपुर में अपने पत्ते अभी तक नहीं खोले हैं। इसके अलावा दूसरे चरण के चुनाव के लिए 11 प्रत्याशियों ने नामों की घोषणा कर चुकी है। कांग्रेस ने 60 सीटों पर अभी तक प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं।
इससे पहले बसपा ने आठ अगस्त को नौ प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी की थी। इसके बाद भाजपा ने 17 अगस्त को 21 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी की थी। फिर नौ अक्टूबर को 64 प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट जारी की थी। छत्तीसगढ़ आम आदमी पार्टी ने अपने प्रत्याशियों की पहली सूची नौ सितंबर और दूसरी दो अक्टूबर को जारी की थी। पहली सूची में जहां 10 प्रत्याशियों को टिकट दिया था। वहीं, दूसरी सूची में 12 प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में उतारा है। इसके बाद आम आदमी पार्टी ने 13 अक्टूबर को तीसरी सूची जारी की थी। इसमें 11 प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में उतारा था। इस तरह से आम आदमी पार्टी अब तक कुल 33 प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में उतार चुकी है। बता दें कि छत्तीसगढ़ की कुल 90 विधानसभा सीट के लिए दो चरणों में चुनाव होगा। पहले चरण का मतदान सात नवंबर को होगा और 17 नवंबर को दूसरे चरण के लिए वोट डाले जाएंगे। वहीं, तीन दिसंबर को नतीजे आएंगे।