Kabirdham: करोड़ों रुपये के गहने चोरी का मामला, पुलिस ने आरोपी शिव चन्द्रवंशी के जिम को किया सील
जिम में करीब 70 लाख रुपए से अधिक का सामान मौजूद है। गौरतलब है कि आरोपी शिव चन्द्रवंशी का यह जिम कवर्धा शहर का सबसे महंगा जिम है। इस जिम में ऐसी सुविधाएं मौजूद है, जो देश के कई बड़े शहरों में मिलती है।
विस्तार
बीते दिनों बिलासपुर पुलिस ने करोड़ों रुपये के गहने चोरी करने के मामले में आरोपी कवर्धा निवासी लोकेश श्रीवास व शिव चन्द्रवंशी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद अब बिलासपुर पुलिस द्वारा जांच शुरू कर दी गई है। सोमवार शाम के समय बिलासपुर पुलिस की टीम कवर्धा आई हुई थी। पुलिस ने इस मामले में शामिल शिव चन्द्रवंशी के जिम को सील कर दिया है। पुलिस को शक है कि आरोपी द्वारा चोरी किए गए गहने को बेचकर जिम में खपाया गया है। आरोपी शिव चन्द्रवंशी द्वारा कवर्धा शहर के गायत्री मंदिर के पास एक जिम का संचालन करता था। इसी प्रकार लोकेश श्रीवास कवर्धा में मेंस पार्लर चलाया करता था। वहीं मंगलवार को सुबह जांच के बाद बिलासपुर पुलिस वापस लौटने वाली है।
जिम में करीब 70 लाख रुपए से अधिक का सामान मौजूद है। गौरतलब है कि आरोपी शिव चन्द्रवंशी का यह जिम कवर्धा शहर का सबसे महंगा जिम है। इस जिम में ऐसी सुविधाएं मौजूद है, जो देश के कई बड़े शहरों में मिलती है। कवर्धा जैसे नगर पालिक क्षेत्र में आरोपी यह सुविधा दे रहा था। इस जिम में कई सामान विदेश के थे। हालांकि, पुलिस ने पूरी जिम को सिल कर दिया है।
कबीरधाम पुलिस भी हिस्ट्री निकाल रहीं
इधर कबीरधाम पुलिस ने भी आरोपी लोकेश के संबंध में पूरी हिस्ट्री निकाल ली है। मुख्य आरोपी लोकेश श्रीवास मुलत: कबीरधाम जिले का रहने वाला है। उसने पहली चोरी 20 मई 2006 को पांडातराई के एक मकान से नकदी के साथ एक मोटरसाइकिल चोरी की। तीन नवंबर 2012 में कवर्धा के एक मंदिर में चांदी का कमरपट्टा, मुकुट, जेवर आदि (47 हजार रुपये) की चोरी की। 24 फरवरी 2013 को कवर्धा में मकान का ताला तोड़कर करीब 1.50 लाख रुपये के जेवर चुराए। छह जुलाई 2014 की रात में कवर्धा में ही एक मोबाइल दुकान का ताला तोड़कर 88 मोबाइल और नकदी (4.80 लाख रुपये) की चोरी की। छह अप्रैल 2016 को पंडरिया में दुकान से नकद 19 रुपये की चोरी की। 14 अगस्त 2016 को कवर्धा में एक दुकान से 20 हजार रुपये के कपड़े चुराए। 23 जुलाई 2017 को कवर्धा में सूने मकान का ताला तोड़कर 40 हजार रुपये के सोने-चांदी के जेवर की चोरी की। 19 अप्रैल 2017 को रात में पंडरिया में मोबाइल दुकान का ताला तोड़कर मोबाइल व नकदी (4.67 लाख रुपये) की चोरी की। इसके अलावा देश के कई प्रदेशों में आरोपी ने लाखों रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। दूसरे प्रदेश में ज्यादातर चोरी ज्वेलरी दुकान में की है।