Kabirdham: गृहमंत्री के जिले में बढ़ा अपराध, 42 दिन के भीतर छह हत्या, कांग्रेस ने किया कलेक्टोरेट का घेराव
राज्य के डिप्टी सीएम और गृहमंत्री विजय शर्मा के जिले में अपराध का लगातार ग्राफ बढ़ रहा है। स्थिति ऐसी है कि बीते 42 दिन के भीतर छह हत्या के मामले सामने आ चुके हैं। इसके अलावा दर्जनों चोरी, लूट समेत अन्य अपराध दर्ज किए गए हैं।
विस्तार
राज्य के डिप्टी सीएम और गृहमंत्री विजय शर्मा के जिले में अपराध का लगातार ग्राफ बढ़ रहा है। स्थिति ऐसी है कि बीते 42 दिन के भीतर छह हत्या के मामले सामने आ चुके हैं। इसके अलावा दर्जनों चोरी, लूट समेत अन्य अपराध दर्ज किए गए हैं। जिले में बढ़ते अपराध के ग्राफ को देखते हुए बुधवार को युवा कांग्रेस व एनएसयूआई ने कलेक्टोरेट का घेराव किया है। इससे पहले पुलिस ने कलेक्टोरेट के 200 मीटर दूर भोजली तालाब के पास बैरिकेड लगाकर रोक लिया। ये कार्यकर्ता जिले में लगातार हो रहे अपराध, हत्या, कानून की लचर व्यवस्था समेत बेरोजगारी, महंगाई के विरोध में प्रदर्शन किया।
घेराव से पहले कवर्धा शहर के भारत माता चौक में सभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि जिले में लगातार अपराध बढ़ रहे है। 15 जनवरी को पंडरिया ब्लॉक के कुकदूर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नागाडबरा में राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र में शामिल तीन बैगाओं की हत्या कर दी गई। शुरूआत ने पुलिस ने इसे दुर्घटना बताकर पीड़ित परिजन को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि दे दिया।
इसी मामले को लेकर जब कांग्रेस ने प्रदर्शन किया तो 14 लोगों को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया। इसके बाद 21 जनवरी को कवर्धा शहर से लगे ग्राम लालपुरकला में चरवाहा साधराम यादव की हत्या कर दी गई। इसमें छह आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। कांग्रेस ने मृतक साधराम यादव के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग किया है। इसी प्रकार 22 फरवरी को कवर्धा शहर के एसपी कार्यालय से मात्र 100 मीटर की दूरी पर एक घर में दो महिलाओं की हत्या का दी गई। जब घर से बदबू फैली तो 25 फरवरी पुलिस को जानकारी मिली। इस तरह जिले में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। सात सूत्रीय मांगों को लेकर युवा कांग्रेस और एनएसयूआई ने राज्यपाल के नाम कवर्धा एसडीएम अनुपम टोप्पो को ज्ञापन सौंपा है।