GPM: नाबालिग को बंधक बनाकर दो दिन तक किया दुष्कर्म, मारपीट कर किया बेहोश, मरा समझकर तालाब में फेंका
आरोपी युवक की मां और आरोपी दोनों ने मिलकर पीड़िता की जमकर पिटाई की और उसे बेहोश होने पर मरा समझकर गांव के एक तालाब में फेंक दिया। जहां पर नाबालिग को ग्रामीणों ने अचेत अवस्था में देखा और नाबालिग के परिजनों को सूचना दिया।
विस्तार
गौरेला पेण्ड्रा मरवाही के पेण्ड्रा में नाबालिग को बंधक बनाकर उसके साथ दो दिनों तक दुष्कर्म और उसके बाद जमकर मारपीट किये जाने का मामला सामने आया है। वहीं नाबालिग के बेहोश होने पर आरोपी और उसकी माँ के द्वारा उसे गांव से दूर एक तालाब में मरा समझ कर फेंक आया गया।परिजनों ने बच्ची को गंभीर हालत में इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां पर बच्ची का इलाज जारी है। वहीं आरोपी युवक को पुलिस ने हिरासत में लेकर मामले की जांच में जुटी है, आरोपी की माँ फरार है।
मामला पेण्ड्रा थाना क्षेत्र के गांव का है जहां पर रहने वाली एक 16 साल की नाबालिग जब अपने पुराने घर से दूसरे घर जा रही थी तभी रास्ते मे उसे गांव का ही रहने वाला युवक छोटू ओट्टी मिला जो नाबालिग को बहलाकर अपने साथ जंगल की ओर ले गया। जंगल मे नाबालिग के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता की माने तो आरोपी ने उसकी एक नहीं सुनी और उसको धमकी देते हुए अपने घर ले गया जहां पर दो दिनों तक बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा।
आरोपी युवक की मां और आरोपी दोनों ने मिलकर पीड़िता की जमकर पिटाई की और उसे बेहोश होने पर मरा समझकर गांव के एक तालाब में फेंक दिया। जहां पर नाबालिग को ग्रामीणों ने अचेत अवस्था में देखा और नाबालिग के परिजनों को सूचना दिया जिसके बाद नाबालिग के परिजनों ने उसे तालाब से बाहर निकालकर इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस की माने तो नाबालिग की गुमशुदगी का मामला पेण्ड्रा थाने में दर्ज किया गया था। जिसके बाद पीड़िता और परिजनों के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ अपराध दर्जकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं आरोपी की माँ को भी आरोपी बनाया गया है जिसकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
कुएं में मिला बच्ची का शव
गौरेला पेण्ड्रा मरवाही के गौरेला थानाक्षेत्र के हर्राटोला गांव में कुएं में ढाई साल की बच्ची की लाश मिलने और बच्ची के ही पिता पर बच्ची को कुएं में फेंकने के आरोपों को पुलिस ने खारिज कर दिया है। खेलते- खेलते बच्ची के कुएं में गिरने से मौत होने की बात जांच में सामने आई है, फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
दरअसल गौरेला थाना क्षेत्र के ग्राम हर्राटोला में रहने वाली खुशी कोल ढाई साल की बच्ची का शव आंगन में बने कुएं में मिला। जिसके बाद गांव वालों की मदद से आनन-फानन में बच्ची को कुएं से निकाला गया। बच्ची की कुएं में डूबने से मौत हो गई थी। इस पूरे मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक का कहना है ये महज एक हादसा है बच्ची खेलते समय कुएं में गिर गई जिससे उसकी मौत हो गई है।