CG News: नवविवाहित दंपती को सोशल मीडिया पर अश्लील संदेश भेजकर किया परेशान, पेंड्रा पुलिस की राडार पर आरोपी
सोशल मीडिया के जरिए अश्लील संदेश भेजकर नवविवाहित दंपती को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के मामले में पेंड्रा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान में जुटी हुई है।
विस्तार
पेंड्रा थाना क्षेत्र में रहने वाली एक नवविवाहिता और उसके पति को सोशल मीडिया एवं व्हाट्सएप के माध्यम से अश्लील संदेश भेजकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पेंड्रा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार अज्ञात व्यक्ति मोबाइल नंबर और इंस्टाग्राम आईडी के जरिए नवविवाहित महिला तथा उसके पति को लगातार आपत्तिजनक और अश्लील संदेश भेज रहा था। इन संदेशों के कारण दोनों मानसिक तनाव का सामना कर रहे थे। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पेंड्रा थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(4), 78 और 79 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
ये भी पढ़ें: CG: राजनांदगांव की ज्ञानेश्वरी यादव ने कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में जीता रजत पदक, पिता हुए खुश
पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर और इंस्टाग्राम आईडी संचालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तकनीकी साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साइबर माध्यमों से आरोपी की पहचान कर उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा इस प्रकार की किसी भी घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।