Bhanupratappur By-Election : 256 मतदान केंद्र बनाए गए, पर वोटिंग का समय नक्सल समीक्षा के बाद होगा तय
छत्तीसगढ़ के कांकेर में भानुप्रतापपुर सीट पर 5 दिसंबर को वोटिंग होगी। नामांकन प्रक्रिया 10 नवंबर से ही शुरू हो जाएगी। यह सीट कांग्रेस विधायक और विधानसभा उपाध्यक्ष रहे मनोज मंडावी के निधन से खाली हुई है। गुजरात चुनाव के साथ ही यहां भी वोटिंग होगी और परिणाम भी गुजरात-हिमाचल के साथ आएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
छत्तीसगढ़ के कांकेर की भानुप्रतापपुर विधानसभा सीट के लिए पांच दिसंबर को उपचुनाव होना है। निर्वाचन आयोग ने चुनाव की सारी तैयारी कर ली है, लेकिन अभी तक मतदान का समय तय नहीं किया गया है। इसके पीछे नक्सल समस्या को बताया गया है। फिलहाल मतदान के लिए 256 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 69 केंद्र नक्सल प्रभावित इलाकों में हैं। इन केंद्रों पर एक लाख 97 हजार 535 मतदाता वोटिंग करेंगे।
छत्तीसगढ़ की मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबा साहब कंगाले ने बताया कि अभी सुरक्षा स्थितियों की समीक्षा की जानी है। उसके बाद मतदान का समय तय कर दिया जाएगा। यह समय 10 नवंबर को जारी चुनाव की अधिसूचना के साथ घोषित किया जाना है। इस बार पांच संगवारी मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यानी यह केंद्र पूरी तरह से महिला कर्मचारियों से संचालित होंगे। इसके अलावा पांच आदर्श मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं।
चार साल में बढ़े 5514 मतदाता
- कुल मतदाता : एक लाख 97 हजार 535
- पुरुष मतदाता : 95 हजार 186
- महिला मतदाता : , एक लाख 491
- थर्ड जेंडर मतदाता : एक
इनमें 1840 पुरुष और 1650 महिलाएं पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जबकि 80 साल से अधिक उम्र के 1875 मतदाता है, इनमें 640 पुरुष और 1235 महिलाएं हैं। यहां सेवा मतदाताओं की संख्या 548 है। जिनमें 529 पुरूष और 19 महिला मतदाता है।
यह भी पढ़ें...Chhattisgarh: भानुप्रतापपुर में उपचुनाव की सरगर्मी तेज, कांग्रेस और भाजपा में सीधा मुकाबला
कोरोना संक्रमित अंतिम एक घंटे में कर सकेंगे मतदान
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि, कोरोना महामारी को ध्यान में रखते हुए जिला और विधानसभा स्तर पर नोडल ऑफिसर की नियुक्ति की गई है। कोरोना संक्रमित मतदाता को वोट डालने के लिए मतदान खत्म होने से एक घंटे पहले तक का समय मिलेगा। कोरोना संक्रमित, संदिग्ध-प्रमाणित मतदाता, दिव्यांग मतदाता और 80 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाता को डाक मतपत्र से मतदान करने की सुविधा भी दी गई है।
पांच हजार जमानत पर ऑनलाइन आवेदन
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया, उम्मीदवारों को इस बार ऑनलाइन नामांकन और जमानत राशि जमा करने की सुविधा होगा। बस इस नामांकन फॉर्म का प्रिंटआउट और संबंधित दस्तावेज हार्डकॉपी में निर्वाचन अधिकारी को देना होगा।अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीट होने की वजह से जमानत राशि के तौर पर केवल पांच हजार रुपए जमा कराया जाएगा।
यह भी पढ़ें..Chhattisgarh : मनोज मंडावी के निधन से खाली हुई भानुप्रतापपुर सीट पर उपचुनाव 5 दिसंबर को, 10 नवंबर से नामांकन
उम्मीदवारों को चुनाव खर्च के लिए खोलना होगा नया एकाउंट
आयोग की ओर से बताया गया, चुनाव के लिए उम्मीदवार को एक अलग बैंक एकाउंट खोलना होगा। नामांकन पत्र दाखिल करते समय इस अलग बैंक एकाउंट का उल्लेख करना होगा। नामांकन की तारीख से लेकर परिणाम की घोषणा तक पूरा खर्च इसी एकाउंट के जरिए किया जाएगा। चुनाव में उम्मीदवार के निर्वाचन व्यय की सीमा 40 लाख रुपए तय की गई है। अब तक यह 25 लाख रुपए तक थी।