छत्तीसगढ़: दूसरे दौर के लिए चुनाव प्रचार थमा, 20 नवंबर को 72 सीटों के लिए वोटिंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार रविवार को खत्म हो गया। राज्य में आखिरी दिन भी चुनावी गहमागहमी वाला रहा और रैलियों का दौर चलता रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महासमुंद में रैली कर कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। वहीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने रायपुर में रैली की। यहां दूसरे दौर का मतदान 20 नवंबर को होगा । 72 सीटों के लिए कई हाई प्रोफाइल उम्मीदवारों की साख दांव पर लगेगी।
पहले दौर में 18 सीटों पर मतदान हुआ था जिसमें राजनांदगांव की सीट भी शामिल है जहां सीएम डॉ. रमन सिंह उम्मीदवार हैं और उनके सामने कांग्रेस ने करुणा शुक्ला को खड़ा किया था। दूसरे चरण में राज्य के नौ मंत्री रायपुर दक्षिण से बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर पश्चिम से राजेश मूणत, बिलासपुर से अमर अग्रवाल, बैकुंठपुर से भैयालाल राजवाड़े, प्रतापपुर से रामसेवक पैकरा, मुंगेली से पुन्नूलाल मोहिले, भिलाई नगर से प्रेम प्रकाश पांडेय, नवागढ़ से दयालदास बघेल और कुरूद से अजय चंद्राकर चुनाव मैदान में हैं। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष धर्मलाल कौशिक बिल्हा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं।
दूसरे चरण में ही पाटन से प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष भूपेश बघेल, अंबिकापुर से विपक्ष के नेता टीएस सिंहदेव, दुर्ग ग्रामीण से कांग्रेस सांसद ताम्रध्वज साहू और सक्ती से पूर्व केंद्रीय मंत्री चरणदास महंत भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।वहीं जनता कांग्रेस छत्तीगसढ़ (जे) से पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी मरवाही सीट से, उनकी पत्नी रेणु जोगी कोटा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
जोगी की बहू ऋचा जोगी बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर अकलतरा सीट से चुनाव मैदान में है। राज्य के मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस से अलग होकर नई पार्टी का गठन करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी छत्तीसगढ़ में बहुजन समाज पार्टी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं।
राज्य में दूसरे चरण के मतदान के लिए रायपुर दक्षिण सीट में सबसे अधिक 46 उम्मीदवार और बिंद्रानवागढ़ में सबसे कम छह उम्मीदवार मैदान में हैं। छत्तीसगढ़ की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए इस महीने दो चरणों में मतदान होगा। दूसरे चरण में 72 सीटों के लिए 20 तारीख को मतदान होगा।