{"_id":"6a58a662fd39ae2c6a04d794","slug":"kiran-chavan-has-assumed-charge-as-the-new-sp-of-balod-immediately-upon-taking-office-he-issued-strict-instructions-to-police-officials-balod-news-c-1-1-noi1492-4507391-2026-07-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"Balod: किरण चव्हाण ने संभाला नए एसपी का पदभार; कार्यभार लेते ही पुलिस अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Balod: किरण चव्हाण ने संभाला नए एसपी का पदभार; कार्यभार लेते ही पुलिस अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
Thu, 16 Jul 2026 04:30 PM IST
बालोद ब्यूरो
अमर उजाला नेटवर्क,बालोद
अमर उजाला नेटवर्क,बालोद
Published by: बालोद ब्यूरो
Updated Thu, 16 Jul 2026 04:30 PM IST
सार
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक (SP) किरण गंगाराम चव्हाण (IPS) ने गुरुवार को जिला पुलिस कार्यालय पहुंचकर विधिवत अपना पदभार ग्रहण कर लिया।
विज्ञापन
किरण चव्हाण ने संभाला बालोद के नए एसपी का पदभार; कार्यभार लेते ही पुलिस अधिकारियों को दिए सख्त
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक (SP) किरण गंगाराम चव्हाण (IPS) ने गुरुवार को जिला पुलिस कार्यालय पहुंचकर विधिवत अपना पदभार ग्रहण कर लिया। इस दौरान निवर्तमान पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने उन्हें जिले का चार्ज सौंपा। पदभार संभालते ही नए पुलिस कप्तान पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने तत्काल जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों और शाखा प्रमुखों की एक परिचयात्मक बैठक बुलाई और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से फीडबैक लिया।
विज्ञापन
बुनियादी पुलिसिंग को मजबूत करना और अपराधों पर लगाम लगाना पहली प्राथमिकता
आयोजित पहली बैठक में एसपी किरण चव्हाण ने सभी पुलिस अधिकारियों से वन-टू-वन परिचय प्राप्त किया। बैठक के दौरान उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि बुनियादी पुलिसिंग को मजबूत करना, लंबित मामलों का त्वरित निपटारा और आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने साफ लहजे में चेतावनी दी कि अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी, वहीं आम जनता के प्रति पुलिस का व्यवहार हमेशा सहयोगात्मक और मददगार होना चाहिए।
विज्ञापन
इंजीनियरिंग छोड़कर चुनी खाकी, सुकमा में रहा है बेहतरीन ट्रैक रिकॉर्ड
मूल रूप से महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले के रहने वाले किरण चव्हाण 2018 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी हैं। उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल करने के बाद देश की सबसे प्रतिष्ठित संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा उत्तीर्ण की। छत्तीसगढ़ कैडर मिलने के बाद उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारी के रूप में बिलासपुर में अपनी सेवाएं दीं। इसके बाद वे जगदलपुर के नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) रहे। उन्होंने धुर नक्सल प्रभावित और संवेदनशील जिले सुकमा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑपरेशन) और फिर पुलिस अधीक्षक (SP) के रूप में भी अपनी एक अलग धाक जमाई है।
विज्ञापन
राष्ट्रीय 'FICCI अवार्ड' से हो चुके हैं सम्मानित
चव्हाण को सुकमा में नक्सल विरोधी अभियानों को सफलतापूर्वक लीड करने, अंदरूनी ग्रामीण क्षेत्रों में जनसहभागिता बढ़ाने और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़े नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए जाना जाता है। उनके इसी उत्कृष्ट ट्रैक रिकॉर्ड के लिए वर्ष 2024 में देश के सर्वोच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति द्वारा उन्हें राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित 'FICCI Best Performing Officer' अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है।
पुलिस महकमे ने किया भव्य स्वागत
नए एसपी के आगमन पर बालोद पुलिस परिवार ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर, एसडीओपी बालोद बोनिफास एक्का, एसडीओपी गुंडरडेही राजेश बागड़े, एसडीओपी गुरुर माया शर्मा, डीएसपी मुख्यालय श्रुति सिंह, सीएसपी राजहरा विकास पाटले, रक्षित निरीक्षक रेवती वर्मा सहित जिले के सभी थाना प्रभारी और पुलिस स्टाफ मुख्य रूप से उपस्थित थे।

किरण चव्हाण ने संभाला बालोद के नए एसपी का पदभार; कार्यभार लेते ही पुलिस अधिकारियों को दिए सख्त