Share Market: हरे से लाल निशान पर लौटा बाजार; दिन के ऊपरी स्तर से 650 अंक गिरा सेंसेक्स, निफ्टी भी फिसला
Share Market: घरेलू शेयर बाजार में सोमवार को बड़ा उतार-चढ़ाव दिखा। शुरुआती कारोबार में मजबूती के बाद बाजार हरे निशान से लाल निशान पर पहुंच गया। दिन के ऊपरी स्तरों से सेंसेक्स में 650 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, निफ्टी 22450 के नीचे पहुंच गया। इस दौरान, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के शेयरों में बड़ी गिरावट दिखी।
विस्तार
घरेलू शेयर बाजार में सोमवार को बड़ा उतार-चढ़ाव दिखा। शुरुआती कारोबार में मजबूती के बाद बाजार हरे निशान से लाल निशान पर पहुंच गया। दिन के ऊपरी स्तरों से सेंसेक्स में 650 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, निफ्टी 22450 के नीचे पहुंच गया। इस दौरान, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के शेयरों में बड़ी गिरावट दिखी।
इससे पहले, कारोबारी सप्ताह के पहले दिन शेयर बाजार सपाट पर खुला। हालांकि, कुछ देर बाद बाजार में रफ्तार पकड़ ली। बीएसई पर सेंसेक्स 50 अंकों की बढ़ोतरी के साथ 74,382.67 पर खुला, बाद में बाजार में तेजी देखने को मिली। इस दौरान 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 324.67 अंक या 0.44 प्रतिशत चढ़कर 74,657.25 पर था। इसी तरह एनएसई निफ्टी 98.45 अंक या 0.44 प्रतिशत बढ़कर 22,650.95 पर पहुंच गया।
सेंसेक्स के शेयरों में पावर ग्रिड, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, एनटीपीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, अदाणी पोर्ट्स, भारती एयरटेल, नेस्ले इंडिया, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और इंफोसिस में उल्लेखनीय तेजी रही। दूसरी ओर, इंडसइंड बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, जोमैटो, टाइटन, लार्सन एंड टूब्रो और मारुति सुजुकी इंडिया में गिरावट हुई।
शुक्रवार को सपाट बंद हुआ था बाजार
बीते सप्ताह शुक्रवार को बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक सेंसेक्स दो दिनों की बढ़त के बाद 7.51 अंक फिसलकर 74,332.58 पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान एक समय यह 246.34 अंक चढ़कर 74,586.43 पर पहुंच गया था। हालांकि, नेशनल स्टॉक एक्सचसेंज (एनएसई) का सूचकांक निफ्टी 7.80 अंकों की मामूली बढ़त के साथ 22,552.50 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय निफ्टी 89 अंक बढ़कर 22,633.80 के स्तर पर पहुंच गया था।
घरेलू निवेशकों ने की जमकर खरीद
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 2,035.10 करोड़ रुपये के इक्विटी बेचे। दूसरी ओर घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 2,320.36 करोड़ रुपये के शेयर खरीदकर एफआईआई को पीछे छोड़ दिया। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.51 प्रतिशत गिरकर 70 डॉलर प्रति बैरल पर था।
शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 30 पैसे गिरकर 87.25 पर
रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 30 पैसे गिरकर 87.25 पर आ गया। अमेरिकी मुद्रा के छह महीने के निचले स्तर से उबरने और व्यापार संबंधी अनिश्चितताओं के कारण निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 87.24 पर कमजोर खुला और शुरुआती सौदों में डॉलर के मुकाबले 87.25 पर आ गया, जो पिछले बंद स्तर से 30 पैसे की गिरावट को दर्शाता है। रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 17 पैसे बढ़कर 86.95 पर बंद हुआ था।