बजट से पहले बैंक-एटीएम से कैश निकासी की सीमा और बढ़ा सकता है RBI
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) अगले कुछ दिनों में एटीएम और अकाउंट से पैसा निकालने की लिमिट बढ़ा सकता है। आरबीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने फोन पर हुई बातचीत के दौरान इस बात की पुष्टि की है। उनका कहना है कि आरबीआई और सरकार इस संबंध में लगातार विचार कर रहे हैं।
ऐसा संभव है कि बजट से पहले बैंक से पैसे निकालने की लिमिट (एक सप्ताह में 24 हजार) और एटीएम से निकासी की सीमा को बढ़ाया जा सकता है। गौरतलब है कि सोमवार को ही आरबीआई ने एटीएम से कैश निकालने की लिमिट को 10 हजार तक बढ़ा दिया। इस ऐलान के साथ ही करेंट अकाउंट से पैसे निकालने की सीमा को भी बढ़ाकर एक लाख कर दिया था।
करेंट अकाउंट की लिमिट को किया दोगुना
करेंट अकाउंट रखने वाले छोटे दुकानदारों को भी आरबीआई ने थोड़ी राहत देते हुए पैसे निकालने की सीमा को बढ़ाकर के एक लाख रुपये कर दिया है। पहले यह 50 हजार रुपये थी। लेकिन अब आरबीआई ऐसे अकाउंट्स पर लगी पैसा निकालने की सीमा को भी बजट से पहले बढ़ा सकता है।
सरकार की मंशा है कि पांच राज्यों में चुनाव शुरू होने से पहले इस तरह का लाभ जनता को दे दिया जाए, ताकि आगे इसका फायदा उठाया जा सके।
एटीएम में फिर भी नहीं है पैसा
नोटबंदी को 2 महीने से अधिक का समय हो गया है, लेकिन अभी भी देश के कई सारे एटीएम खाली पड़े हैं। एटीएम में लाइन जरूर कम हुई है, पर अभी भी पैसा निकालने के लिए लोगों को एटीएम खोजना पड़ता है। लोग पैसा निकालने के लिए ज्यादातर समय एटीएम को खोजने में व्यतीत करते हैं।
हालात यह हैं कि मुश्किल से 10 एटीएम खोजने के बाद एक-दो एटीएम में पैसा होता है। एटीएम में पैसा कब आएगा, इसका इंतजार अभी भी लोग करते नजर आते हैं। ये हाल बड़े-बड़े शहरों में ही नहीं, बल्कि दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों में मौजूद एटीएम का भी है।