Home Loan: सबसे सस्ता होम लोन दे रहा यह बैंक, इस लिस्ट से जानें हर बैंक की ब्याज दर
बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB), स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), यस बैंक (Yes Bank), पंजाब नेशनल बैंक (PNB), कोटक महिंद्रा बैंक, एचडीएफसी बैंक (HDFC) और एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस (LIC Housing Finance) सस्ता होम लोन ऑफर कर रहे हैं।
विस्तार
फेस्टिव सीजन में अधिकतर लोग कुछ न कुछ खरीदने का प्लान बना रहे हैं। कुछ लोग दोपहिया तो कुछ चार पहिया वाहन खरीद रहे हैं। इनके अलावा काफी लोग ऐसे भी हैं, जो अपना आशियाना खरीदने की तैयारी कर चुके हैं और कम ब्याज दरों के लिए बैंकों की लिस्ट खंगाल रहे हैं। दरअसल, बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB), स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), यस बैंक (Yes Bank), पंजाब नेशनल बैंक (PNB), कोटक महिंद्रा बैंक, एचडीएफसी बैंक (HDFC) और एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस (LIC Housing Finance) सस्ता होम लोन ऑफर कर रहे हैं। इस रिपोर्ट में हम आपको हर बैंक के होम लोन पर ब्याज दरों की जानकारी दे रहे हैं।
एचडीएफसी दे रहा यह ऑफर
फेस्टिव सीजन के मद्देनजर एचडीएफसी ने होम लोन की दरों में कटौती की है। बैंक ने ग्राहकों को 6.70 फीसदी सालाना की शुरुआती ब्याज दर पर होम लोन देने का एलान किया है। ये ब्याज दरें 20 सितंबर 2021 से लागू हैं, जो 31 अक्तूबर 2021 तक रहेंगी।
एलआईसी ने भी घटाईं ब्याज दरें
अपना घर खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस ने भी ब्याज दरों में कटौती की है। बैंक ने होम लोन के लिए ब्याज दर 6.66 फीसदी कर दी है, लेकिन यह दर 50 लाख से दो करोड़ रुपये तक का होम लोन लेने वालों पर ही लागू होगी। एलआईसी ने इस ब्याज दर की शुरुआत 22 सितंबर से की थी, जो 30 नवंबर तक लिए गए होम लोन पर लागू रहेगी।
यस बैंक से भी ले सकते हैं लोन
होम लोन लेने वालों के लिए यस बैंक भी अच्छा विकल्प हो सकता है। दरअसल, यस बैंक ने फेस्टिव सीजन के मद्देनजर होम लोन की ब्याज दरों में कमी की है। इसके तहत बैंक 6.7 फीसदी की दर पर होम लोन ऑफर कर रहा है।
कोटक महिंद्रा ने ब्याज दरों में की इतनी कमी
कोटक महिंद्रा बैंक ने भी होम लोन की ब्याज दरों में कटौती की है। बैंक ने ब्याज दर 0.15 फीसदी घटाकर 6.65 फीसदी से 6.50 फीसदी कर दी है, जो 10 सितंबर 2021 से लागू हैं और आप आठ नवंबर 2021 तक इसका लाभ उठा सकते हैं।