आपके UPI ऐप में होने जा रहा है बड़ा बदलाव, जल्द मिलने लगेंगी यह नई सुविधाएं
यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (यूपीआई) का प्रयोग करने वालों के लिए जल्द ही बड़ा बदलाव होने जा रहा है। नेशनल पेमेंट कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) जल्द ही इसका एक और अपग्रेड वर्जन पेश करने जा रहा है। इस अपग्रेड के होने से दुकानदारों को पेमेंट करना आसान हो जाएगा।
एक बार में कर सकेंगे 2 लाख तक का पेमेंट
नए वर्जन में यूपीआई की मदद से कोई भी व्यक्ति 2 लाख रुपये तक का पेमेंट कर सकेगा। इसके साथ ही ओवरड्राफ्ट वाले खातों से भी किसी को भुगतान किया जा सकेगा। अभी फिलहाल केवल उन खातों से भुगतान की सुविधा मिलती है, जिनमें पैसा होता है।
वहीं दुकानदारों को भी अपने ग्राहकों के खातों में पैसा सिक्युरिटी के तौर पर ब्लॉक करने की सुविधा मिलेगी। वो इसको बाद की तारीख में निकाल सकेंगे।
आसानी होगी फ्लाइट, होटल की बुकिंग
वहीं यूपीआई ऐप धारक आसानी से फ्लाइट टिकट व होटल की बुकिंग भी कर सकेंगे। भारतीय रिजर्व बैंक ने प्रस्ताव दिया है कि ई-वॉलेट से भी भुगतान शुरू हो, लेकिन फिलहाल केवल बैंक खातों से ऐसा होता है।
दुकानदारों को मिलेगा क्यूआर कोड के साथ सर्टिफिकेट
वहीं दुकानदारों को भी अब से क्यूआर कोड के साथ सर्टिफिकेट मिलेगा, जिससे उन्हें भुगतान किसी और के खाते में चले जाने के डर से छुटकारा मिलेगा। अभी कई बार ग्राहक द्वारा किया गया भुगतान किसी दूसरे के खाते में चला जाता था, जिससे दुकानदारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
जून में हुए 25 करोड़ से अधिक ट्रांजेक्शन
जून में यूपीआई से होने वाले ट्रांजेक्शन की संख्या 25 करोड़ के पार चली गई। पेटीएम और गूगल तेज की वजह से इसमें इजाफा देखने को मिला है। मई में इसकी संख्या 19 करोड़ थी। सबसे ज्यादा ट्रांजेक्शन पेटीएम (38 फीसदी), गूगल तेज (22 फीसदी), फोनपे (19 फीसदी) और भीम (7 फीसदी) हुए हैं।