{"_id":"5f749b0c8ebc3e9b861ca296","slug":"how-to-do-successful-marketing-and-get-profit-in-festival-season-in-corona-crisis","type":"story","status":"publish","title_hn":"अमर उजाला वेबिनार: त्योहारी सीजन में कैसे करें सफल मार्केटिंग, कैसे उठाएं पूरा लाभ","category":{"title":"Business","title_hn":"कारोबार","slug":"business"}}
अमर उजाला वेबिनार: त्योहारी सीजन में कैसे करें सफल मार्केटिंग, कैसे उठाएं पूरा लाभ
Wed, 30 Sep 2020 08:21 PM IST
गौरव पाण्डेय
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: गौरव पाण्डेय
Updated Wed, 30 Sep 2020 08:21 PM IST
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : पिक्साबे
देश में त्योहारी सीजन आने वाला है और कोविड-19 महामारी का संकट अभी भी कम होता नहीं दिख रहा है। अर्थव्यवस्था भी लगातार गिर रही है। ऐसे में व्यापारी वर्ग इस बात से परेशान है कि त्योहारी सीजन के दौरान वह क्या करें कि बाजार में चल रहा सूखा समाप्त हो।
विज्ञापन
इसी समस्या के हल के लिए अमर उजाला ने बुधवार को एक वेबिनार का आयोजन किया। इसमें इस संकट के काल में भी सफल व्यापार करने वाले विभिन्न क्षेत्रों के व्यापारियों से ही पूछा गया कि त्योहारों के सीजन में ही मार्केटिंग कैसे की जाए और पूरा लाभ कैसे उठाया जाए।
विज्ञापन
ग्राहकों की अपेक्षाओं का रखें ध्यान : हेमंत अग्रवाल
हेमंत अग्रवाल ने कहा कि अर्थव्यवस्था समय के साथ अब बेहतर हो रही है। सितंबर से दिसंबर तक का समय भारतीय बाजार के लिए खासा महत्व रखता है। इस दौरान कई तरह के त्योहार आते हैं। व्यापारियों के लिए भी यह समय मुनाफे का होता है। आज के समय में कोविड-19 के कारण बाजार को समस्या तो हो रही है और इससे निपटने के लिए उन्हें सही रणनीति बनाने की जरूरत है।
विज्ञापन
अग्रवाल ने कहा कि जैसे-जैसे प्रतिबंधों में राहतें मिल रही हैं, लोग काम के लिए बाहर निकल रहे हैं। लोगों को भी पता है कि उन्हें एक रेगुलर आय बनानी होगी। अब लोगों के लिए आय के साधन बढ़ेंगे तो वस्तुओं और सेवाओं के उपभोग में भी इजाफा होगा, लोग दुकानों पर आएंगे। दुकानों को भी सैनिटाइजेशन और साफ-सफाई के साथ ग्राहकों की सुविधाओं का ध्यान रखना होगा।
अपने अंदर का डर खत्म करें : रवींद्र बत्रा
व्यापारी रवींद्र बत्रा ने कहा कि धीरे-धीरे लोग घर से निकल रहे हैं, लोग अपने डर को पीछे छोड़ रहे हैं। सुरक्षा के लिए जो बताया जा रहा है उसे मानते हुए लोग काम पर निकल रहे हैं। आने वाले समय में हर क्षेत्र और सेवा उपभोग बढे़गा, जिससे बाजार में भी रौनक आएगी।
उन्होंने कहा कि मुद्दा ये है कि आपके अंदर क्या है? क्या आप डर के बैठे हैं? अगर ऐसा है तो आगे विकास नहीं देख पाएंगे। सबसे पहले आपको अपना डर खत्म करना है, अपने स्टाफ के अंदर का डर खत्म करना है। मेरा मानना है कि इस बार के त्योहारी सीजन बाजार के लिए पिछले साल के मुकाबले बेहतर होगा।
प्लानिंग में लगाएं समय, मिलेगी सफलता : जय अरोड़ा
जय अरोड़ा ने कहा कि लॉकडाउन खत्म होने बाद कोविड इफेक्ट खत्म होता जा रहा है। लोग अब बाहर आ रहे हैं, बाजार में आ रहे हैं। एक दुकानदार के तौर पर हमारी जरूरत ये है कि हम उपभोक्ता की जरूरत को समझें। भारतीय त्योहारों को बड़े स्तर पर मनाने वाले लोग हैं। आने वाला समय हम लोगों को बेहतरी की उम्मीद है। आपूर्ति और उत्पादन को लेकर उचित रणनीति के साथ पहले से तैयार रहना होगा। जो तैयार रहेगा उसे सफलता जरूर मिलेगी।
ग्राहक को संतुष्ट करने के तरीके ढूंढें : रोहित गुप्ता
रोहित गुप्ता ने कहा कि जब लॉकडाउन लगा था तो सवाल उठे कि कैसे काम होगा और जब लॉकडाउन खुलेगा तो स्थितियां कैसी होंगी। लोग डरे हुए थे। लेकिन बाजार खुलने के बाद जैसी प्रतिक्रिया मिली उससे लगा ही नहीं कि इतने दिन से लॉकडाउन चल रहा था। यहां तक कि बरसात के मौसम में जब पहले के दिनों में बाजार धीमा रहता था, इस बार स्थिति कहीं बेहतर रही।
गुप्ता ने कहा कि छोटे दूकानदार, छोटे रिटेलर की फेस वैल्यू होती है। लोग उसे चेहरे से पहचानते हैं और इस वजह से ग्राहक उसके पास पहुंचता है। हमें ग्राहक को आकर्षित करना है। इसके लिए अपना डिस्प्ले बेहतर करना होगा। ग्राहक को लगना चाहिए कि वह स्टोर में या दुकान में आया है तो वहां कोविड-19 से सुरक्षा के पूरे इंतजाम हैं, सैनिटाइजर वगैरह की व्यवस्था है।
तकनीक का करें इस्तेमाल : अल्पित अग्रवाल
ऑटोमोबाइल व्यापारी अल्पित अग्रवाल ने कहा कि हमने देखा कि ग्राहकों के व्यवहार में पर्यावरण को लेकर परिवर्तन आ रहा है। ऐसे में कोविड-19 के दौर में सीएनजी वाहनों को लेकर अच्छा रुझान आया है। सरकार ने बरेली से लखनऊ, आगरा, देहरादून, दिल्ली के कॉरिडोर को सीएनजी कॉरिडोर बनाया गया है। आज हर 50 किमी पर सीएनजी रिफ्यूलिंग सुविधा है। हमने इसे बढ़ावा दिया और ग्राहकों ने इसे स्वीकार किया है।
फिजिकल और डिजिटल माध्यम को लेकर आगे बढ़ने की जरूरत है। अपने स्टाफ के साथ ग्राहकों को भी इस माध्यम से जागरूक किया जा सकता है, उन तक अपनी बात पहुंचाई जा सकती है। अपने स्टाफ को डिजिटल माध्यम के लिए प्रशिक्षित करने से ग्राहकों के एक नए वर्ग पर भी पकड़ बनाई जा सकती है। जो सेवाएं डिजिटल माध्यम से दी जा सकती हैं उनमें इसका इस्तेमाल होना चाहिए।