गोएयर के 100 पायलटों व अधिकारियों को नोटिस जारी करेगा डीजीसीए
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिट ( FTDL ) नियमों के उल्लंघन को लेकर गो एयर के करीब 100 पायलटों और वरिष्ठ अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसकी जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी।
Director General of Civil Aviation (DGCA) to send notice to around 100 pilots of GoAir and to GoAir Management over Flight Duty Time Limitation (FDTL) violation. DGCA has found in its report that GoAir management has been involved in violation of pilot rostering. pic.twitter.com/nt3STkK2FC
— ANI (@ANI) January 7, 2020
चार दिनों में रद्द की थी 40 उड़ानें
सूत्रों के अनुसार, गो एयर ने 23 और 26 दिसंबर के बीच करीब 40 उड़ानों को रद्द किया था। इससे यात्रियों को भी कई दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। बता दें कि 23 से 26 दिसंबर के दौरान दो विमानों में तकनीकी खामी आने के बाद उन्हें वापस बुलाए जाने और आगे के निरीक्षण के लिए उन्हें परिचालन से बाहर किए जाने की भी खबर थी।
विमानन कंपनी ने दिया था बयान
वहीं इस मामले पर 26 दिसंबर को गो एयर ने कहा था कि उत्तर भारत में खराब मौसम के चलते उसकी उड़ानों में अत्यधिक देरी हुई है। साथ ही मार्ग परिवर्तित होने के चलते उड़ानें ऐसे वक्त में रद्द हुईं जब उसके चालक दल के सदस्य आखिरी के दो-तीन दिनों में अपनी एफडीटीएल के करीब पहुंचने वाले थे।
उड़ान रद्द होने से यात्री परेशान
इस संदर्भ में पहले एक यात्री ने ट्वीट किया था कि, 'गो एयर ने मुझे तड़के एक बजकर 43 मिनट पर संदेश भेजा कि चार बजकर 55 मिनट की निर्धारित मेरी उड़ान रद्द कर दी गई है। इसमें उन्होंने कहा कि मुझे 24 घंटे के भीतर संपर्क करेंगे। तो तब तक मुझे क्या करना चाहिए? हेल्पलाइन पर भी कोई जवाब नहीं मिल रहा।'