रेलवे: वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में मिलेगा हवाई जहाज जैसा लजीज खाना, जानिए क्या है तैयारी
- 31 अक्तूबर और 1 नवंबर को शुरू होने जा रही हैं दो नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें
- केटरिंग के लिए ताज एसएटीएस समेत कई दिग्गज कंपनियां दौड़ में
विस्तार
भारतीय रेलवे यात्रियों के सफर को और अधिक आरामदायक, आधुनिक और लक्जरी बनाने के लिए एक नया कदम उठाने जा रहा है। इस महीने के अंत और अगले महीने की शुरुआत में दो नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें पटरियों पर उतरने को तैयार हैं। खास बात यह है कि इन ट्रेनों में यात्रियों के लिए खान-पान की व्यवस्था को विमानन कंपनियों की तर्ज पर अत्याधुनिक और उच्च गुणवत्ता वाला बनाने की तैयारी चल रही है।
रेल मंत्रालय के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, भारतीय रेलवे दो नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें शुरू करने जा रहा है। पहली ट्रेन 31 अक्तूबर को वाराणसी से नई दिल्ली के बीच चलाई जाएगी। दूसरी ट्रेन 1 नवंबर को मुंबई से बेंगलुरु के बीच संचालित होगी।
इससे पहले देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन इसी साल 22 जनवरी को हावड़ा से कामाख्या के बीच चलाई गई थी, जिसे यात्रियों की तरफ से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी और इसकी ऑक्यूपेंसी 100 फीसदी तक रही थी। अब करीब आठ महीने बाद इन दो नई ट्रेनों की सौगात मिलने जा रही है।
कौन सी कंपनियां केटरिंग की रेस में?
- यात्रियों को हवाई जहाज और एयरपोर्ट जैसी हाई-क्वालिटी कैटरिंग सर्विस देने के लिए रेलवे विचार कर रहा है। इसके लिए देश-विदेश की नामी-गिरामी चार प्रमुख कंपनियां दौड़ में शामिल हैं।
- इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड और सिंगापुर की एसएटीएस लिमिटेड का एक संयुक्त उद्यम ताज एसएटीएस इस दौड़ में सबसे आगे है। इसे फ्लाइट्स में कैटरिंग का लंबा और बेहतरीन अनुभव है।
- सीएफएस भी एयरपोर्ट्स पर खान-पान सेवाएं प्रदान करने का बड़ा अनुभव रखती है। इसके अलावा सरोवर पोर्टिको और मेफेयर स्प्रिंग वैली रिजॉर्ट जैसी कंपनियां भी इस दौड़ में शामिल हैं। हालांकि, अभी तक आधिकारिक तौर पर किसी नाम पर अंतिम मुहर नहीं लगी है।
वंदे भारत स्लीपर और चेयर कार का शानदार नेटवर्क
लंबी दूरी की यात्रा को तेज, सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए रेलवे लगातार वंदे भारत के दायरे का विस्तार कर रहा है। वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में आधुनिक सुविधाओं से लैस 16 कोच होंगे, जिनमें 11 एसी थ्री-टियर, 4 एसी टू-टियर और एक फर्स्ट एसी कोच शामिल होगा।
देश भर में वंदे भारत चेयर कार ट्रेनों का नेटवर्क भी तेजी से फैल रहा है, जिसकी वर्तमान में 162 से अधिक सर्विस चल रही हैं। इन ट्रेनों में सीसीटीवी कैमरे, अत्याधुनिक अग्नि सुरक्षा प्रणाली और कवच जैसी आधुनिक सुरक्षा तकनीकें जोड़ी गई हैं। इनकी डिजाइन स्पीड 180 किमी प्रति घंटा और परिचालन गति 160 किमी प्रति घंटा है।