लेऑफ: यूबीएस ने क्रेडिट सुइस विलय के बाद लंदन में 200 कर्मचारी निकाले, कैनवा में भी छंटनी; जानें पूरा मामला
- यूबीएस ने क्रेडिट सुइस विलय के बाद लंदन में करीब 200 कर्मचारियों की छंटनी की है।
- यह कदम परिचालन दक्षता बढ़ाने और लागत घटाने की रणनीति का हिस्सा है। ग्राफिक डिजाइन प्लेटफॉर्म कैनवा ने भी 1,271 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला है।
विस्तार
वैश्विक बैंकिंग समूह यूबीएस ग्रुप ने लंदन में करीब 200 कर्मचारियों की छंटनी की है। यह कटौती उसके पूर्व प्रतिद्वंद्वी क्रेडिट सुइस के विलय की प्रक्रिया का हिस्सा है। कई रिपोर्टों के अनुसार, यह कदम पिछले कुछ सप्ताहों में उठाया गया है। छंटनी से वेल्थ प्रबंधन और निवेश बैंकिंग सहित कई व्यावसायिक इकाइयां प्रभावित हुई हैं।
यह नौकरी कटौती मार्च 2023 में क्रेडिट सुइस के अधिग्रहण के बाद शुरू हुए व्यापक पुनर्गठन कार्यक्रम का हिस्सा है। सरकारी समर्थन से हुए इस अधिग्रहण के बाद यूबीएस के कर्मचारियों की संख्या काफी बढ़ गई थी। बैंक ने परिचालन एकीकरण, सिस्टम माइग्रेशन और समान भूमिकाओं को समाप्त करने के लिए एक बहुवर्षीय योजना लागू की है।
यूबीएस ने कर्मचारियों की संख्या क्यों घटाई?
रिपोर्टों के मुताबिक, क्रेडिट सुइस के अधिग्रहण के बाद से यूबीएस के कुल कार्यबल में लगभग 18 फीसदी की कमी आई है। हालांकि, विभिन्न विभागों में प्रभावित कर्मचारियों की सटीक संख्या का खुलासा नहीं किया गया है। बैंक का लक्ष्य परिचालन को अधिक कुशल बनाना और लागत में बचत हासिल करना है। यह वैश्विक बैंकिंग उद्योग के सबसे बड़े पुनर्गठन कार्यक्रमों में से एक माना जा रहा है। जिन कर्मचारियों के पद समाप्त किए गए हैं, उनमें से कुछ को बैंक के भीतर अन्य भूमिकाओं में स्थानांतरित होने का अवसर मिल सकता है। यूबीएस ने हालिया छंटनी की जानकारी आंतरिक रूप से कर्मचारियों को दी है।
वैश्विक कॉरपोरेट जगत में क्या हो रहा है?
वैश्विक कॉर्पोरेट जगत में लागत नियंत्रण और पुनर्गठन का दौर जारी है। हाल ही में ग्राफिक डिजाइन प्लेटफॉर्म कैनवा ने भी छंटनी की घोषणा की थी। कंपनी ने अपने वैश्विक कार्यबल के लगभग 22 फीसदी यानी 1,271 कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की योजना बनाई है। यह दर्शाता है कि कई बड़ी कंपनियां आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रही हैं।
कैनवा ने छंटनी का कदम क्यों उठाया?
कैनवा की मुख्य कार्यकारी अधिकारी और सह-संस्थापक मेलानी पर्किन्स ने इस कदम का कारण बताया है। उन्होंने कहा कि धीमी होती वृद्धि और तेजी से बदलती तकनीकी परिस्थितियों के बीच दीर्घकालिक विकास सुनिश्चित करना आवश्यक है। कैनवा के पुनर्गठन में टीमों का एकीकरण, प्रबंधन स्तरों में कमी, भूमिकाओं में बदलाव और कुछ कर्मचारियों का स्थानांतरण शामिल है। कंपनी ने प्रभावित कर्मचारियों के लिए सेवरेंस पैकेज, स्वास्थ्य सहायता और कॅरिअर ट्रांजिशन सेवाओं की भी घोषणा की है।