Sensex Closing Bell: निचले स्तरों से संभला बाजार, सेंसेक्स 306 अंक मजबूत हुआ, निफ्टी 19750 के पार
Sensex Closing Bell: बाजार में आईटी सेक्टर के शेयरों में खरीदारी दिखी। निफ्टी में टेक महिंद्रा और हीरो मोटोकॉर्प के शेयर तीन-तीन प्रतिशत की बढ़त के साथ टॉप गेनर रहे। दूसरी और कोल इंडिया और एक्सिस बैंक के शेयरों में एक-एक प्रतिशत की गिरावट दिखी।
विस्तार
शेयर बाजार लगातार दूसरे दिन बढ़त के साथ क्लोजिंग हुई। गुरुवार को बीएसई सेंसेक्स और निफ्टी में शुरुआती कमजोरी के बाद रिकवरी दिखी और ये इंडेक्स हरे निशान पर बंद हुए। हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन सेंसेक्स 306.55 (0.46%) अंकों की बढ़त के साथ 65,982.48 के स्तर पर जबकि निफ्टी 89.75 (0.46%) अंकों की मजबूती के साथ 19,765.20 के स्तर पर बंद हुआ।
इस दौरान बाजार में आईटी सेक्टर के शेयरों में खरीदारी दिखी। निफ्टी में टेक महिंद्रा और हीरो मोटोकॉर्प के शेयर तीन-तीन प्रतिशत की बढ़त के साथ टॉप गेनर रहे। दूसरी और कोल इंडिया और एक्सिस बैंक के शेयरों में एक-एक प्रतिशत की गिरावट दिखी। इससे पहले बुधवार को सेंसेक्स 742 अंक मजबूत होकर 65,675 के स्तर पर बंद हुआ था।
सरकार ने विंडफॉल टैक्स में कटौती का किया एलान
सरकार ने विंडफॉल टैक्स में एक बार फिर कटौते करने का एलान किया है। क्रूड ऑयल पर इसे 3500 रुपए प्रति टन घटाया गया है। अब घरेलू स्तर पर उत्पादित क्रूड ऑयल पर विंडफॉल टैक्स 9800 रुपए से घटाकर 6300 रुपए प्रति टन कर दिया गया है। डीजल निर्यात पर विंडफॉल टैक्स को दो रुपए प्रति लीटर से घटाकर एक रुपए प्रति लीटर करने का फैसला किया गया है।
एटीएफ यानी जेट फ्यूल पर पहले भी विंडफॉल टैक्स शून्य था और इसे एक बार फिर शून्य पर ही बरकरार रखा गया है। पेट्रोल पर भी विंडफॉल टैक्स शून्य है।