PM Modi: डिजिटल पेमेंट इकोसिस्टम ने बदला प्रशासन का तरीका, G20 बैठक में प्रधानमंत्री ने गिनाए UPI के फायदे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जी20 के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक के गवर्नर्स की बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जी20 की अध्यक्षता के दौरान हमने एक ऐसा फिनटेक प्लेटफॉर्म तैयार किया है, जिसकी मदद से जी20 सदस्य देशों के मेहमान भारत के डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म यूपीआई का इस्तेमाल कर सकेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जी-20 देशों से दुनिया के सबसे कमजोर नागरिकों पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान करते हुए कुछ विकासशील देशों के सामने उच्च ऋण स्तर के खतरे को रेखांकित किया। पीएम मोदी ने कहा, ऐसी वैश्विक चुनौतियों का सामना करने के लिए बहुपक्षीय विकास बैंकों को मजबूत करने के लिए सामूहिक रूप से काम करने की जरूरत है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जी20 की अध्यक्षता के दौरान हमने एक ऐसा फिनटेक प्लेटफॉर्म तैयार किया है, जिसकी मदद से जी20 सदस्य देशों के मेहमान भारत के डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म यूपीआई का इस्तेमाल कर सकेंगे।
जी-20 देशों के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंकों के गवर्नरों की दो दिवसीय बैठक की शुरुआत में एक वीडियो संदेश में पीएम मोदी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थानों की तेजी से सुधार लाने में अक्षमता के कारण उनके प्रति विश्वास कम हुआ है। उन्होंने दुनिया के विभिन्न हिस्सों में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का जिक्र किया। वैश्विक अर्थव्यवस्था पर अब भी जारी कोरोना महामारी के बाद के प्रभावों और व्यापक भू-राजनीतिक तनावों के असर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन घटनाक्रमों ने कई देशों की वित्तीय व्यवहार्यता को खतरे में डाल दिया है।
पीएम मोदी ने कहा, यह अब आप (जी-20 के सदस्य देशों) पर निर्भर करता है जो दुनिया की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं और मौद्रिक प्रणालियों के संरक्षक हैं कि वे वैश्विक अर्थव्यवस्था में स्थिरता, भरोसा और वृद्धि वापस लाएं। यह आसान काम नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जी-20 भारतीय अर्थव्यवस्था की जीवंतता से प्रेरणा लेगा और वैश्विक परिदृश्य पर स्थिरता, भरोसा और वृद्धि को वापस लाने की दिशा में काम करेगा। उन्होंने कहा, यूपीआई जैसे उदाहरण कई अन्य देशों के लिए भी आदर्श हो सकते हैं।
Karnataka | Union Finance Minister Nirmala Sitharaman, RBI Governor Shaktikanta Das attend the first G20 'Finance Ministers and Central Bank Governors' meeting in Bengaluru pic.twitter.com/V1jLh6kOaQ
— ANI (@ANI) February 24, 2023
एक पृथ्वी, एक परिवार एक भविष्य पर जोर
पीएम ने कहा, हमें दुनिया के साथ अपने अनुभव साझा करने में खुशी होगी और जी-20 इसके लिए एक माध्यम हो सकता है। उन्होंने कहा, भारतीय उपभोक्ता और उत्पादक भविष्य को लेकर आशावादी और आश्वस्त हैं। हमें उम्मीद है कि आप वैश्विक अर्थव्यवस्था में उसी सकारात्मक भावना को प्रसारित करने में सक्षम होंगे। पीएम ने कहा, वैश्विक आर्थिक नेतृत्व केवल एक समावेशी एजेंडा बनाकर ही फिर से दुनिया का भरोसा जीत सकता है। उन्होंने कहा, हमारी जी-20 अध्यक्षता का विषय इस समावेशी दृष्टिकोण-एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य को बढ़ावा देता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि विश्व की जनसंख्या आठ अरब को पार कर चुकी है, लेकिन ऐसा लग रहा है कि सतत विकास लक्ष्यों को लेकर प्रगति धीमी पड़ रही है।
जी20 की यह बैठक बेंगलुरु में आयोजित हो रही है और शुक्रवार को इस बैठक का दूसरा दिन है। इस बैठक में भारत की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और केंद्रीय बैंक रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास मौजूद रहे। बता दें कि कई सरकारी योजनाओं का पैसा भी डिजिटल पेमेंट के द्वारा लोगों के खातों में सीधे ट्रांसफर किया जा रहा है। साथ ही आम लोग रोजमर्रा की चीजें खरीदने के लिए भी डिजिटल पेमेंट कर रहे हैं। भारत का डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म यूपीआई और पे नाऊ अब सिंगापुर में भी काम करेंगे। बता दें कि भारत और सिंगापुर ने अपने डिजिटल पेमेंट सिस्टम्स को लिंक करने का फैसला किया है। दोनों देशों के बीच हर साल करीब एक बिलियन डॉलर से ज्यादा का आदान-प्रदान होता है।