जीडीपी: पीएम मोदी बोले- दुनिया संकटों से घिरी, फिर भी भारत ने हासिल की 7.8% विकास दर; आत्मनिर्भर बनना जरूरी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर नया वीडियो शेयर कर भारत की 7.8% विकास दर पर देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि वैश्विक संकटों के बावजूद भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और इस रफ्तार को बनाए रखने के लिए आत्मनिर्भर भारत जरूरी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की 7.8 प्रतिशत आर्थिक विकास दर को लेकर देशवासियों को बधाई दी है। पीएम मोदी ने इंस्टाग्राम पर एक नया वीडियो साझा करते हुए कहा कि यह उपलब्धि देश की सामूहिक शक्ति, संकल्प और मेहनत का नतीजा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर युद्ध और संकट के बावजूद भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है।
7.8% ग्रोथ पर पीएम मोदी ने क्या कहा?
पीएम मोदी ने कहा कि 7.8 प्रतिशत की विकास दर हासिल करना देश के लिए खुशी की बात है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय देशवासियों की संकल्प शक्ति और पुरुषार्थ को दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज दुनिया के कई हिस्से युद्ध और संकट से घिरे हैं। अलग-अलग क्षेत्रों से युद्ध की खबरें सामने आ रही हैं और वैश्विक सप्लाई चेन भी प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि 2020 के कोविड काल के बाद से दुनिया में स्थिरता पूरी तरह लौटती नहीं दिखी है, इसके बावजूद भारत तेज गति से प्रगति कर रहा है।
विज्ञापन विज्ञापन
विपक्ष पर पीएम मोदी ने क्या निशाना साधा?
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक तरफ भारत तमाम वैश्विक चुनौतियों को पार करते हुए आगे बढ़ रहा है, वहीं देश के भीतर कुछ लोग निराशा और झूठ का माहौल बनाने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी चुनौतियों के बीच भारत ने 7.8 प्रतिशत की ग्रोथ हासिल की है। अब देश को इस आर्थिक रफ्तार को बनाए रखना है और विकास की गति को और आगे ले जाना है।
सोना खरीदने को लेकर पीएम मोदी ने क्या कहा?
पीएम मोदी ने कहा कि भारत की आर्थिक प्रगति को और मजबूत करने के लिए आत्मनिर्भर भारत का निर्माण जरूरी है। उन्होंने देशवासियों से स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और 'वोकल फॉर लोकल' के मंत्र को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों को ‘मेड इन इंडिया’ को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। प्रधानमंत्री ने विदेशों में घूमने और शादी करने जैसी प्रवृत्तियों से बचने की भी अपील की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर जरूरत न हो तो सोना खरीदने से भी बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश जितना अधिक स्वदेशी और आत्मनिर्भरता पर जोर देगा, उतना ही भारत की आर्थिक मजबूती बढ़ेगी।
2047 के विकसित भारत का लक्ष्य दोहराया
पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि आजादी के 100 वर्ष पूरे होने तक देश अपनी युवा पीढ़ी को विकसित भारत सौंपेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के सपनों को आज की मेहनत और संकल्प के जरिए पूरा करना होगा। प्रधानमंत्री ने देशवासियों से अपने पुरुषार्थ में कोई कमी न रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की नीति सही दिशा में है और नीयत साफ है। पीएम मोदी के मुताबिक, 140 करोड़ देशवासियों की सामूहिक शक्ति भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जा रही है। उन्होंने देशवासियों से 7.8 प्रतिशत की ग्रोथ की खुशी मनाने के साथ आगे के लिए नया संकल्प लेने और उसे पूरा करने की दिशा में मिलकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।