{"_id":"625e99f65fe43265cf4edcd3","slug":"lic-ipo-latest-news-update-decision-on-timing-of-public-offer-launch-shortly","type":"story","status":"publish","title_hn":"एलआईसी आईपीओ: सरकार इस सप्ताह कर सकती है फैसला, बीमा कंपनी ने हर एक मिनट में 41 पॉलिसियां बेचीं","category":{"title":"Business Diary","title_hn":"बिज़नेस डायरी","slug":"business-diary"}}
एलआईसी आईपीओ: सरकार इस सप्ताह कर सकती है फैसला, बीमा कंपनी ने हर एक मिनट में 41 पॉलिसियां बेचीं
Tue, 19 Apr 2022 04:49 PM IST
दीपक चतुर्वेदी
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: दीपक चतुर्वेदी
Updated Tue, 19 Apr 2022 04:49 PM IST
सार
LIC IPO Latest News Update: एक रिपोर्ट में सरकारी अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी एलआईसी के आईपीओ को लॉन्च करने की तारीख पर फैसला जल्द लिया जा सकता है। सरकार इस सप्ताह के अंत तक इसका एलान कर सकती है।
विज्ञापन
एलआईसी आईपीओ
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
एलआईसी के आईपीओ का इंतजार कर रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। दरअसल, एक रिपोर्ट में सरकारी सूत्रों के हवाले से कहा गया कि केंद्र सरकार देश के सबसे बड़े आईपीओ को पेश करने की तारीख का एलान इस सप्ताह के अंत तक कर सकती है। इसके साथ ही एलआईसी की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, बीमा कंपनी ने भारत में प्रति मिनट 41 पॉलिसियों की बिक्री की है।
विज्ञापन
बैठकों के बाद लिया जाएगा फैसला
रिपोर्ट में एक सरकारी अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि हम इस सप्ताह के अंत तक निर्धारित समय सीमा के भीतर एलआईसी आईपीओ को पेश करने की तैयारी में है और इस संबंध में कुछ बैठकों के बाद अंतिम फैसला करेंगे। अधिकारी ने कहा कि जहां सरकार इश्यू की संभावनाओं को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त है, वहीं वह बाजार की स्थितियों और निवेशकों की धारणाओं को लेकर भी सावधानी बरत रही है। एलआईसी आईपीओ भारत का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ होगा। रिपोर्ट्स की मानें तो आईपीओ के जरिए सरकार एलआईसी में अपनी पांच फीसदी हिस्सेदारी बेचने जा रही है। इसके तहत 31.6 करोड़ शेयर जारी किए जाएंगे।
विज्ञापन
निवेशकों को आकर्षित करने की तैयारी
रिपोर्ट के अनुसार देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी की वैल्यूएशन करीब 30 फीसदी तक घटाई जा सकती है। निवेशकों के बीच एलआईसी के आईपीओ का आकर्षण बढ़ाने के उद्देश्य से सरकार ऐसा करने जा रही है। सरकार अब एलआईसी की वैल्यूएशन करीब 11 लाख करोड़ रुपये करना चाहती है। पहले इसकी वैलयू 16 लाख करोड़ रुपये निर्धारित की गई थी। रिपोर्ट्स की मानें तो एलआईसी आईपीओ का 10 फीसदी हिस्सा पॉलिसीधारकों और 5 फीसदी हिस्सा कर्मचारियों के लिए आरक्षित होगा। इसके अलावा आईपीओ में 20 फीसदी प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का भी रास्ता खुल गया है। आईपीओ में निवेश करने के बाद पॉलिसी हॉल्डर्स के लिए किसी प्रकार का लॉक इन अवधि पीरियड नहीं होगा। वह लिस्टिंग के दिन आसानी से शेयर को बेच सकते हैं।
विज्ञापन
एलआईसी की जीआरपी 13% बढ़ी
देश का सबसे बड़ा आईपीओ लाने की तैयारी कर रही सरकारी बीमा कंपनी एलआईसी ने पिछले वित्त वर्ष में प्रति मिनट 41 यानी हर घंटे 2,460 पॉलिसीज बेची हैं। कंपनी की ओर से जारी किए गए आंकड़ों को देखें तो वित्त वर्ष 2021-22 में कंपनी की जीआरपी में 12.66 फीसदी का इजाफा हुआ है। कंपनी ने इस दौरान 21,718,695 पॉलिसीज बेची, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 3.54 फीसदी अधिक है। साल 2020-21 में कंपनी ने 20,975,439 पॉलिसी बेची थीं। इस दौरान कंपनी का मार्केट शेयर 74.60 फीसदी पर पहुंच गया जो पिछले वित्त वर्ष में 74.51 फीसदी पर था। बीमाकर्ता ने मार्च 2022 महीने के लिए 4,896,019 पॉलिसी बेचीं, जो इससे पिछले साल की समान अवधि यानी मार्च 2021 में बिक्री हुई 4,667,952 पॉलिसियों के मुकाबले 4.89 फीसदी अधिक है।
पिछले साल से यहां था आंकड़ा
कंपनी का ग्रॉस रिन्यूएबल प्रीमियम (जीआरपी) को रुपये के आधार पर देखें तो यह उछलकर 1,43,938.59 करोड़ रुपये पहुंच गया। वित्त वर्ष 2020-21 में यह 1,27,768.06 करोड़ रुपये रहा था। इसी तरह मार्च 2022 में एलआईसी का इंडिविजुअल नॉन सिंगल प्रीमियम 8.82 फीसदी बढ़कर 30,015.74 करोड़ रुपये पहुंच गया। पिछले साल मार्च में यह 27,584.02 करोड़ रुपये रहा था। फर्स्ट ईयर प्रीमियम भी मार्च 2022 में 7.92 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 198,759.85 रुपये पहुंच गया। इसके अलावा मार्च 22 में कंपनी का इंडिविजुअल सिंगल प्रीमियम 61 फीसदी बढ़कर 4,018.33 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 2,495.82 करोड़ रुपये रहा था।