हिंदुजा बंधुओं द्वारा जेट एयरवेज में निवेश की उम्मीद से शेयर में दिखा उछाल
शेयर बाजार में हिंदुजा बंधुओं द्वारा जेट एयरवेज में निवेश करने की उम्मीद से इसका शेयर चढ़ गया है। फिलहाल यह 6.46 फीसदी के उछाल से 160.5 रुपये पहुंच गया है।हिंदुजा समूह जेट एयरवेज में निवेश के अवसरों का आकलन कर रहा है। उल्लेखनीय है कि नकदी संकट से जूझ रही निजी क्षेत्र की विमानन कंपनी जेट एयरवेज पिछले करीब एक माह के ठप खड़ी है।
भारतीय स्टेट बैंक की अगुवाई वाला बैंकों का गठजोड़ एयरलाइन को फिर से खड़ा करने का प्रयास कर रहा है। वहीं नागर विमानन मंत्रालय विभिन्न हवाई अड्डों पर एयरलाइन के स्लॉट अन्य एयरलाइंस को अस्थायी रूप से दे चुका है।
बैंकों से शुरू की बातचीत
हिंदुजा बंधु--जीपी हिंदुजा और अशोक हिंदुजा ने एसबीआई कैपिटल मार्केट की अगुवाई वाले बैंकों के कंशोर्सियम से इस बारे में बातचीत शुरू कर दी है। हिंदुजा बंधुओं द्वारा इस बातचीत के जेट एयरवेज के संस्थापक नरेश गोयल की भी सहमति है। नरेश गोयल और हिंदुजा बंधुओं के बीच दो दशक से भी ज्यादा समय से पुराने संबंध हैं।
ब्रिटेन के सबसे अमीर शख्स
हिंदुजा बंधुओं को हाल ही में ब्रिटेन के सबसे अमीर शख्स होने का ताज मिला है। दोनों भाइयों की कुल संपंत्ति 22 अरब पाउंड है। जेट को रिवाइव करने के लिए वो आसानी से 15 हजार करोड़ रुपये निवेश कर सकते हैं।
एतिहाद करेगा केवल 1700 करोड़ रुपये निवेश
जेट एयरवेज में एतिहाद केवल 24 फीसदी हिस्सेदारी के लिए 1700 करोड़ रुपये का निवेश करेगा। उसने यह भी साफ कर दिया है कि वो जेट की देनदारी को पूरा नहीं करेगा। उसने बैंकों से कह दिया है कि वो 8500 करोड़ के कर्ज में 70-80 फीसदी कर्ज को माफ करे।