रेल यात्रियों को तोहफा, अब मिलेगी एयरलाइन की तरह सीट चयन करने की सुविधा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रेलवे अब यात्रियों को एक नई सुविधा देने जा रहा है। इसके तहत अब यात्री आसानी से अपनी पसंद की सीट का चुनाव भी कर सकेंगे। इसका फायदा सबसे ज्यादा उन यात्रियों को होगा जो अपनी पसंद की सीट न मिलने की वजह से परेशान होते हैं। फिर वो अन्य यात्रियों से मिनती करते हैं, कि सीट को बदल लें।
रेल मंत्री पीयूष गोयल ने वरिष्ठ अधिकारियों से कहा है कि वे रेलवे सूचना प्रणाली केंद्र की मदद से आरक्षण चार्ट को सार्वजनिक करें ताकि सीटों की उपलब्धता से संबंधित यात्रियों की शिकायतें दूर की जा सकें।
ऐसे कर सकेंगे चयन
यात्री जैसे ही आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर टिकट को बुक करेगा, तो उसे पसंदीदा कोच के अलावा खाली सीट के बारे में जानकारी मिलेगी। इस हिसाब से यात्री अपनी पंसद की सीट चुन सकेगा। अभी यात्रियों को सिस्टम की तरफ से एक सीट उपलब्ध कराई जाती है।
सार्वजनिक होगी आरक्षण व्यवस्था
रेल मंत्री ने कहा कि अब आरक्षण सुविधा सार्वजनिक करने की जरूरत है, ताकि यात्री किसी खास ट्रेन में बुकिंग की स्थिति देख सकें। एयरलाइंस की तरह यह बुकिंग करने वाले यात्रियों को उन सीटों को एक अलग रंग में दिखाएगा जो पहले से बुक हैं। यह पीएनआर के तहत हो सकता है। सीटों का चयन अगला विकल्प होगा।
यात्रियों ने शिकायत की थी कि कुछ निश्चित मार्गों पर ट्रेनों में सीट हमेशा प्रतीक्षा सूची में होती है और उनके पास टीटीई से संपर्क करने के अलावा कोई विकल्प नहीं होता है। इसके बाद टीटीई उन्हें खाली सीट की पेशकश करते हैं, जो बुकिंग के समय उन्हें दी जा सकती थी।
हालांकि, कुछ वरिष्ठ अधिकारियों का मानना है कि आरक्षण विवरण को सार्वजनिक करना सुरक्षा मुद्दा हो सकता है और हर स्टेशन पर यात्रियों का चढ़ना व उतरना एयरलाइंस के विपरीत एक बोझिल प्रक्रिया हो सकती है, जिसके परिणाम स्वरूप बुकिंग की स्थिति में परिवर्तन होता है।