{"_id":"68f2dadebe7bc3857902eb13","slug":"gold-reaches-rs-1-34-lakh-yet-39-tonnes-of-sales-are-expected-across-the-country-on-dhanteras-2025-10-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"धनतेरस पर बरसेगा धन:1.34 लाख रुपये पर पहुंचा सोना, फिर भी देश भर में धनतेरस पर 39 टन बिक्री का अनुमान","category":{"title":"Business Diary","title_hn":"बिज़नेस डायरी","slug":"business-diary"}}
धनतेरस पर बरसेगा धन:1.34 लाख रुपये पर पहुंचा सोना, फिर भी देश भर में धनतेरस पर 39 टन बिक्री का अनुमान
Sat, 18 Oct 2025 05:40 AM IST
शिव शुक्ला
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
Published by: शिव शुक्ला
Updated Sat, 18 Oct 2025 05:40 AM IST
सार
धनतेरस पर इस साल सोने की बिक्री में जोरदार बढ़ोतरी की उम्मीद है। पीली धातु की कीमतें रिकॉर्ड पर होने के के बावजूद देशभर में करीब 39 टन सोना बिकने का अनुमान है। इससे लगभग ₹50,700 करोड़ के कारोबार की संभावना जताई गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि लोग इस बार भारी गहनों की बजाय हल्के आभूषणों, सोने के सिक्कों और बार में निवेश को प्राथमिकता दे रहे हैं।
विज्ञापन
सोने का भाव
- फोटो : PTI
विस्तार
कीमतों में रिकॉर्ड उछाल के बावजूद इस साल धनतेरस पर सोने की अच्छी बिक्री की उम्मीद जताई जा रही है। सराफा कारोबारियों का कहना है कि वैशि्वक आरि्थक चुनौतियों और कीमतों में वृद्धि की संभावनाओं को देखते हुए लोग निवेश के लिए सोना खरीदना चाहते हैं। हालांकि, इस बार सोने के भारी गहनों की मांग कम दिख रही है। वजनी दिखने वाले हल्के आभूषणों के साथ सोने के सिक्कों एवं बार की बिक्री ज्यादा होने की उम्मीद है।
विज्ञापन
इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के महासचिव सुरेंद्र मेहता ने बताया, पिछले साल धनतेरस पर सोना 81,400 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जबकि शुक्रवार को यह 1,34,800 रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। यानी एक साल में सोना 53,400 रुपये (65.60 फीसदी) महंगा हो चुका है। इसके बावजूद इस धनतेरस पर देशभर में 39 टन सोना बिकने का अनुमान है। यह आंकड़ा पिछले धनतेरस पर बिके 35 टन सोने के मुकाबले 11.42 फीसदी ज्यादा है। मूल्य के लिहाज से इस बार 50,700 करोड़ रुपये के सोने की खरीद-बिक्री होने का अनुमान है। 2023 में देशभर में धनतेरस पर 42 टन और 2022 में 39 सोने की बिक्री हुई थी।
विज्ञापन
हल्के आभूषणों की ज्यादा मांग
कामा ज्वेलरी के प्रबंध निदेशक कॉलिन शाह ने बताया, सौदर्य और अलंकरण के दृष्टिकोण से वजनी दिखने वाले हल्के आभूषणों की मांग अच्छी है। 9 कैरेट से 18 कैरेट तक के स्वर्ण आभूषणों की बिक्री इस बार बेहतर रहेगी।
विज्ञापन
30 फीसदी तक घट सकती है गहनों की बिक्री
सुरेंद्र मेहता ने बताया, मौजूदा तेजी के बाद भविष्य में कीमतें और बढ़ने के अनुमान से इस धनतेरस पर लोग निवेश के लिए सोने की खरीदारी करेंगे। सोने के सिक्कों और बार की बिक्री 25-26 फीसदी बढ़ सकती है। हालांकि, आभूषणों की बिक्री में 25-30% की गिरावट आ सकती है।
सभी बड़े बाजारों में आकर्षक ऑफर
दिल्ली के बाजारों में जीएसटी की दरें कम होने का असर सोना-चांदी, बर्तन और सिक्कों की खरीदारी पर नजर आ रहा है। चांदनी चौक, लाजपत नगर, राजौरी गार्डन, सरोजिनी नगर, नेहरू प्लेस, साकेत और करोल बाग जैसे प्रमुख बाजारों में भीड़ रहने की उम्मीद है। कई ब्रांड आकर्षक डिस्काउंट दे रहे हैं।