ED Action: रेड क्रॉस के पदधारकों से जुड़ी 3.37 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त, 'सेक्सटॉर्शन' केस में भी कार्रवाई
ED Action: ओडिशा के 'सेक्सटॉर्शन' मामले में ईडी ने मुख्य आरोपी की एसयूवी जब्त कर ली है। केंद्रीय एजेंसी ने ओडिशा में हाल ही में कथित यौन शोषण से जुड़े धनशोधन मामले के मुख्य आरोपी की एक स्पोर्ट्स यूटिलिटी वाहन (एसयूवी) जब्त की है।
विस्तार
ईडी ने इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की तमिलनाडु शाखा, एग्मोर के पदाधिकारियों से संबंधित 3.37 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्तियों को जब्त किया है। जिन अधिकारियों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है उनमें अध्यक्ष हरीश एल मेथा, पूर्व कोषाध्यक्ष सेंथिल नाथन, और पूर्व महासचिव एमएसएम नसरुद्दीन शामिल हैं।
वहीं दूसरी ओर, केरल के एक मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने बीआरडी समूह की कंपनियों के अध्यक्ष विलियम वर्गीज और पांच अन्य के खिलाफ एर्नाकुलम की पीएमएलए विशेष अदालत में अभियोजन शिकायत दर्ज की है।
उधर, ओडिशा के 'सेक्सटॉर्शन' मामले में ईडी ने मुख्य आरोपी की एसयूवी जब्त कर ली है। केंद्रीय एजेंसी ने ओडिशा में हाल ही में कथित यौन शोषण से जुड़े धनशोधन मामले के मुख्य आरोपी की एक स्पोर्ट्स यूटिलिटी वाहन (एसयूवी) जब्त की है।
संघीय जांच एजेंसी की ओर से जारीए एक बयान में कहा गया है कि फोर्ड एंडेवर नामक वाहन बिना नंबर प्लेट के लावारिस हालत में पाया गया। जब्त वाहन की कीमत करीब 40 लाख रुपये है। एजेंसी के अनुसार यह वाहन अर्चना नाग का है जो भुवनेश्वर शहर और उसके आसपास चलने वाले हाई-प्रोफाइल सेक्सटॉर्शन रैकेट की मुख्य आरोपी है।
प्रवर्तन निदेशालय ने पहले कहा था कि उसने इस मनी लॉन्ड्रिंग जांच में हाल ही में तलाशी लेने के बाद आपत्तिजनक दस्तावेज़, डिजिटल साक्ष्य और मोबाइल फोन जब्त किए है। 10 नवंबर को अर्चना नाग, उनके पति जगबंधु चंद, उनके कथित सहयोगी खगेश्वर पात्रा और नाग की सहयोगी शारदांजलि बेहरा के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।