{"_id":"5eaa48e4f513ee191516dc7f","slug":"coronavirus-in-world-more-than-30-crore-people-can-be-lost-the-jobs-by-june-across-the-world-due-to-lockdown","type":"story","status":"publish","title_hn":"कोरोना का असर: दुनियाभर में जून तक खत्म हो सकती हैं 30 करोड़ से ज्यादा लोगों की नौकरियां","category":{"title":"Business Diary","title_hn":"बिज़नेस डायरी","slug":"business-diary"}}
कोरोना का असर: दुनियाभर में जून तक खत्म हो सकती हैं 30 करोड़ से ज्यादा लोगों की नौकरियां
Thu, 30 Apr 2020 09:11 AM IST
आसिम खान
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला
Published by: आसिम खान
Updated Thu, 30 Apr 2020 09:11 AM IST
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
कोरोना वायरस महामारी की वजह से एक तरह जहां पूरी दुनिया में लोगों की मौत का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है तो दूसरी तरह नौकरियों पर भी गहरा संकट मंडरा रहा है। संयुक्त राष्ट्र की श्रम इकाई अंतरराष्ट्रीय श्रमिक संगठन के अनुसार दुनियाभर में 30 करोड़ से ज्यादा लोग अपनी नौकरियों से हाथ धो सकते हैं। संगठन ने कोरोना के कारण जाने वाली नौकरियों का पूर्वानुमान एक बार फिर से बढ़ाया है।
विज्ञापन
खत्म हो सकती हैं 30 करोड़ से ज्यादा नौकरियां
अंतरराष्ट्रीय श्रमिक संगठन के अनुसार दुनियाभर में अप्रैल से जून के दौरान सिर्फ तीन महीने में ही करीब 30.5 करोड़ लोगों की पूर्णकालिक नौकरियां खत्म हो सकती हैं। संगठन ने पिछले पूर्वानुमान में कहा था कि इस महामारी के कारण जून तिमाही में हर सप्ताह औसतन 48 घंटे की कार्यअवधि वाले 19.5 करोड़ पूर्णकालिक नौकरियों का नुकसान हो सकता है।
विज्ञापन
संगठन ने कहा कि महामारी पर काबू पाने के लिए दुनियाभर में लॉकडाउन के बढ़ाए जाने से उसे अनुमान में संशोधन करना पड़ा। संगठन ने कहा कि इस महामारी के कारण अनौपचारिक क्षेत्र के 1.6 अरब कामगारों के जीवनयापन का खतरा उत्पन्न हो चुका है क्योंकि महामारी के कारण उनके रोजी-रोटी के साधन बंद हो चुके हैं। यह पूरी दुनिया के 3.3 अरब कार्यबल का करीब आधा है।
विज्ञापन
8.4 फीसदी से बढ़कर 23 फीसदी हुई बेरोजगारी दर
सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकोनॉमी (सीएमआईई) का कहना है कि दुनियाभर में बेरोजगारी दर मार्च महीने के मध्य के 8.4 फीसदी से बढ़कर 23 फीसदी हो गई है। वहीं, सीएमआईई के आंकड़ों के अनुसार, शहरी क्षेत्र में 15 मार्च 2020 को 8.21 फीसदी बेरोजगारी दर थी। यह 22 मार्च 2020 को 8.66 फीसदी पर आई। 29 मार्च 2020 को यह 30.01 फीसदी पर जा पहुंची और फिर पांच अप्रैल 2020 के आंकड़ों के अनुसार यह 30.93 फीसद पर आ गई है।
देश में बेरोजगारी बढ़ी
भारत में कोरोना महामारी और लॉकडाउन की वजह से बेरोजगारी दर बढ़कर 23.4 फीसदी पर पहुंच गई है। सीएमआईई की रिपोर्ट के अनुसार, लॉकडाउन से भारत की शहरी बेरोजगारी दर 30.9 फीसदी तक बढ़ सकती है। हालांकि, कुल बेरोजगारी 23.4 फीसदी तक बढ़ने का अनुमान है।