Biz Updates: विमानन उद्योग को FY26 में 30 अरब के घाटे की आशंका; कुमार बिड़ला USISPF के निदेशक मंडल में शामिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत के विमानन उद्योग को वित्तीय वर्ष 2025-26 में 20 से 30 अरब रुपये तक का शुद्ध घाटा होने का अनुमान है। यह पिछले वित्त वर्ष के के अनुमानित नुकसान के अनुरूप है। क्रेडिट रेटिंग फर्म आईसीआरए की रिपोर्ट में यह दावा किया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि हवाई यात्रा की माँग तो मजबूत बनी हुई है, लेकिन घरेलू बाजार में प्रतिस्पर्धात्मक दबाव और मूल्य संवेदनशीलता के कारण एयरलाइनों द्वारा टिकट की कीमतों में भारी वृद्धि की संभावना नहीं है। इसके साथ ही, महंगे ईंधन के कारण, मुनाफे पर असर पड़ने की आशंका है।
बढ़ती लीज देनदारियों के कारण वित्त वर्ष 26 में ब्याज लागत बढ़ने की संभावना है, क्योंकि कई एयरलाइनों ने विमानों की डिलीवरी निर्धारित कर दी है। बढ़ते कर्ज के बोझ से वित्तीय लागत बढ़ने की उम्मीद है, जिससे मार्जिन और कम हो जाएगा। इन चुनौतियों के बावजूद, वित्त वर्ष 26 के लिए अनुमानित घाटा अतीत के भारी झटकों की तुलना में उल्लेखनीय सुधार है। उद्योग ने वित्त वर्ष 22 में 235 अरब रुपये और वित्त वर्ष 23 में 174 अरब रुपये का चौंका देने वाला शुद्ध घाटा दर्ज किया था, जो मुख्य रूप से कोविड-19 से संबंधित व्यवधानों और ईंधन लागत में उतार-चढ़ाव के कारण हुआ था।
कुमार मंगलम बिड़ला USISPF के निदेशक मंडल में शामिल
आदित्य बिड़ला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला अमेरिका-भारत रणनीतिक साझेदारी मंच (यूएसआईएसपीएफ) के निदेशक मंडल में शामिल किए गए हैं। यूएसआईएसपीएफ ने बताया कि वह निदेशक मंडल की कार्यकारी समिति के सदस्य भी रहेंगे। बिड़ला ने कहा, यूएसआईएसपीएफ की कार्यकारी समिति में शामिल होना सम्मान की बात है। काफी कम समय में यूएसआईएसपीएफ अमेरिका और भारत के बीच रणनीतिक एवं आर्थिक संबंधों को आकार देने और उन्हें मजबूत करने का एक शक्तिशाली मंच बन गया है। दोनों देशों में संवाद, सहयोग और विश्वास को बढ़ावा देने के इसके कार्यों ने सार्थक बदलाव लाया है।
दरअसल, आदित्य बिड़ला समूह अमेरिका में सबसे बड़ा भारतीय ग्रीनफील्ड निवेशक है। इसका परिचालन धातु, कार्बन ब्लैक एवं रसायनों के क्षेत्र में 15 राज्यों में फैला है। यूएसआईएसपीएफ के चेयरमैन और जेसी2 वेंचर्स के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) जॉन चैम्बर्स ने कहा, बिड़ला के कार्यकारी समिति में शामिल होने से यूएसआईएसपीएफ को नए क्षितिज पर ले जाने में मदद मिलेगी। हम इस साझेदारी को विकसित और परिभाषित करना जारी रखेंगे।
केंद्र सरकार ने शुक्रवार को ई-ट्रक (इलेक्ट्रिक ट्रक) खरीदने वाले ग्राहकों को 9.6 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता देने की नई योजना की शुरुआत की। भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने पीएम ई-ड्राइव पहल के तहत इस योजना का उद्घाटन किया। योजना का उद्देश्य ई-ट्रकों को बढ़ावा देना है। इसके लिए 10,900 करोड़ रुपये के परिव्यय में से 500 करोड़ रुपये इलेक्ट्रिक ट्रकों के लिए निर्धारित किए गए हैं। योजना के प्रमुख लाभार्थी बंदरगाह, यातायात सेवाओं व उत्पाद से जुड़ी कंपनियां, सीमेंट और इस्पात उद्योग होंगे। इसके तहत 5,600 इलेक्ट्रिक ट्रकों को समर्थन दिया जाएगा। इस मौके पर कुमारस्वामी ने कहा, डीजल ट्रक, कुल वाहन संख्या का केवल 3 प्रतिशत हैं, इसके बावजूद वायु प्रदूषण को काफी हद तक बढ़ाते हैं। योजना के तहत दिल्ली में पंजीकृत होने वाले लगभग 1,100 ई-ट्रकों के लिए प्रोत्साहन राशि आरक्षित की गई है।
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने ग्राहक को ऋण देते समय भारत में विदेशी निवेश से जुड़े कुछ मानदंडों के उल्लंघन के लिए एचडीएफसी बैंक पर 4.88 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। केंद्रीय बैंक ने भारतीय रिजर्व बैंक (डिजिटल ऋण) निर्देश-2025 के कुछ प्रावधानों का पालन नहीं करने के लिए गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी श्रीराम फाइनेंस लि. पर भी 2.70 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या जून में सालाना आधार पर 5.1 फीसदी बढ़कर 1.38 करोड़ से अधिक हो गई। हालांकि, मई की तुलना में इसमें मामूली गिरावट आई। रेटिंग एजेंसी इक्रा ने कहा, विमानन ईंधन की बढ़ती कीमतों और कई देशों में तनाव से जुड़े जोखिमों के चलते देश के विमानन उद्योग को 2025-26 में 2,000 से 3,000 करोड़ का शुद्ध घाटा होने का अनुमान है।
भारत का डाटा सेंटर उद्योग तेजी से आगे बढ़ रहा है। 2030 तक इसकी कुल क्षमता 3 गीगावॉट और 2033 तक छह गीगावॉट तक पहुंचने की उम्मीद है। एवेंडस कैपिटल की रिपोर्ट के अनुसार, इस क्षेत्र में सालाना निवेश में भी वृद्धि देखी जा रही है, जो वर्तमान में 1-1.5 अरब डॉलर यानी 12,870 करोड़ रुपये है। आने वाले वर्षों में यह आंकड़ा दोगुना होने की उम्मीद है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) ने भारत में अपने यूजर के लिए प्रीमियम सदस्यता शुल्क 48 फीसदी कम कर दिए हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के पोर्टल पर पोस्ट की गई ताजा जानकारी के मुताबिक, अब प्रीमियम और प्रीमियम प्लस सदस्यता शुल्क को हर महीने 900 रुपये से घटाकर 470 रुपये कर दिया गया है। इसके तहत यूजर के नाम या आईडी के आगे ब्लू टिक चेकमार्क लगता है। इसी तरह, एक्स ने वेब खातों के लिए प्रीमियम सदस्यता शुल्क लगभग 34 प्रतिशत घटाकर 427 रुपये कर दिया है। पहले यह शुल्क 650 रुपये था। एप स्टोर की ओर से अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने के कारण मोबाइल एप पर प्रीमियम सदस्यता का शुल्क 470 रुपये है। कंपनी ने अपने अकाउंट पर बेसिक सदस्यता के लिए मासिक शुल्क 30 प्रतिशत घटाकर 170 रुपये कर दिया है, जो पहले 243.75 रुपये था।
सऊदी अरब की कंपनियां भारत में करें निवेश- नड्डा
केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जे.पी. नड्डा ने सऊदी अरब की कंपनियों को भारत में निवेश के अवसर तलाशने के लिए प्रोत्साहित किया। नड्डा सऊदी अरब की आधिकारिक यात्रा पर हैं और उनके साथ वरिष्ठ अधिकारी और कई उर्वरक कंपनियों के प्रतिनिधि भी हैं। मंत्री ने सऊदी भारत व्यापार परिषद के अध्यक्ष अब्दुलअजीज अल कहतानी से भी मुलाकात की। उन्होंने भारत और सऊदी अरब की कंपनियों के बीच बढ़ते संबंधों पर पूर्वी प्रांत दम्मम में व्यापारिक समुदाय के साथ बातचीत की।
अमेरिकी कंपनी टेस्ला 15 जुलाई को मुंबई के बांद्रा कुर्ला कांप्लेक्स यानी बीकेसी में पहला भारतीय शोरूम खोलेगी। इसके साथ ही कंपनी का सीईओ एलन मस्क की उच्च आयात शुल्क संबंधी शिकायतों के बावजूद दुनिया के तीसरे सबसे बड़े कार बाजार में प्रवेश हो जाएगा। टेस्ला न जनवरी से जून तक टेस्ला ने भारत में 10 लाख डॉलर मूल्य के वाहन, चार्जर और सहायक उपकरण आयात किए। इनमें से अधिकांश चीन और अमेरिका से थे।
वालमार्ट ने बाजार से वापस मंगाईं 8.50 लाख बोतलें
वॉलमार्ट ने लगभग 8.5 लाख "Ozark Trail 64 oz स्टेनलेस स्टील इंसुलेटेड वॉटर बॉटल्स" को बाजार से वापस मंगा लिया है। यह बॉटलें 2017 से वॉलमार्ट स्टोर्स पर बेची जा रही थीं। यूएस कंज़्यूमर प्रोडक्ट सेफ्टी कमीशन (CPSC) के अनुसार, इन बॉटलों के ढक्कन जबरदस्त दबाव से खुल सकते हैं और चेहरे पर लग सकते हैं, जिससे गंभीर चोटें हो सकती हैं। अब तक तीन लोगों को चोट लगी है, जिनमें से दो की आंखों की रोशनी स्थायी रूप से चली गई है। यह खतरा तब बढ़ता है जब बॉटल में खाद्य पदार्थ, कार्बोनेटेड या खराब होने वाले पेय लंबे समय तक रखे जाते हैं।