Biz Updates: ऑटो चालकों के लिए राइड-हेलिंग एप बनाएगी तेलंगाना सरकार; कराची में बिजली संकट, अरबों का बकाया
तेलंगाना सरकार ऑटो चालकों की मदद के लिए उबर और ओला जैसी राइड-हेलिंग एप विकसित करेगी। राज्य परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने रविवार को यह जानकारी दी। ऑटो चालकों ने 24 अगस्त से प्रस्तावित अपनी हड़ताल सरकार के आश्वासन के बाद रद्द कर दी। राज्य का आईटी विभाग इस एप को बनाएगा। सरकार ने 2012 के बाद पहली बार ऑटो किराए बढ़ाने पर सहमति दी है। जल्द ही पीले नंबर प्लेट वाली बाइक टैक्सियों को ही यात्री परिवहन की अनुमति मिलेगी। हैदराबाद में डीजल-पेट्रोल ऑटो को ईवी में बदलने हेतु 1.50 लाख रुपये की वित्तीय सहायता मिलेगी। प्रभाकर ने मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी से परामर्श करेंगे। वे कांग्रेस के 12,000 रुपये वार्षिक सहायता वादे पर सकारात्मक निर्णय लेंगे।
PAK में बिजली संकट, डिफॉल्टरों पर बकाया राशि 3 अरब
पाकिस्तान की वाणिज्यिक राजधानी कराची में शनिवार को लंबी और बगैर पूर्व सूचना वाली बिजली कटौती के खिलाफ गुस्साए लोग विरोध में सड़कों पर उतर आए। पाकिस्तानी अखबार डॉन के मुताबिक, तुरंत बिजली बहाल करने की मांग को लेकर प्रदर्शनकारियों ने सड़कें जाम कर दीं, टायर जलाए और जमकर बवाल मचाया। पाक कॉलोनी, लियाकतबाद, गरीबबाद, निश्तर रोड, भीमपुरा और रांचोर लाइन में प्रदर्शन हुए। इससे शहर के अहम इलाकों में यातायात पूरी तरह ठप हो गया और हजारों यात्री फंस गए। पारंपरिक ताजिया जुलूस निकलने से हालात और बदतर हो गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, रोजाना 12 घंटे या उससे अधिक बिजली कटौती से कारोबार पर असर पड़ा। फ्रिज में रखा खाना खराब हुआ, बच्चों की पढ़ाई नहीं हो पाई और पानी की भारी किल्लत हुई। लियाकतबाद में प्रदर्शनकारियों ने अहम चौराहे बंद कर दिए। पाक कॉलोनी में स्थानीय यूनियन कमेटियों के सदस्यों के साथ लोगों ने रैलियां निकालीं। निश्तर रोड पर व्यापारियों और के-इलेक्ट्रिक कर्मचारियों के बीच झड़प से प्रदर्शन उग्र हो गया। के-इलेक्ट्रिक ने हालिया बिजली संकट को बिजली चोरी और बकाया बिलों का नतीजा बताया। कंपनी के मुताबिक, बंधानी कॉलोनी और रेक्सर लाइन इलाकों में डिफॉल्टरों पर बकाया राशि 3 अरब पाकिस्तानी रुपये जा पहुंची है।
वित्त मंत्री सीतारमण कनाडा और अमेरिका की नौ दिवसीय यात्रा पर रवाना होंगी
केंद्रीय वित्त व कॉरपोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण 25 अगस्त से 2 सितंबर, 2026 तक कनाडा और संयुक्त राज्य अमेरिका की नौ दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर रहेंगी। इस यात्रा का उद्देश्य द्विपक्षीय आर्थिक साझेदारी को मजबूत करना और वैश्विक वित्तीय प्राथमिकताओं पर सहयोग को आगे बढ़ाना है। टोरंटो में अपनी यात्रा के पहले चरण के दौरान, सीतारमण कनाडा के वित्त मंत्री फ्रांकोइस-फिलिप शैम्पेन के साथ पहले आर्थिक एवं वित्तीय संवाद की सह-अध्यक्षता करेंगी। वार्ता में व्यापक आर्थिक रुझानों, वित्तीय क्षेत्र के संबंधों और ऊर्जा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, महत्वपूर्ण खनिजों और लचीली आपूर्ति श्रृंखलाओं सहित प्रमुख क्षेत्रों में पारस्परिक निवेश के साथ-साथ व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) की दिशा में हुई प्रगति पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
महंगा हुआ हवाई सफर, तीन महीने में किराया 32% बढ़ा
नई दिल्ली। हाल के महीनों में हवाई यात्रा पहले से महंगी हो गई है। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में हवाई यात्री सेवाओं की कीमतों में सालाना आधार पर 31.94% की तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह सभी प्रमुख सेवा क्षेत्रों में सबसे ज्यादा वृद्धि है। सरकार की नई सर्विस प्रोड्यूसर प्राइस इंडेक्स (पीपीआई फ्रेमवर्क) में यह खुलासा हुआ है। सेवा क्षेत्र में कीमतों के उतार-चढ़ाव को मापने के लिए सरकार ने हाल ही में पीपीआई फ्रेमवर्क शुरू किया है। इसका मकसद यह जानना है कि सेवा प्रदाताओं के स्तर पर कीमतों में क्या बदलाव हो रहे हैं और उनका असर आम उपभोक्ताओं पर कैसे पड़ रहा है।
घरेलू रूटों पर औसत किराया 20.5% बढ़ा
रिपोर्ट के अनुसार, एयर पैसेंजर सर्विस प्राइस इंडेक्स बढ़कर 126.4 पर पहुंच गया, जो पिछली तिमाही में 106.9 था। इसका मतलब है कि एयरलाइंस की सेवाएं देने की लागत और कीमतों में तेज उछाल आया है, जिसका असर यात्रियों के टिकट किराये पर भी दिखाई दे रहा है। डीजीसीए के मुताबिक, मार्च 2025 से जून 2026 के बीच 72 घरेलू रूटों पर औसत हवाई किराया करीब 20.5 फीसदी बढ़ गया है।
रेलवे सेवाओं की कीमतों में 3.5% की वृद्धि
वहीं, ट्रेन के किराये में बढ़ोतरी काफी सीमित रही है। सर्विस पीपीआई के मुताबिक, इस साल अप्रैल-जून के बीच रेलवे यात्री सेवाओं की कीमतों में सालाना आधार पर 3.5% की वृद्धि हुई। पूरे रेलवे सेवा क्षेत्र का इंडेक्स 103.3 से मामूली बढ़कर 103.4 हुआ और कुल सालाना महंगाई 1.27 फीसदी रही। यानी ट्रेन के सफर में फिलहाल बड़ा दबाव नहीं दिख रहा है।