Biz Updates: देशभर में 'अच्छा किया-इंश्योरेंस लिया' अभियान का आगाज; सबसे लंबा रेल फ्लाईओवर गर्डर लॉन्च
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जनरल इंश्योरेंस काउंसिल (जीआईसी) ने सामान्य बीमा को लेकर लोगों की सोच में बदलाव करने और उनमें जागरूकता बढ़ाने के लिए 'अच्छा किया इंश्योरेंस लिया' नामक राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू किया है। भारतीय बीमा विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (इरडा) के मार्गदर्शन में यह अभियान शुरू किया गया है। जीआईसी ने इसके लिए लोवे लिंटास से करार किया है। अभियान के जरिये लोगों को बताया जाएगा कि सामान्य बीमा खरीदना पैसे की बर्बादी नहीं है। इसमें मेट्रो शहरों, टियर-2 कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों के 25-55 वर्ष की आयु के लोगों को शामिल किया जाएगा। अभियान सरकार और इरडा के 2047 तक सभी भारतीयों तक बीमा पहुंचाने के दृष्टिकोण के अनुरूप है। अभियान इसलिए जरूरी है, क्योंकि घर, वाहन और अन्य संपत्तियों की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका के बावजूद गैर-जीवन बीमा को पूरे देश में कम अपनाया जा रहा है।
डीएफसीसीआईएल ने सबसे लंबा रेल फ्लाईओवर गर्डर किया लॉन्च
भारत के माल ढुलाई बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देते हुए डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (डीएफसीसीआईएल) ने पश्चिमी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डब्ल्यूडीएफसी) के जेएनपीटी-नीलजे सेक्शन पर कलंबोली में 110.5 मीटर लंबा और लगभग 1500 टन वजनी ओपन वेब स्टील गर्डर सफलतापूर्वक लॉन्च किया है। यह रेल फ्लाईओवर (आरएफओ) डीएफसीसीआईएल की ओर से निर्मित अब तक का अपनी तरह का सबसे लंबा स्ट्रक्चर है। इस दौरान भारतीय रेलवे ट्रैक पर 32 मीटर तक विशाल गर्डर को रेडियल शिफ्ट करने जैसे जटिल इंजीनियरिंग कार्य को अंजाम दिया गया, जो उन्नत निर्माण तकनीकों और सटीक निष्पादन का परिचायक है। इस अवसर पर डीएफसीसीआईएल के प्रबंध निदेशक प्रवीण कुमार भी उपस्थित थे, जिन्होंने इंजीनियरिंग टीमों और हितधारकों के असाधारण समन्वय एवं परियोजना के त्रुटिहीन निष्पादन के लिए उनकी सराहना की।
पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने अपने व्यापक मासिक रिटेल आउटरीच कार्यक्रम की घोषणा की है। यह मई के महीने में 15 मई को आयोजित की जाने वाली एक राष्ट्रव्यापी रणनीतिक पहल है। इसका उद्देश्य विभिन्न रिटेल ऋण क्षेत्रों के अनुरूप वित्तीय समाधान पेश करने के लिए पूरे भारत के ग्राहकों तक पहुंचना है। पीएनबी रिटेल आउटरीच कार्यक्रम एक ही मंच के अंतर्गत व्यापक ऋण समाधानों को एक विस्तृत श्रृंखला प्रदान करता है, जो प्रतिस्पर्धी ब्याज दरों और न्यूनतम निष्पादन अवधि एवं दस्तावेजीकरण आवश्यकताओं के साथ महत्वपूर्ण वित्तीय उत्पादों तक पहुंच प्रदान करेगा। ग्राहक विभिन्न प्रकार की विशिष्ट पेशकशों का लाभ उठा सकते हैं। यह कार्यक्रम पात्र ग्राहकों को मौके पर परामर्श, तत्काल पात्रता जांच और सैद्धांतिक स्वीकृति की पेशकश प्रदान करता है। ग्राहक पीएनबी वन एप के माध्यम से आवास ऋण, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, वाहन ऋण और शिक्षा ऋण का लाभ उठा सकते हैं। इस दौरान पीएनबी के प्रबंध निदेशक और सीईओ अशोक चंद्र ने कहा कि हमारा मासिक रिटेल आउटरीच कार्यक्रम पूरी तरह से ग्राहकों को सर्वोपरि रखने से संबंधित है। हमारा उद्देश्य ऐसे वित्तीय समाधान प्रदान करना है जो न केवल वैयक्तिक रूप से प्रत्येक ग्राहक की विशिष्ट आवश्यकताओं को पूरा करता हो, अपितु आसानी से सुलभ भी हों। हमारे प्रयास लोगों तक पहुंचकर उनकी वित्तीय जरूरतों को पूरा करना है।
इलेक्ट्रॉनिक कलपुर्जा विनिर्माण योजना के लिए मिले 70 आवेदन मिले
केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, सरकार को 23,000 करोड़ रुपये की इलेक्ट्रॉनिक्स कलपुर्जा विनिर्माण योजना के लिए 70 आवेदन मिले हैं। आवेदनकर्ताओं में 80 फीसदी छोटी और मझोली कंपनियां हैं। ये आवेदन योजना के लिए खिड़की खुलने के 15 दिन के भीतर आए हैं। वैष्णव ने आवेदकों के नाम का खुलासा नहीं किया। हालांकि, सूत्रों ने पहले बताया था कि टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, डिक्सन टेक्नोलॉजीज और फॉक्सकॉन उन बड़ी कंपनियों में शामिल हैं, जिन्होंने इस योजना में रुचि दिखाई है। सरकार ने एक मई को 22,805 करोड़ रुपये की इलेक्ट्रॉनिक्स कलपुर्जा विनिर्माण योजना (ईसीएमएस) के लिए आवेदन मंगाए थे। इस योजना का उद्देश्य इलेक्ट्रॉनिक कलपुर्जा श्रेणी में मांग-आपूर्ति की कमी को दूर करना है।
एलआईसी के नामित निदेशक आईडीबीआई बैंक के बोर्ड से बाहर
एलआईसी के नामित निदेशक राज कुमार अब आईडीबीआई बैंक का हिस्सा नहीं रहेंगे। आईडीबीआई बैंक ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज कुमार का कार्यकाल 18 मई,2025 पूरा हो गया है और अब यह आईडीबीआई बैंक लिमिटेड के बोर्ड से बाहर हैं। बता दें कि सरकार और एलआईसी आईडीबीआई बैंक के दो बड़े प्रमोटर हैं। भारत सरकार और एलआईसी दोनों मिलाकर बैंक की करीब 94.71% हिस्सेदारी रखते हैं। इसमें से एलआईसी के पास 49% से ज्यादा और सरकार के पास 45.48% शेयर हैं। आईडीबीआई बैंक के शेयर बीएसई पर 90.30 रुपये प्रति शेयर के भाव पर ट्रेड कर रहे थे,जो पिछले दिन के मुकाबले 4.99% ज्यादा है।
आईपीओ बाजार में कदम रखेंगी छह कंपनियां
भारतीय आईपीओ बाजार 2025 की धीमी शुरुआत के बाद फिर पटरी पर आ रहा है। बाजार में रौनक आने वाली है। कुल 6 बड़ी कंपनियां अपने शेयर जारी करने वाली हैं। लक्जरी होटल चेन द लीला भी इसमें शामिल है। कंपनियों का लक्ष्य सामूहिक रूप से ₹11,000 करोड़ से अधिक जुटाना है। इन छह कंपनियों में से, बोराना वीव्स और बेलराइज इंडस्ट्रीज इस सप्ताह अपने आईपीओ लॉन्च करेंगी। बोराना वीव्स 20 मई को अपना 144 करोड़ रुपये का आईपीओ लॉन्च करेगी, जबकि पुणे की बेलराइज इंडस्ट्रीज का 2,150 करोड़ रुपये का आईपीओ 21 मई को जारी होगा।