Biz Updates: शिकायत दाखिल होने के बाद ही होगी जांच, अदाणी प्रकरण के बाद बोलीं सीसीआई अध्यक्ष
Biz Updates: भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) की अध्यक्ष रवनीत कौर ने संकेत दिए कि निष्पक्ष व्यापार नियामक अदाणी समूह के खिलाफ रिश्वत देने के आरोपों पर जांच शुरू करने के लिए मीडिया रिपोर्टों का संज्ञान नहीं लेगा। उन्होंने दावा किया कि आयोग उसके समक्ष सूचनाएं दाखिल होने के बाद ही कदम उठाता है।
विस्तार
भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) की अध्यक्ष रवनीत कौर ने संकेत दिए कि निष्पक्ष व्यापार नियामक अदाणी समूह के खिलाफ रिश्वत देने के आरोपों पर जांच शुरू करने के लिए मीडिया रिपोर्टों का संज्ञान नहीं लेगा। उन्होंने दावा किया कि आयोग उसके समक्ष सूचनाएं दाखिल होने के बाद ही कदम उठाता है। अदाणी मामला सीसीआई के दायरे में आता है, पर कौर ने कहा कि सीसीआई प्रतिस्पर्धा अधिनियम से शासित है। इसका उद्देश्य प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना और बनाए रखना है। यदि कोई मामला प्रतिस्पर्धा अधिनियम के दायरे में आता है तो वह प्रतिस्पर्धा आयोग के पास आता है।
यह पूछे जाने पर कि कारोबारी गौतम अदाणी के खिलाफ आरोप प्रतिस्पर्धात्मक व्यवहार की प्रकृति के हैं तो सीसीआई अध्यक्ष ने कहा कि मुझे इसकी जानकारी नहीं है। ये सब मीडिया रिपोर्ट्स हैं और मैं इस पर प्रतिक्रिया देने में सक्षम नहीं हूं। क्या प्रतिस्पर्धा नियामक अमेरिकी अभियोजकों के आरोपों के संदर्भ में मीडिया रिपोर्टों का संज्ञान लेगा पर उन्होंने कहा कि नहीं, हम मीडिया रिपोर्ट्स का संज्ञान नहीं लेते हैं। हमारे पास कुछ जानकारी होनी चाहिए जो हमारे सामने दाखिल की जाए और फिर आयोग उस पर कार्रवाई करता है।
एयरटेल, वोडाफोन और जियो के ग्राहक घटे, BSNL के बढ़े
मोबाइल टैरिफ बढ़ने के कारण जियो, एयरटेल और वोडाफोन आइडिया के ग्राहकों की संख्या सितंबर में एक करोड़ घट गई है। भारत संचार निगम लि. यानी बीएसएनएल के ग्राहकों की संख्या इसी दौरान 8.5 लाख बढ़ गई है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) के मुताबिक, रिलायंस जियो की ग्राहक संख्या 79.69 लाख घटकर 46.37 करोड़, एयरटेल के 14.34 लाख घटकर 38.34 करोड़ और वोडाफोन के 15.53 लाख ग्राहक कम होकर 21.24 करोड़ रह गए। बीएसएनएल के ग्राहकों की संख्या 9.18 करोड़ पर पहुंच गई है। इन कंपनियों ने जुलाई में टैरिफ में 27 फीसदी इजाफा किया था। बीएसएनएल अभी टैरिफ में इजाफा नहीं करेगी। देश में कुल 115.3 करोड़ मोबाइल फोन ग्राहक हैं।
ओला इलेक्ट्रिक 500 कर्मचारियों की करेगी छंटनी
ओला इलेक्ट्रिक पुनर्गठन करने की योजना बना रही है। इस वजह से विभिन्न विभागों में 500 से अधिक कर्मचारियों की छंटनी कर सकती है। कुछ महीनों से ओला इलेक्ट्रिक को सेवाओं में कमियों को लेकर मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर सरकार की ओर से कंपनी को फटकार भी लगी है। कंपनी की कोशिश मुनाफे में आने की है। इसलिए वह अब बदलाव कर रही है। इस वर्ष मार्च तक कंपनी के पास 4,011 कर्मचारी थे।
भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 17.76 अरब डॉलर घटकर 657.89 अरब डॉलर रह गया
भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 15 नवंबर को समाप्त सप्ताह के दौरान 17.761 अरब डॉलर घटकर 657.892 अरब डॉलर रह गया। आरबीआई ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। 8 नवंबर को समाप्त पिछले समीक्षाधीन सप्ताह में समग्र भंडार 6.477 अरब अमेरिकी डॉलर घटकर 675.653 अरब अमेरिकी डॉलर रह गया था।
सितंबर के अंत में यह कोष 704.885 अरब अमेरिकी डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था, तथा पिछले कई सप्ताह से इसमें गिरावट जारी है, जबकि रुपया भी दबाव में है। शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार 15 नवंबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का प्रमुख घटक विदेशी मुद्रा आस्तियां 15.548 अरब डॉलर घटकर 569.835 अरब डॉलर रह गईं।
डॉलर के संदर्भ में अभिव्यक्त विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी इकाइयों के मूल्यवृद्धि या मूल्यह्रास का प्रभाव शामिल होता है। आरबीआई ने कहा कि सप्ताह के दौरान स्वर्ण भंडार 2.068 अरब डॉलर घटकर 65.746 अरब डॉलर रह गया। शीर्ष बैंक ने कहा कि विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 94 मिलियन अमेरिकी डॉलर घटकर 18.064 बिलियन अमेरिकी डॉलर रह गए। शीर्ष बैंक के आंकड़ों के अनुसार, समीक्षाधीन सप्ताह में आईएमएफ के पास भारत की आरक्षित स्थिति भी 51 मिलियन अमेरिकी डॉलर घटकर 4.247 बिलियन अमेरिकी डॉलर रह गई।
ईडी ने अवैध सट्टेबाजी एप मामले में सूरत में संपत्तियां जब्त
प्रवर्तन निदेशालय ने शुक्रवार को कहा कि उसने गुजरात के सूरत से चल रहे एक अवैध सट्टेबाजी एप सिंडिकेट की मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत 1.84 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है। मामला सूरत पुलिस की अपराध शाखा (डीसीबी) द्वारा हरीश उर्फ कमलेश जरीवाला, रुशिकेश अधिकार शिंदे और हुजेफा कौसर मासकरवाला नामक आरोपियों के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर से जुड़ा है। पुलिस ने उन पर विभिन्न व्यक्तियों के पहचान दस्तावेज प्राप्त करने, किराए के समझौते तैयार करने, दुकान मालिकों के जाली हस्ताक्षर करने, शेल फर्मों के लाइसेंस प्राप्त करने के लिए दस्तावेजों का दुरुपयोग करने और विभिन्न बैंकों में डमी खाते खोलने का आरोप लगाया था।
गुजरात के GST विभाग का सात फर्मों पर छापा, 3.53 करोड़ रुपये की कर चोरी पकड़ी
गुजरात राज्य जीएसटी विभाग ने सात वाणिज्यिक संस्थाओं पर छापेमारी की और 3.53 करोड़ रुपये की कर चोरी पकड़ी, एक अधिकारी ने बताया कि ये फर्म वास्तविक राजस्व को छिपा रही थीं, बिना चालान के बिक्री कर रही थीं और कर देयता को कम करके दिखा रही थीं। वहीं एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि राज्य में 'बिजनेस टू कंज्यूमर (बी2सी)' क्षेत्र की संस्थाओं की तरफ से माल और सेवा कर (जीएसटी) की संभावित चोरी पर नजर रखने के लिए 16 नवंबर को सात परिसरों में तलाशी ली गई। 'इन फर्मों में अहमदाबाद में दो बैटरी डीलर, डांग जिले के वाघई में चार तंबाकू डीलर और खेड़ा के नाडियाड शहर में एक सैलून शामिल हैं। नाडियाड में सैलून वास्तविक बिक्री को छिपाकर और कर देयता को कम करके दिखा कर कर चोरी में लिप्त था।' विज्ञप्ति में कहा गया है कि कंपनी कंपोजिशन स्कीम का विकल्प चुनने के बावजूद अलग से कर लगा रही थी और कुल कर देनदारी 53 लाख रुपये से अधिक थी।