Biz Updates: PNB में न्यूनतम बैलेंस न होने पर अब जुर्माना नहीं, विदेश मंत्री जयशंकर अमेरिकी ऊर्जा सचिव से मिले
पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने बचत खाते में न्यूनतम जमा नहीं होने पर अब सभी तरह के जुर्माने को खत्म कर दिया है। नया नियम एक जुलाई से लागू हो गया है। पीएनबी के एमडी-सीईओ अशोक चंद्रा ने कहा, यह निर्णय समावेशी बैंकिंग के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इन शुल्कों को माफ करने से ग्राहकों पर वित्तीय दबाव कम होगा।
बाजार में मजबूत स्थिति के दुरुपयोग के लिए एशियन पेंट्स के खिलाफ जांच का आदेश
भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग यानी सीसीआई ने पेंट्स के विनिर्माण और बिक्री के बाजार में अपनी मजबूत स्थिति का दुरुपयोग करने के मामले में एशियन पेंट्स के खिलाफ जांच का आदेश दिया है। जांच 90 दिनों में पूरी करनी है। यह निर्देश बिड़ला की ग्रासिम इंडस्ट्रीज की ओर से दायर शिकायत के बाद जारी किया गया है। ग्रासिम का आरोप है कि एशियन पेंट्स अपने वितरकों के साथ अनुबंध में ऐसे शर्तें जोड़ रही है, जिससे वे बिड़ला ओपस पेंट्स को न बेच सकें। जो डीलर केवल एशियन पेंट्स के साथ विशेष डील कर रहे हैं, उन्हें विशेष छूट और विदेश यात्राओं की सुविधा दी जा रही है। जो डीलर दोनों कंपनियों के पेंट्स बेच रहे हैं, उन्हें एशियन पेंट्स निशाना बना रही है। इसमें क्रेडिट सीमा को घटाना, ज्यादा लक्ष्य देना और कम ग्राहक देने जैसे मामले शामिल हैं। ग्रासिम ने पिछले साल फरवरी में बिड़ला ओपस पेंट्स ब्रांड के तहत सजावटी पेंट्स के क्षेत्र में कदम रखा था। सीसीआई ने कहा, ऐसा लगता है कि एशियन पेंट्स कच्चे माल के आपूर्तिकर्ताओं को माल और सेवाएं देने से रोककर, मकान मालिकों, एजेंटों और ट्रांसपोर्टरों को ग्रासिम जैसे प्रतिस्पर्धियों के साथ जुड़ने से रोकने के लिए मजबूर कर रही है। एशियन पेंट्स नई कंपनियों के लिए बाधा पैदा करने के साथ प्रतिस्पर्धा को प्रभावित कर रही है।
भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग ने फेडरेशन ऑफ पब्लिशर्स एंड बुकसेलर्स एसोसिएशन इन इंडिया (एफपीबीएआई) और इसके तीन पदाधिकारियों पर अनुचित व्यावसायिक व्यवहार के लिए 6.33 लाख का जुर्माना लगाया है। नियामक ने एफपीबीएआई को निर्देश दिया है कि वह सदस्यों के बीच इस आचरण के बारे में जागरूकता फैलाए।
आरबीआई ने सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (एसजीबी) की 2017-18 की 14वीं और 2018-19 की चौथी सीरीज के भुनाए जाने वाले मूल्य की घोषणा कर दी है। इनके समय पूर्व भुनाने की तारीख एक जुलाई तय की गई है। 2017 वाली सीरीज के सात साल में निवेशकों को 240 फीसदी का फायदा मिला है। जनवरी, 2018 में एक ग्राम सोना 2,831 रुपये के भाव पर जारी किया गया था। अब यह 9,628 रुपये प्रति ग्राम पर भुनाया जा रहा है। एसजीबी में परिपक्वता अवधि 8 साल की होती है, पर नियमों के मुताबिक, इसे पांच साल के बाद भी भुनाया जा सकता है। जनवरी, 2019 में 3,119 रुपये पर जारी एसजीबी 2018-19 सीरीज चार के लिए निवेशक समयपूर्व निकासी का विकल्प चुनते हैं तो उन्हें 208 फीसदी लाभ मिला है। यानी प्रति ग्राम 9,628-3,119=6,509 रुपये का फायदा मिला है। बॉन्ड पर शुरुआती निवेश की राशि पर 2.50 फीसदी की तय दर से सालाना ब्याज मिलता है।
शेयर बाजार में मंगलवार को चार कंपनियों के शेयर लिस्ट हुए। इसमें तीन आईपीओ और एक डायरेक्ट लिस्टिंग हुई। इनमें निवेशकों को 35 फीसदी तक फायदा मिला। रेमंड रियल्टी का शेयर डायरेक्ट एक्सचेंज पर 1,005 रुपये प्रति शेयर पर लिस्ट हुआ और गिरकर 962.50 रुपये पर बंद हुआ। इन तीनों ने कुल 2,562 करोड़ जुटाए हैं।
शेयरों के लिस्ट और बंद भाव
| कंपनी | इश्यू भाव (₹) | लिस्ट भाव (₹) | बंद भाव (₹) |
|---|---|---|---|
| कल्पतरू | 414 | 414 | 433.80 |
| ग्लोब सिविल | 71 | 91 | 94.72 |
| एलनबैरी | 400 | 492 | 541.20 |
वाशिंगटन: विदेश मंत्री जयशंकर व अमेरिकी ऊर्जा सचिव मिले, ऊर्जा साझेदारी के मौकों पर हुई चर्चा
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अमेरिकी ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट से मुलाकात की और गहरी द्विपक्षीय ऊर्जा साझेदारी के अवसरों पर चर्चा की। जयशंकर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के निमंत्रण पर आधिकारिक यात्रा पर अमेरिका में हैं। विदेश मंत्री ने बताया है कि अमेरिका के ऊर्जा सचिव राइट के साथ एक उपयोगी बातचीत हुई।
जयशंकर ने मंगलवार को बैठक के बाद एक्स पर पोस्ट किया, "आज शाम वाशिंगटन डीसी में। भारत में चल रहे ऊर्जा परिवर्तन के बारे में बात की। और भारत-अमेरिका ऊर्जा साझेदारी को और मजबूत बनाने के अवसरों के बारे में बात की।"
इससे पहले जयशंकर ने रुबियो से मुलाकात की और द्विपक्षीय साझेदारी पर चर्चा की तथा क्षेत्रीय और वैश्विक विकास पर अपने विचार साझा किए। जयशंकर ने अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ के साथ भी बैठक की। जिसमें उन्होंने दोनों देशों के बीच रक्षा साझेदारी को आगे बढ़ाने पर चर्चा की।