Biz Updates: कम जीएसटी चुकाने के कारण आईसीआईसीआई बैंक को 238 करोड़ रुपये का नोटिस, पढ़ें अन्य अहम खबरें
आईसीआईसीआई बैंक ने गुरुवार को एक रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया, "17 दिसंबर को, बैंक को महाराष्ट्र वस्तु व सेवा कर (जीएसटी) अधिनियम, 2017 की धारा 73 के तहत संबंधित प्राधिकरण से एक आदेश प्राप्त हुआ है, जिसमें 237,90,04,448 रुपये की जीएसटी मांग उठाई गई है, इसमें 216,27,31,316 रुपये कर और 21,62,73,132 रुपये जुर्माना शामिल है। इसके साथ ही इस राशि पर ब्याज भी मांगी गई है।
बैंक ने बताया है कि वह पूर्व के आदेशों/एससीएन के अनुसार भी इसी तरह के मुद्दों से जुड़ी मुकदमेबाजी (रिट याचिका सहित) में है, लेकिन चूंकि यह राशि इस बार बड़ी है, इसलिए इस मामले की रिपोर्ट की जा रही है।" बैंक ने कहा कि वह निर्धारित समय सीमा के भीतर रिट याचिका/अपील के माध्यम से आदेश को चुनौती देने सहित उचित कदम उठाएगा।
सबसे बड़ी एआई आधारित कंपनी बनेगी टीसीएस
देश की सबसे बड़ी आईटी सेवा कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज ने विश्व की सबसे बड़ी एआई आधारित प्रौद्योगिकी सेवा कंपनी बनने की एक महत्वाकांक्षी योजना की रूपरेखा प्रस्तुत की। सीईओ के. कृतिवासन ने बताया, कंपनी का वार्षिक राजस्व लगभग 1.5 अरब डॉलर है। टीसीएस ने पहली बार अपने एआई राजस्व का खुलासा किया है।
एसबीआई एमडी को दूसरी बार मिला सेवा विस्तार
सरकार ने भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के प्रबंध निदेशक अश्विनी कुमार तिवारी का कार्यकाल दो साल के लिए बढ़ा दिया है। यह लगातार दूसरी बार है। इससे पहले 2024 में दो साल बढ़ाया गया था जो 27 जनवरी को खत्म होने वाला था। अब वे 31 दिसंबर, 2027 तक पद पर बने रहेंगे। तिवारी को जनवरी, 2021 में तीन साल के प्रबंध निदेशक के पद पर नियुक्त किया गया था।
एनएसडीएल ने सेबी को दिया 15.57 करोड़
नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी लि. (एनएसडीएल) ने सेबी को 15.57 करोड़ रुपये भरकर नियामकीय अनुपालन न करने के एक मामले का निपटारा कर लिया है। 2023-24 में निरीक्षण के दौरान एनएसडीएल में खामियां पाईं गईं थीं। सेबी ने इस मामले में नोटिस जारी किया था। इसके बाद डिपॉजिटरीज ने आरोपों को बिना स्वीकार या अस्वीकार किए मामले को निपटाने का प्रस्ताव दिया था।
दो शेयर सूचीबद्ध, सात फीसदी तक फायदा
शेयर बाजार में बुधवार को दो कंपनियों के शेयर सूचीबद्ध हुए। इनमें निवेशकों को 7 फीसदी तक फायदा मिला। नेफ्रोकेयर हेल्थ सर्विसेज का शेयर निर्गम मूल्य 460 रुपये से 7 फीसदी बढ़कर 491.70 रुपये पर लिस्ट हुआ। कंपनी ने 871 करोड़ रुपये बाजार से जुटाई थी। पार्क मेडि का शेयर निर्गम मूल्य 162 रुपये से लगभग 4 प्रतिशत गिरकर 155.60 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ।
पीएम मित्रा पार्कों को किया जा रहा विकसित
पीएम मित्रा पार्कों को एकीकृत वस्त्र केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। 5,567 करोड़ की लागत वाली परियोजना रिपोर्ट को तीन राज्यों में पहले ही अंतिम रूप दे दिया गया है। वस्त्र मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव रोहित कंसल ने कहा, परामर्श बैठक में तीन ग्रीनफील्ड पार्कों - लखनऊ, (1,000 एकड़), कलबुर्गी (1,000 एकड़) और नवसारी (1,142 एकड़) को संभावित मास्टर डेवलपर्स में शामिल किया जाएगा।
आरबीआई से Paytm को मिली बड़ी मंजूरी
फिनटेक कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस ने गुरुवार को बताया कि उसकी सहायक कंपनी पेटीएम पेमेंट्स सर्विसेज लिमिटेड (PPSL) को आरबीआई से फिजिकल (ऑफलाइन) पेमेंट्स और सीमा पार लेनदेन के लिए पेमेंट एग्रीगेटर के रूप में काम करने की अनुमति मिल गई है। कंपनी के अनुसार यह मंजूरी उस ऑनलाइन पेमेंट एग्रीगेशन की अनुमति के अतिरिक्त है, जो आरबीआई ने पिछले महीने PPSL को दी थी। नई स्वीकृति के साथ अब PPSL के पास ऑनलाइन, ऑफलाइन और क्रॉस-बॉर्डर तीनों सेगमेंट में पेमेंट एग्रीगेटर के लिए आवश्यक लाइसेंस उपलब्ध हो गए हैं।
गोयनका समूह का बंगाल में 15800 करोड़ रुपये का निवेश
आरपी-संजिव गोयनका समूह के चेयरमैन संजिव गोयनका ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल में 15,800 करोड़ रुपये के पूंजीगत निवेश (कैपेक्स) की घोषणा की। यह निवेश राज्य में ऊर्जा, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से किया जाएगा।
बिजनेस एंड इंडस्ट्री कॉन्क्लेव 2025 को संबोधित करते हुए संजीव गोयनका ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्णायक नेतृत्व की सराहना की और कहा कि इससे राज्य में निवेश को तेजी से आगे बढ़ाने में मदद मिलती है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बीते वर्षों में उनका समूह पहले ही 26,500 करोड़ रुपये का निवेश कर चुका है।
घोषित निवेश का सबसे अहम हिस्सा ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ा है। गोयनका ने बताया कि समूह 12,000 करोड़ रुपये की लागत से 5,000 मेगावाट-ऑवर (MWh) क्षमता की एक अत्याधुनिक ऊर्जा भंडारण परियोजना स्थापित करेगा। उन्होंने दावा किया कि यह परियोजना देश में अपनी तरह की शुरुआती और सबसे बड़ी परियोजनाओं में शामिल होगी। इस उच्च क्षमता वाले ऊर्जा भंडारण सिस्टम का तात्कालिक लक्ष्य कोलकाता को कम से कम 50 प्रतिशत बिजली नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों से उपलब्ध कराना है। समूह के मुताबिक, यह परियोजना राज्य के ऊर्जा संक्रमण और हरित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
दानिश खान 31 मार्च 2026 को सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया से इस्तीफा देंगे
सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया (एसपीएनआई) ने गुरुवार को बताया कि सोनी एलआईवी और स्टूडियो नेक्स्ट के बिजनेस हेड दानिश खान 31 मार्च 2026 को कंपनी छोड़ देंगे। एसपीएनआई ने एक बयान में कहा कि खान ने सोनी के साथ दो कार्यकालों में दो दशकों से अधिक समय बिताया। अब वे नए अवसरों की तलाश में एसपीएनआई से अलग हो रहे हैं।
एसपीएनआई ने कहा, "परिवर्तन प्रक्रिया के तहत, खान इस वित्तीय वर्ष के अंत तक, यानी 31 मार्च तक, हमारे साथ काम करना जारी रखेंगे ताकि सभी व्यवसायों में निरंतरता सुनिश्चित हो सके।" अपने वर्तमान कार्यकाल में, उन्होंने 10 साल पहले एसपीएनआई में बिजनेस हेड- सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन (सेट) के रूप में कार्यभार संभाला और बाद में स्टूडियो नेक्स्ट और, हाल ही में, 2019 से सोनी लिव का नेतृत्व किया।
एसपीएनआई के एमडी और सीईओ गौरव बनर्जी ने कहा, "डैनिश वर्षों से एसपीएनआई की विकास यात्रा का एक अहम हिस्सा रहे हैं, उन्होंने टेलीविजन, स्टूडियो और डिजिटल व्यवसायों में अपना योगदान दिया है। हम उनके नेतृत्व और उनके द्वारा छोड़ी गई मजबूत नींव के लिए उन्हें धन्यवाद देते हैं और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हैं।"
उनके नेतृत्व में, सोनी एलआईवी ने राजस्व में पांच गुना से अधिक और मासिक सक्रिय उपयोगकर्ताओं में चार गुना वृद्धि हासिल की। इससे एसपीएनआई के कुल राजस्व में लगभग एक चौथाई का इजाफा हुआ। इस प्लेटफॉर्म ने स्कैम, महारानी, रॉकेट बॉयज़, फ्रीडम एट मिडनाइट, तबबार और शार्क टैंक सहित कई प्रशंसित और प्रतिष्ठित टाइटल दिए हैं।
शाश्वत शर्मा 1 जनवरी से एयरटेल इंडिया के सीईओ का कार्यभार संभालेंगे
भारती एयरटेल ने गुरुवार को कहा कि वर्तमान में सीईओ नामित शशवत शर्मा 1 जनवरी, 2026 से कंपनी के प्रबंध निदेशक और सीईओ के रूप में कार्यभार संभालने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। कंपनी ने बीएसई को यह जानकारी दी है।
भारत की दूसरी सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी के बोर्ड ने शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन, उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक गोपाल विट्टल को 1 जनवरी, 2026 से पांच साल के लिए कार्यकारी उपाध्यक्ष के रूप में नियुक्त करने को भी मंजूरी दे दी है।
बोर्ड ने मुख्य वित्तीय अधिकारी सौमेन रे को समूह मुख्य वित्तीय अधिकारी और अखिल गर्ग को मुख्य वित्तीय अधिकारी (एयरटेल इंडिया) के रूप में नियुक्त करने को मंजूरी दे दी, जो 1 जनवरी, 2026 से प्रभावी होगी।