Biz Updates: पावरग्रिड 3,800 करोड़ जुटाने की तैयारी में; छह देशों से कोक आयात पर डंपिंग-रोधी शुल्क
सरकारी कंपनी पावर ग्रिड निजी नियोजन के आधार पर बॉन्ड जारी करके 3,800 करोड़ रुपये तक जुटाएगी। कंपनी के बोर्ड ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। कंपनी ने एक्सचेंज को बताया, इश्यू का मूल आकार 1,000 करोड़ रुपये होगा। इसमें 2,800 करोड़ रुपये का ग्रीन शू विकल्प शामिल होगा। ज्यादा आवेदन आने पर रकम बढ़ाकर 3,800 करोड़ रुपये की जा सकती है।
वाणिज्य मंत्रालय की इकाई डीजीटीआर ने छह देशों ऑस्ट्रेलिया, चीन, कोलंबिया, इंडोनेशिया, जापान और रूस से आने वाले कम राख वाले मेटलर्जिकल कोक पर डंपिंग-रोधी शुल्क लगाने की सिफारिश की है। इसका मकसद घरेलू उत्पादकों को सस्ते आयात से बचाना है। व्यापार उपचार महानिदेशालय (डीजीटीआर) ने कहा, उत्पाद को भारत में सामान्य मूल्य से कम कीमत पर निर्यात किया गया है यानी डंपिंग हुई है।
सरकार ने कुछ प्रकार के प्लेटिनम आभूषणों के आयात पर अप्रैल तक प्रतिबंध लगा दिया है। विदेश व्यापार महानिदेशालय ने कहा, आयात नीति को तत्काल प्रभाव से 30 अप्रैल, 2026 तक मुक्त से प्रतिबंधित में संशोधित किया गया है। सितंबर में कुछ चांदी के आभूषणों के आयात पर 31 मार्च तक प्रतिबंध लगा था। इसका उद्देश्य थाईलैंड से बिना जड़ाऊ आभूषणों के नाम पर चांदी के आयात पर अंकुश लगाना था।
सेबी जेन स्ट्रीट को डाटा नहीं देने का कारण कोर्ट में बताएगा। इस हफ्ते सुनवाई है। सेबी कोर्ट को यह बताने की तैयारी में है कि उसे जेन स्ट्रीट को अतिरिक्त डाटा और दस्तावेज जारी करने का कोई कारण नहीं दिखता है। सेबी ने जुलाई में जेन स्ट्रीट पर अस्थायी रूप से प्रतिबंध लगा दिया था। सेबी ने आरोप लगाया था कि कंपनी ने बैंकिंग स्टॉक के बेंचमार्क सूचकांक में हेरफेर के लिए अपनी व्यापारिक रणनीतियों का उपयोग किया।
देश में 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों के लिए बेरोजगारी दर अक्तूबर में 5.2 फीसदी पर स्थिर रही। सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के अनुसार, सितंबर में 5.2 फीसदी, अगस्त में 5.1, जुलाई में 5.2 और मई व जून में 5.6 फीसदी दर रही थी। ग्रामीण बेरोजगारी दर में गिरावट आई है। सितंबर के 4.6 फीसदी से अक्तूबर में 4.4 फीसदी रही। शहरी बेरोजगारी दर 6.8 फीसदी से बढ़कर 7 फीसदी हो गई। 15 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं में बेरोजगारी दर सितंबर में 5.5 फीसदी व अक्तूबर में 5.4 फीसदी रही। ग्रामीण महिलाओं में यह दर सितंबर में 4.3 व अक्तूबर में 4 फीसदी रही। पुरुषों में बेरोजगारी 5.1 फीसदी पर स्थिर रही।
वाणिज्य मंत्रालय ने 25,060 करोड़ रुपये के निर्यात संवर्धन मिशन (ईपीएम) के लिए विस्तृत दिशानिर्देश तैयार करने का काम शुरू कर दिया है। वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने सोमवार को कहा, निर्यात संवर्धन मिशन पर कई उप-समितियां गठित बनाई गई हैं, जो हर पहलुओं पर विस्तृत दिशानिर्देशों पर विचार कर रही हैं। हम इन्हें इसी महीने जारी करना शुरू कर देंगे। अगर सभी नहीं, तो इस महीने के अंत तक इन दिशानिर्देशों का एक बड़ा हिस्सा जारी हो जाएगा।
आर्थिक अस्थिरता से जूझ रहे श्रीलंका को एडीबी से मिली सहायाता
श्रीलंका को आर्थिक स्थिरता बढ़ाने के लिए एशियाई विकास बैंक से 300 मिलयन डॉलर की वित्तयी सहायता मिली है। वित्त मंत्रालय ने कहा कि वित्तीय क्षेत्र की स्थिरता और सुधार, व्यापक आर्थिक लचीलापन और पारदर्शिता को मजबूत करने तथा पर्यटन क्षेत्र के सतत विकास कार्यक्रम के लिए 100 मिलियन डॉलर की तीन किस्तों में धनराशि वितरित की जाएगी। श्रीलंका 2022 में आए गंभीर वित्तीय संकट के बाद अपनी अर्थव्यवस्था को स्थिर करने के लिए काम कर रहा है, जिसके कारण विदेशी मुद्रा भंडार में कमी, उच्च मुद्रास्फीति, ऋण चूक और व्यापक कमी हुई है।
PayU को भुगतान एग्रीगेटर के रूप में आरबीआई से मिली मंजूरी
फिनटेक कंपनी PayU को को भारतीय रिजर्व बैंक से पेमेंट एग्रीगेटर के रूप में काम करने की अनुमति मिल गई है। यह प्राधिकरण भुगतान व निपाटान प्रणाली अधिनियम के तहत दिया गया है, जिसके बाद कंपनी अब ऑनलाइन, ऑफलाइन और सीमापार लेनदेन को संभाल सकेगी। कंपनी के अनुसार, इस मंजूरी से PayU व्यापारियों को विभिन्न चैनलों पर सुरक्षित, नियम-संगत और सुगम भुगतान स्वीकार्यता, सेटलमेंट और क्रॉस-बॉर्डर पेमेंट समाधान देने में सक्षम होगी। कंपनी ने कहा कि यह कदम डिजिटल भुगतान पारिस्थितिकी तंत्र को और मजबूत करेगा।
अक्तूबर में व्यापार घाटा रिकॉर्ड स्तर पर, सोने के आयात ने बढ़ाया दबाव
भारत का माल व्यापार घाटा अक्तूबर में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है, जिससे विश्लेषकों के बीच चिंता बढ़ गई है। नुवामा रिसर्च के अनुसार, अक्तूबर में व्यापार घाटा तेज उछाल के साथ 32 अरब डॉलर से बढ़कर 42 अरब डॉलर हो गया। नुवामा रिसर्च ने अपनी रिपोर्ट में चेताया है कि कमजोर वैश्विक व्यापार गतिविधि और लगातार बढ़ रहे सोने के आयात आने वाले महीनों में व्यापार घाटे की दिशा तय करने वाले प्रमुख संकेतक होंगे। रिपोर्ट में कहा गया है कि वैश्विक व्यापार में सुस्ती के शुरुआती संकेत दिख रहे हैं, वहीं भारत का सोना आयात लगातार ऊपर की ओर है, जिसे बारीकी से मॉनिटर करने की जरूरत है।
रिपोर्ट के अनुसार भारत का सोना आयात अक्तूबर में वर्ष-दर-वर्ष 199 प्रतिशत बढ़कर 14.7 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जो तीन महीनों में लगभग तीन गुना वृद्धि है। विशेषज्ञों का मानना है कि सोने की इस तेजी ने अक्तूबर के रिकॉर्ड घाटे में अहम भूमिका निभाई है। यह उछाल मुख्य रूप से सोने के घाटे में सात अरब डॉलर की भारी वृद्धि के कारण हुआ। वहीं तेल घाटा भी महीने के दौरान दो अरब डॉलर बढ़कर 11 अरब डॉलर रह गया।