फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Business ›   Business Diary ›   Business News Updates UCO Bank, Canara Bank, Share Market USD INR Value Commerce Trade News In Hindi

Biz Updates: यूको बैंक के शुद्ध लाभ में 147% बढ़ोतरी; विदेशी निवेशकों ने दो दिन में 81 अरब रुपये के शेयर बेचे

Fri, 26 Jul 2024 06:37 AM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Fri, 26 Jul 2024 06:37 AM IST
विज्ञापन
Business News Updates UCO Bank, Canara Bank, Share Market USD INR Value Commerce Trade News In Hindi
बिजनेस अपडेट - फोटो : अमर उजाला

यूको बैंक का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में 147.09 फीसदी बढ़कर 551 करोड़ रुपये पहुंच गई। कुल कारोबार भी 11.46 फीसदी बढ़कर 4,61,408 करोड़ रुपये पहुंच गया। इस अवधि में बैंक का सकल एनपीए 4.48 फीसदी से घटकर 3.32 फीसदी रह गया।

विज्ञापन


खाद्य सचिव का उद्योगों को आश्वासन-चीनी एमएसपी बढ़ाने पर फैसला जल्द
केंद्रीय खाद्य सचिव संजीव चोपड़ा ने चीनी उद्योगों को आश्वस्त किया कि सरकार अगले कुछ दिनों में चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य (एमएसपी) बढ़ाने पर फैसला ले सकती है। राष्ट्रीय सहकारी चीनी मिल संघ और अन्य उद्योग निकाय एमएसपी बढ़ाकर 42 रुपये प्रति किलोग्राम करने का आग्रह कर रहे हैं। खाद्य सचिव ने अखिल भारतीय चीनी व्यापार संघ की तरफ से आयोजित सम्मेलन में कहा, आने वाले दिनों में कोई फैसला होने की उम्मीद है। गन्ना किसानों को दिए जाने वाले उचित एवं लाभकारी मूल्य में वार्षिक बढ़ोतरी के बावजूद 2019 से चीनी का एमएसपी 31 रुपये प्रति किलोग्राम पर ही बना हुआ है। कार्यक्रम में मौजूद जी-20 शेरपा अमिताभ कांत ने चीनी क्षेत्र के लिए दीर्घकालिक पूर्वानुमान और स्थिरता नीति की वकालत की। उन्होंने कहा कि ऐसा न होने पर इस क्षेत्र के लिए मुश्किलें बढ़ेंगी। 
विज्ञापन


सोने पर विभिन्न कर कटौती पर कांग्रेस ने उठाए सवाल 
कांग्रेस ने केंद्रीय बजट में सोने पर विभिन्न करों में भारी-भरकम कमी किए जाने के आर्थिक औचित्य पर सवाल उठाए। पार्टी ने यह टिप्पणी कोटक महिंद्रा के प्रबंध निदेशक और सीईओ नीलेश शाह के केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से यह आग्रह करने के बाद की है कि सीमा शुल्क में कटौती और बढ़ती अंतरराष्ट्रीय कीमतों के मद्देनजर सोने के आयात बिल में किसी भी उछाल पर नजर रखी जाए। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, शाह प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य भी हैं। सोने के आयात पर शाह की ताजा टिप्पणी पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। रमेश ने कहा कि कृषि अवसंरचना और विकास उपकर में कटौती के साथ ही सोने पर कुल कर (जीएसटी सहित) प्रभावी रूप से 18.5 प्रतिशत से घटकर 9 प्रतिशत हो गया है। इसका आर्थिक तर्क क्या है?
विज्ञापन
विज्ञापन


विकसित भारत लक्ष्य हासिल करने में मददगार होगा बजट
मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का पहला बजट हर मामले में संघीय घटकों का शानदार प्रदर्शन हैं।  कोई भी अर्थव्यवस्था तब बढ़ती है, जब उसके राज्य अच्छा प्रदर्शन करते हैं, क्योंकि उनका आर्थिक उत्पादन देश की कुल जीडीपी में जुड़ता है। अर्थशास्त्री संदीप वेम्पति ने कहा, मोदी सरकार ने नाजुक अर्थव्यवस्था विरासत में मिलने और अपने दूसरे कार्यकाल में तीन आर्थिक झटके झेलने के बावजूद बेहतर फैसलों व सुधारों के दम पर भारत को 10वीं से दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी जीडीपी बनाने में कामयाबी हासिल की है। इस बजट की घोषणाएं काफी मायने रखती हैं क्योंकि ये 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य पाने में मददगार होंगी।

भविष्य का उद्यम बनाने पर 20 हजार करोड़ खर्च करेगी आईटीसी
आईटीसी समूह मध्यम अवधि में प्रतिस्पर्धी क्षमता बढ़ाने और भविष्य के लिए एक उद्यम बनाने पर 20,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगा। समूह के चेयरमैन संजीव पुरी ने शुक्रवार को सालाना आम बैठक में कहा, सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था के रूप में भारत का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा है। इसने न सिर्फ वैश्विक प्रतिष्ठा हासिल की है बल्कि भविष्य की संभावनाओं की ओर भी इशारा किया है। उन्होंने कहा, चार वर्षों में आईटीसी का कुल राजस्व 10.8 फीसदी की सालाना वृद्धि के साथ 79,000 करोड़ रुपये हो गया है। महामारी में बुरी तरह प्रभावित रहे होटल और सिगरेट कारोबारों में भी सुधार देखने को मिला है। 

पेटीएम के एफडीआई प्रस्ताव को मंजूरी नहीं
वित्तीय सेवाओं के सचिव विवेक जोशी ने शुक्रवार को कहा, चीन से जुड़े निवेशों की निगरानी करने वाली अंतर-मंत्रालयी समिति ने अभी तक पेटीएम की भुगतान एग्रीगेटर इकाई में एफडीआई प्रस्ताव को मंजूरी नहीं दी है। इस पर जल्द ही फैसला होने की उम्मीद है।

रिकॉर्ड: विदेशी मुद्रा भंडार 4 अरब डॉलर बढ़ा
देश का विदेशी मुद्रा भंडार 19 जुलाई को समाप्त सप्ताह में 4 अरब डॉलर बढ़कर 670.857 अरब डॉलर की नई ऊंचाई पर पहुंच गया। आरबीआई के मुताबिक, इस दौरान विदेशी मुद्रा संपत्ति 2.57 अरब डॉलर बढ़कर 588 अरब डॉलर पहुंच गई। स्वर्ण भंडार भी 1.32 अरब डॉलर बढ़ा है।

सोना महंगा, चांदी में भी 400 रुपये की बढ़ोतरी
तीन सत्रों से जारी गिरावट से उबरकर सोना शुक्रवार को 50 रुपये महंगा होकर 70,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। चांदी भी 400 रुपये महंगी होकर 84,400 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। कॉमेक्स में सोना 2,416.4 डॉलर प्रति औंस रहा।

विदेशी निवेशकों ने दो दिन में 81 अरब रुपये के शेयर बेचे 
मोदी सरकार के 2024-25 का बजट पेश करने के बाद दो दिन में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने घरेलू बाजार में 81.06 अरब रुपये (96.8 करोड़ डॉलर) मूल्य के शेयरों की बिकवाली की है। बजट में डेरिवेटिव ट्रेड और इक्विटी निवेश में कैपिटल गेन्स पर कर में बढ़ोतरी से यह बिकवाली हुई है।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, एफपीआई ने मंगलवार को बजट पेश होने के पहले घरेलू बाजार में छह कारोबारी सत्र में 2.20 अरब डॉलर मूल्य के शेयरों की खरीदारी की थी। वहीं, इस साल अब तक एफपीआई ने भारतीय बाजार में 5.1 अरब डॉलर का शुद्ध निवेश किया है। एक्सिस म्यूचुअल फंड के मुख्य निवेश अधिकारी आशीष गुप्ता ने कहा, कैपिटल गेन्स टैक्स में वृद्धि स्पष्ट रूप से नकारात्मक है, भले ही दीर्घकालिक लाभ में वृद्धि मध्यम हो। इस बात पर भी अनिश्चितता है कि क्या 12.5 फीसदी की लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन्स कर दर में और वृद्धि होगी, जो बाजार पर दबाव पैदा कर सकती है। 

केनरा बैंक के सकल एनपीए में सुधार
केनरा बैंक का शुद्ध मुनाफा चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में 10 फीसदी बढ़कर 3,905 करोड़ रुपये पहुंच गई। कुल आय 29,823 करोड़ से बढ़कर 34,020 करोड़ रुपये पहुंच गई। बैंक का सकल एनपीए एक साल पहले के 5.15 फीसदी से कम होकर 4.14 फीसदी रह गया। 

एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक का शुद्ध मुनाफा बढ़ा
एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक का शुद्ध लाभ अप्रैल-जून में 387 करोड़ से बढ़कर 502 करोड़ रुपये पहुंच गया। कुल आय भी बढ़कर 4,315 करोड़ रुपये पहुंच गई। हालांकि, बैंक का सकल एनपीए मामूली बढ़कर 1.78 फीसदी पहुंच गया, जो एक साल पहले 1.76 फीसदी था। 

विजय माल्या पर सेबी की कार्रवाई

भारतीय प्रतिभूति व विनिमय बोर्ड (सेबी) ने शुक्रवार को एक आदेश जारी कर भगोड़े कारोबारी विजय माल्या को भारतीय प्रतिभूति बाजार में कारोबार करने से तीन साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया। यह कार्रवाई इस खुलासे के बाद की गई कि माल्या ने अपनी पहचान छिपाने के लिए जटिल लेनदेन के माध्यम से भारतीय प्रतिभूति बाजार में अपने पैसों का इस्तेमाल किया।

सेबी की मुख्य महाप्रबंधक अनीता अनूप के अनुसार, यूनाइटेड ब्रेवरीज के पूर्व प्रमुख और यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (यूएसएल) के बहुलांश शेयरधारक माल्या ने अप्रत्यक्ष रूप से अपनी कंपनियों के शेयरों के कारोबार की योजना बनाई और विदेशी संस्थागत निवेश (एफआईआई) मार्ग का उपयोग करते हुए यूबीएस एजी लंदन में बैंक खातों के माध्यम से यह लेनदेन किया गया। सेबी के आदेश के अनुसार, "इस तरह के कृत्य न केवल धोखाधड़ी वाले और भ्रामक हैं, बल्कि प्रतिभूति बाजार की अखंडता के लिए खतरा हैं।" माल्या पर पहली बार प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। सेबी ने इससे पहले माल्या पर यूएसएल के शेयरों में हेरफेर और अनुचित लेनदेन आरोपों में 1 जून 2018 से तीन साल के लिए प्रतिबंध लगाया था।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें कारोबार समाचार और Union Budget से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। कारोबार जगत की अन्य खबरें जैसे पर्सनल फाइनेंस, लाइव प्रॉपर्टी न्यूज़, लेटेस्ट बैंकिंग बीमा इन हिंदी, ऑनलाइन मार्केट न्यूज़, लेटेस्ट कॉरपोरेट समाचार और बाज़ार आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed