Biz Updates: वित्त वर्ष 24 में कोल इंडिया का उत्पादन 773.7 एमटी होने की संभावना, पढ़ें व्यापार की अहम खबरें
कोल इंडिया लिमिटेड ने उम्मीद जताई है कि वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी 773.7 मिलियन टन (एमटी) उत्पादन करेगी, जो पिछले वर्ष की तुलना में 10 प्रतिशत अधिक होगा। हालांकि, यह कंपनी के निर्धारित लक्ष्य 780 मिलियन टन से कम है। कोल इंडिया के चेयरमैन पी एम प्रसाद ने हाल ही में एक निवेशक सम्मेलन में कहा था कि साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड में भूमि संबंधी कुछ उत्पादन बाधाओं के कारण कमी का अनुमान लगाया था। गौरतलब है कि कंपनी ने वित्त वर्ष 2022-23 में अपना अब तक का सबसे अधिक 703.2 मीट्रिक टन उत्पादन दर्ज किया था।
रक्षा सचिव ने भारतीय तटरक्षक उत्तर-पश्चिम क्षेत्र का दौरा किया
रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने ने 28-29 मार्च को उत्तर पश्चिम भारतीय तटरक्षक क्षेत्र में सुविधाओं का जायजा लिया। पहले दिन इन्होंने ओखा में होवरक्राफ्ट रखरखाव इकाई (एचएमयू) के लिए तैयार बुनियादी ढांचे का उद्घाटन किया। अगले दिन गायत्री अरमाने ने इनाज गांव वेरावल में तटरक्षक ओटीएम और विवाह घर का उद्घाटन किया। रक्षा सचिव को ओखा में आईसीजी जेट्टी निर्माण कार्य की जानकारी दी गई।
एनबीसीसी ने नौरोजी नगर डब्ल्यूटीसी को सबसे बड़ी बोली के साथ 1905 करोड़ रुपये में बेचा है। पावर फाइनेंस कार्पोरेशन लिमिटेड, सिक्यूरिटी प्रिंटिंग एंड मिंटिंग कार्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड और सोलर एनर्जी कार्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड ने करीब 4.8 लाख वर्ग फुट के वाणिज्यिक स्थान को खरीदा है। कंपनी ने 25 ई-नीलामियों के माध्यम से अब तक 30 लाख वर्ग फुट से अधिक के वाणिज्यिक स्थान को बेचकर 12,000 करोड़ रुपये से अधिक का बिक्री मूल्य प्राप्त किया है।
उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक शोभन चौधुरी ने बताया कि उत्तर रेलवे ने स्क्रैप बिक्री में एक नया रिकॉर्ड बनाया है। उत्तर रेलवे ने वित्तीय वर्ष 2023-24 में 603.79 करोड़ रुपए अर्जित किये, जो कि उत्तर रेलवे के सालाना बिक्री लक्ष्य 500 करोड़ रुपये से अधिक है। उत्तर रेलवे स्क्रैप का निपटान कर भारतीय रेल की सभी क्षेत्रीय रेलों और उत्पादन इकाइयों में पहले स्थान पर रहा है। उत्तर रेलवे ने इस वित्त वर्ष 100 करोड़, 200 करोड़, 300 करोड़ और 400 करोड़ स्क्रैप बिक्री का लक्ष्य पहले ही हासिल कर लिया था।
जोमैटो को जीएसटी विभाग से 23.26 करोड़ रुपये का जीएसटी नोटिस मिला है। इसमें ब्याज और जुर्माना दोनों है। यह नोटिस वित्त वर्ष 2018-19 के लिए है। कंपनी ने एक बयान में कहा, कर्नाटक के जीएसटी विभाग से उसे यह नोटिस मिला है। कंपनी इसके खिलाफ अपील दायर करेगी।
आपका खाता एचडीएफसी बैंक में है तो एक अप्रैल को सैलरी मिलने में देरी हो सकती है। बैंक का कहना है कि एक अप्रैल को नेशनल इलेक्ट्रॉनिक फंड ट्रांसफर यानी एनईएफटी से लेनदेन नहीं होगा। ऐसे में अगर आप पैसा ट्रांसफर भी करना चाहते हैं तो वह भी नहीं होगा।
एचडीएफसी बैंक ने रविवार को ग्राहकों को ईमेल भेजकर कहा कि वित्त वर्ष का अंत होने के कारण एनईएफटी सुविधाएं बंद रहेंगी। अगर कुछ चुनिंदा ग्राहकों के लिए यह सुविधा उपलब्ध भी होगी तो भी उन्हें लेनदेन करने में देरी हो सकती है। इसलिए सोमवार को इस तरह के लेनदेन करने से बचें। एचडीएफसी बैंक ने ग्राहकों से कहा है कि वे एनईएफटी के बजाय आईएमपीएस या आरटीजीएस या यूपीआई जैसे तरीकों से लेनदेन कर सकते हैं।
2,000 के नोट आज नहीं बदले जाएंगे: आरबीआई ने भी कहा है कि 2,000 रुपये के नोट को एक अप्रैल को नहीं बदल पाएंगे। केंद्रीय बैंक का कहना है कि उसके सभी 19 कार्यालय सालाना हिसाब-किताब के लिए एक अप्रैल को बंद रहेंगे। इसलिए दो अप्रैल से नोट को बदला जा सकेगा। वैसे एक अप्रैल को खाताबही के सालाना हिसाब-किताब के कारण सभी बैंकों की अधिकतर शाखाएं बंद रहती हैं। ऐसे में ग्राहकों को बैंक शाखाओं में जाने से पहले उनको इसका पता कर लेना चाहिए। बैंकों, एलआईसी और आयकर कार्यालय वित्त वर्ष के अंतिम दिन यानी शनिवार और रविवार को खुले थे।
ईडी ने 433 करोड़ के क्रिप्टो, सोना और नकदी जब्त किए
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के प्रावधानों के तहत दिव्येश दर्जी और अन्य के मामले में अपराध की आय के रूप में 433 करोड़ रुपये की चल संपत्ति को जब्त किया है। ईडी के अनुसार यह जब्ती क्रिप्टोकरेंसी, सोना और नकदी (रुपये और डॉलर में) के रूप में की गई है।
विमानों के रद्द व देर होने पर विस्तारा ने दी ये प्रतिक्रिया
विस्तारा एयरलाइन ने पुष्टि की है कि उसकी कुछ उड़ाने बीते कुद दिनों में रद्द हुईं हैं या अपरिहार्य कारणों से देर हुई हैं। एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा है कि हम पुष्टि करते हैं कि विभिन्न परिचालन कारणों से पिछले कुछ दिनों में हमारे पास कई उड़ानें रद्द और अपरिहार्य देरी हुई हैं। हमारी टीमें स्थिति को स्थिर करने के लिए अथक प्रयास कर रही हैं।