Biz Updates: एचडीएफसी और एक्सिस बैंक पर 2.91 करोड़ जुर्माना; टाटा मोटर्स ने तीन लाख तक घटाए ई-वाहनों के दाम
एचडीएफसी और एक्सिस बैंक पर 2.91 करोड़ जुर्माना
आरबीआई ने अनुपालन में विफल रहने पर एक्सिस बैंक और एचडीएफसी बैंक पर 2.91 करोड़ का जुर्माना लगाया है। इसमें से एक्सिस बैंक पर 1.91 करोड़ और एचडीएफसी पर एक करोड़ रुपये का दंड लगा है। आरबीआई ने मंगलवार को कहा, दोनों बैंकों ने केवाईसी, जमा पर ब्याज दर और कृषि से संबंधित कर्ज के गारंटी जैसे नियमों का पालन नहीं किया था।
टाटा मोटर्स ने तीन लाख तक घटाए ई-वाहनों के दाम
टाटा मोटर्स ने इलेक्ट्रिक वाहनों (ई-वाहनों) के दाम तीन लाख रुपये तक घटा दिए हैं। इसमें नेक्सॉन ईवी की कीमत सबसे अधिक तीन लाख कम हुई है। पंच ईवी की 1.2 लाख रुपये और टियागो की 40,000 रुपये घटाई गई है। यह कटौती सीमित समय तक के लिए है। टाटा पैसेंजर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी विवेक श्रीवत्स ने कहा, इस कटौती के साथ हम ग्राहकों को लाभ देने को ई-वाहनों के लिए उच्च अधिग्रहण लागत संबंधी बाधा को तोड़ रहे हैं।
छोटे कारोबारों के लिए बढ़कर पांच लाख करोड़ रुपये होगी क्रेडिट गारंटी
सरकार ने अगले दो वर्षों में सूक्ष्म और लघु उद्यमों के लिए क्रेडिट गारंटी फंड ट्रस्ट (सीजीटीएमएसई) योजना के जरिये सूक्ष्म व लघु उद्यमों को दी जाने वाली क्रेडिट गारंटी को बढ़ाकर पांच लाख करोड़ रुपये करने का लक्ष्य रखा है।
अतिरिक्त सचिव और विकास आयुक्त (सूक्ष्म लघु व मध्यम उद्यम) रजनीश ने कहा, पिछले दो वर्षों में योजना के जरिये चार लाख करोड़ रुपये की ऋण गारंटी दी गई है। फिक्की के एक कार्यक्रम में मंगलवार को रजनीश ने कहा, 22 वर्षों में सीजीटीएमएसई के तहत 2.6 लाख करोड़ रुपये की ऋण गारंटी दी गई। लेकिन पिछले दो वर्षों में हमने चार लाख करोड़ रुपये की ऋण गारंटी दिया है। सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में एमएसएमई को संगठित क्षेत्र के दायरे में लाकर एक बड़े अंतर को पाट दिया है।
बैंक जमा की तुलना में अधिक कर्ज वृद्धि से बढ़ेंगी नकदी की चुनौतियां
बैंकों की ओर से दिए जाने वाले कर्ज की वृद्धि दर जमा की तुलना में अधिक होने से बैंकिंग प्रणाली के समक्ष आने वाले समय में नकदी की चुनौतियां पैदा हो सकती हैं। उद्योग मंडल फिक्की व भारतीय बैंक संघ (आईबीए) की संयुक्त रिपोर्ट के मुताबिक, कर्ज वृद्धि से तालमेल बनाए रखने के लिए बैंकों को जमा बढ़ाना होगा। साथ ही, कर्ज की लागत को भी कम रखना होगा।
रिपोर्ट में कहा गया है कि सर्वे के मौजूदा दौर में 67 फीसदी उत्तरदाता बैंकों ने कुल जमा में चालू खाता और बचत खाता (कासा) जमा की हिस्सेदारी कम होने की बात कही है। प्रतिभागी बैंकों से मिली जानकारी के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों में उच्च और आकर्षक दरों के कारण सावधि जमा में तेजी आई है। सर्वे में शामिल सार्वजनिक क्षेत्र के 80 फीसदी बैंकों ने 2024 की पहली छमाही में बचत एवं चालू खाते में जमा घटने की सूचना दी।
नई दिल्ली: डीजीसीए ने ईवीटीओएल विमानों के लिए दिशानिर्देश जारी किए
विमानन नियामक डीजीसीए ने ऐसे इलेक्ट्रिक विमानों के लिए उड़ान योग्यता प्रमाणन के दिशानिर्देश जारी किए हैं जो ऊर्ध्वाधर तरीके से उड़ान भरने और उतरने में सक्षम हैं। वर्टिकल टेक ऑफ और लैंडिंग सक्षम विमान (वीसीए) के प्रमाणन के लिए आधारभूत उड़ान योग्यता मानदंड को रेखांकित करने वाला एक सलाहकार परिपत्र जारी किया गया है। ये विमान विद्युत प्रणाली द्वारा संचालित होते हैं और इन्हें eVTOLs के नाम से जाना जाता है।नागरिक विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने बुधवार को एक विज्ञप्ति में कहा, "इस महत्वपूर्ण कदम का उद्देश्य प्रमाणन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करना तथा भारत में उभरती हुई ईवीटीओएल प्रौद्योगिकियों की सुरक्षा और विश्वसनीयता सुनिश्चित करना है।"
एपल : पांच माह में भारत से 5 अरब डॉलर के आईफोन का निर्यात
भारत में बने एपल के आईफोन के निर्यात में 50 फीसदी की तेजी आई है। कंपनी ने चालू वित्त वर्ष के शुरुआती पांच महीनों में 5 अरब डॉलर के आईफोन का निर्यात किया है। उत्पादन से जुड़ी योजना (पीएलआई) की मदद के कारण एपल का भारत से आईफोन निर्यात लगातार बढ़ रहा है। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के मुकाबले इस बार इसके निर्यात में 50 फीसदी की तेजी आई है।
सोना 500 रुपये महंगा, चांदी में भी उछाल
वैश्विक बाजारों में तेजी के बीच दिल्ली सराफा बाजार में सोना 500 रुपये महंगा होकर 74,600 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। चांदी भी 600 रुपये की तेजी के साथ 85,000 रुपये प्रति किलो पहुंच गई। दो दिन में सोना 1,000 रुपये महंगा हुआ है। ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के अनुसार, स्थानीय जूलरों और खुदरा विक्रेताओं की खरीदी के दम पर दोनों बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में तेजी देखी गई। वैश्विक बाजारों में सोना 2,550.90 डॉलर प्रति औंस पर और चांदी 29.11 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
ऑटो क्षेत्र ग्राहक सेवा और क्वालिटी पर दें ध्यान : गडकरी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग क्रांति के शिखर पर है। इसे ग्राहक सेवा, बिक्री के बाद और क्वालिटी पर ध्यान देने की जरूरत है। बुधवार को फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के कार्यक्रम में वीडियो संदेश में उन्होंने कहा, विशेष रूप से ग्राहक सेवा और क्वालिटी को लेकर। ऑटोमोबाइल वितरक मेक इन इंडिया के सरकारी मिशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
डिजिटल पहुंच वाले जमा के लिए बैंकों को ज्यादा रखनी होगी रकम
तेजी से बढ़ रही डिजिटल बैंकिंग बैंकों के लिए संकट भी बनता जा रहा है। पर्याप्त तरलता को बनाए रखने के लिए आरबीआई डिजिटल से जुड़ी जमाराशि के मामले में ज्यादा रकम अलग से रखने के फैसले पर कायम रह सकता है।
आरबीआई अगले साल अप्रैल से इस नियम को लागू करेगा। उससे पहले इंडियन बैंक एसोसिएशन ने आरबीआई से पांच फीसदी के नियम को घटाकर दो या तीन फीसदी तक करने की अपील की थी। जुलाई में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने प्रस्ताव दिया था कि इंटरनेट या मोबाइल बैंकिंग के माध्यम से तुरंत और ज्यादा निकासी के मामलों में बैंक जोखिमों को बेहतर ढंग से प्रबंधित करें। इसके लिए बैंकों को डिजिटल पहुंच वाली जमा पर पांच फीसदी की अतिरिक्त रकम अलग रखनी होगी।
चीन व वियतनाम से आने वाले स्टील पर 30% तक टैरिफ
घरेलू स्टील उद्योग को बढ़ावा देने के लिए वित्त मंत्रालय चीन और वियतनाम से आयातित कुछ स्टील उत्पादों पर 12 फीसदी से 30 फीसदी के बीच टैरिफ लगा सकता है। दोनों देशों से आने वाले वेल्डेड स्टेनलेस स्टील पाइप और ट्यूब पर 5 वर्षों के लिए कर लगाया जाएगा। सरकार ने अगस्त में वियतनाम से आयातित कुछ स्टील उत्पादों पर एंटी-डंपिंग जांच शुरू की थी।